सागर जिले में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बमोरी बीका में एक पेड़ के नीचे 20 साल पुराने पांच बम पड़े मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और सेना की बम डिस्पोजल टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और एक संदिग्ध एम्युनिशन को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बमोरी बीका गांव के सरपंच ने सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ठाकुर को सूचना दी कि गांव के पास एक पेड़ के नीचे बम जैसी पांच वस्तुएं लावारिस पड़ी हुई हैं। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को सील करते हुए सेना की यूनिट को सूचित किया।
ये भी पढ़ें-
ड्राइवर के घर से मिले 3.2 करोड़ मामले में लोकायुक्त का शिकंजा, रिटायर्ड इंजीनियर समेत चार पर FIR
चार बम थे पहले से निष्क्रिय, 1 को किया गया नष्ट
सेना की बम डिस्पोजल एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि वे एम्युनिशन की कैप थीं। आर्मी एक्सपर्ट्स के मुताबिक ये सभी अवशेष करीब 20 साल पुराने थे। जांच में 4 बम पहले से ही डिफ्यूज (निष्क्रिय) पाए गए, जबकि 1 पीस संदिग्ध था जिसमें विस्फोटक होने की आशंका थी। सेना की टीम ने बिना जोखिम लिए संदिग्ध बम को सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर दिया।
फायरिंग रेंज के पास का है इलाका: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि यह इलाका आर्मी की फायरिंग रेंज के समीप स्थित है। सैन्य अभ्यास के दौरान बचे हुए पुराने एम्युनिशन के अवशेष अक्सर इस तरह बहकर या पड़े रह जाते हैं। करीब डेढ़ महीने पहले भी यहां पुराना एम्युनिशन मिला था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई नया गोला-बारूद नहीं है और इनमें सामान्य रूप से विस्फोट की संभावना नहीं होती, क्योंकि इनका मैकेनिज्म काफी सुरक्षित होता है और हाई एक्सप्लोसिव विशेष प्रक्रिया से ही ऑपरेट होता है। सेना द्वारा एम्युनिशन के सुरक्षित निस्तारण के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।