गौरीहार बस स्टैंड पर जलजमाव के हालात
- फोटो : अमर उजाला
जिले के गौरिहार में हो रही लगातार बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बस स्टैंड परिसर में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से चारों ओर पानी भर गया। हालात ऐसे रहे कि पूरा बस स्टैंड स्विमिंग पूल जैसा नजर आने लगा। जलभराव के बीच बच्चे वाहनों के ट्यूब के सहारे पानी में तैरते दिखाई दिए।
बस स्टैंड परिसर में पानी भरने के बाद कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। इससे दुकानदारों को सामान खराब होने की आशंका के साथ नुकसान उठाना पड़ा। जलभराव के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटे तक बस स्टैंड क्षेत्र में आवागमन और यातायात प्रभावित रहा।
ये भी पढ़ें: Anuppur: महेंद्र गोयनका से जुड़े मामले में आयकर विभाग की कार्रवाई, भाई मनीष के कर्मचारियों से घंटों पूछताछ
इन हालातों को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले बस स्टैंड की पुलिया और नालियों की सफाई नहीं कराई गई थी। यही वजह रही कि लगातार बारिश होने पर पानी की निकासी नहीं हो सकी और पूरा परिसर जलमग्न हो गया। लोगों का आरोप है कि हर साल बारिश में इसी तरह जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द पानी की निकासी कराने के साथ ही बस स्टैंड की नालियों और पुलिया की सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।