सागर जिले के बंडा अनुविभाग के नौराज और घूघरा खुर्द गांवों में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों ने इस घटना को लेकर आपबीती सुनाई है। पढे़ं।
सागर जिले के बंडा अनुविभाग के ग्रामीण इलाकों में संदिग्ध जहरीली शराब ने तबाही मचा दी है। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सबसे ज्यादा असर ग्राम नौराज और घूघरा खुर्द में देखने को मिला है। अमर उजाला की टीम जब हादसे की जमीनी हकीकत जानने सबसे ज्यादा प्रभावित गांव नौराज पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद दर्दनाक था। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा था और कई घरों से रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं।
गलियों में बिखरी बोतलें, कैमरे के सामने बोलने से कतरा रहे लोग
नौराज की चौपालों और तंग गलियों में पहुंचने पर जगह-जगह देशी शराब की खाली बोतलें और क्वार्टर बिखरे दिखाई दिए। गांव में लोग झुंड बनाकर बैठे मिले, लेकिन खौफ के कारण कोई भी कैमरे के सामने खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि गांव में लंबे समय से गली-गली अवैध देशी और कच्ची शराब बेचे जाने की बात सामने आती रही है।
‘काका हाथ-पैर पटकने लगे... शरीर पर पड़ गए नीले निशान’
नौराज निवासी दिग्विजय लोधी (28) और करतार लोधी (30) की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। दोनों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। मृतक करतार लोधी की भतीजी ने उस रात की घटना बताते हुए कहा कि काका शराब पीकर घर लौटे थे। कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हाथ-पैर अकड़ने लगे और वे दर्द से तड़पते हुए माथे पर हाथ मारने लगे। परिजनों के अनुसार, कुछ ही देर में शरीर पर नीले निशान दिखाई देने लगे। हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
बीएमसी में तीन मरीजों की हालत गंभीर
गांव के चंद्रभान लोधी (48), अजय लोधी (30) और राघवेंद्र लोधी गंभीर हालत में सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती हैं। तीनों का इलाज आईसीयू में चल रहा है।
उजड़ गए हंसते-खेलते परिवार
मृतकों में शामिल कई लोग विवाहित थे और अपने पीछे छोटे बच्चों तथा रोते-बिलखते परिजनों को छोड़ गए हैं। एक के बाद एक 11 मौतों की सूचना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। पुलिस, राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें नौराज, घूघरा खुर्द और आसपास के गांवों में जांच व सर्च अभियान चला रही हैं। इलाके में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
1- फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी ग्वालियर अटैच, सहायक आयुक्त समेत तीन निलंबित; कार्रवाई
2- सागर में जहरीली शराब पीने से 10 या 15 मौतें?: विपक्ष ने कहा- आंकड़ा छिपा रही सरकार, सांठगांठ के भी आरोप लगाए
3- यूपी में तैयार होती थी मदिरा, फर्जी क्यूआर-रैपर लगाकर खपाई जाती थी; जानें कैसे होता था खेल