पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की
- फोटो : Amar Ujala
बैतूल जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रानीपुर थाना और घोड़ाडोंगरी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने झिलपा-धाराखोह नदी के आसपास अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धाराखोह नदी के किनारे जंगल और झाड़ियों में कुछ लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर महुआ की लहान सड़ाकर कच्ची शराब बनाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर सर्चिंग अभियान चलाया।
50 मटकों और 10 बड़े बर्तनों में मिली हजारों लीटर लहान
तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से करीब 50 मटकों और 10 बड़े बर्तनों में रखी हुई हजारों लीटर महुआ की लहान बरामद हुई। आरोपी लहान को मटकों में भरकर जमीन में गाड़कर और झाड़ियों में छिपाकर रख रहे थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पुलिस ने बरामद की गई पूरी लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिससे उससे कच्ची शराब न बनाई जा सके।
अस्थायी भट्टियां, चूल्हे और अड्डे किए ध्वस्त
इतना ही नहीं, पुलिस ने मौके पर शराब बनाने के लिए बनाई गई अस्थायी भट्टियों, चूल्हों और अड्डों को भी चिन्हित कर ध्वस्त करने की कार्रवाई की है। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
ये भी पढ़ें-
एमपी: शहपुरा टोल एक-दो दिन में होगा बंद, पुल बनने तक नहीं लगेगा शुल्क; लोकपथ एप पर मिलेगी बसों की जानकारी
अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश
बता दें कि एसपी वीरेंद्र जैन द्वारा जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध कच्ची शराब के सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है और कई बार जहरीली शराब पीने से लोगों की जान तक चली जाती है। साथ ही, इस अवैध कारोबार की वजह से क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं भी बढ़ती हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।