फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन पैरा गेम्स: मोना-निषाद और सौम्या-रिंकू ने जीता स्वर्ण, एथलेटिक्स में 3 गोल्ड; भारत को अब तक 11 पदक

Mon, 19 Oct 2026 05:14 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

एशियन पैरा गेम्स 2026 का पहला दिन भारत के लिए शानदार रहा। आज भारत खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीते, इनमें चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य शामिल हैं। आप यहां भारतीय एथलीट्स के प्रदर्शन पर नजर डाल सकते हैं...

विज्ञापन
सौम्या, रिंकू, निषाद और मोना ने स्वर्ण जीते हैं - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:44 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: भारत के पदक विजेता कौन-कौन हैं?

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने अब तक 10 पदक जीते हैं। इनमें चार स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

स्वर्ण पदक विजेता
 

  • निषाद कुमार: लॉन्ग जंप एफ47
  • सौम्या: 1500 मीटर टी12/टी13
  • रिंकू: भाला फेंक एफ46
  • मोना अग्रवाल: 10 मीटर एयर राइफल एसएच1

रजत पदक विजेता
 
  • अजीत सिंह: भाला फेंक एफ46
  • राधा वेंकटेश: 1500 मीटर टी12/टी13
  • कोकिला: जूडो जे2
  • रवि बुदिगिना: फ्रीस्टाइल तैराकी एस13
  • अवनी लेखरा: 10 मीटर एयर राइफल एसएच1
कांस्य पदक विजेता
 
  • कपिल परमार: जूडो जे1
  • रावन्नी वलासनैनी: 1500 मीटर टी11

भारत ने पैरा एथलेटिक्स, पैरा जूडो, तैराकी और पैरा शूटिंग में पदक जीते हैं।

04:37 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: भारत की स्वर्णिम हैट्रिक


भारत ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में कुछ ही समय के अंतराल में तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने अब तक चार स्वर्ण जीत लिए हैं। भारत के कुल पदकों की संख्या अब तक 11 हो गई है। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर आ गया है।
 

  • निषाद कुमार ने अपने डेब्यू में लॉन्ग जंप का स्वर्ण पदक जीता। वह हाई जंप में भी चैंपियन रह चुके हैं।
  • सौम्या ने गाइड भारत कुमार के साथ महिलाओं की टी12/टी13 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण अपने नाम किया।
  • वहीं, रिंकू ने पुरुषों की एफ46 भाला फेंक स्पर्धा में आखिरी प्रयास में 65.11 मीटर का थ्रो करके अजीत सिंह को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया।
  • इससे पहले मोना अग्रवाल ने शूटिंग में स्वर्ण जीता था। अवनि लेखरा को हराकर उन्होंने गोल्ड पर कब्जा जमाया था।

एशियन पैरा गेम्स 2026: खेलवार भारत का प्रदर्शन

खेल

स्वर्ण

रजत

कांस्य

कुल

पैरा एथलेटिक्स

3

2

1

6

पैरा जूडो

0

1

1

2

पैरा तैराकी

0

1

0

1

पैरा शूटिंग

1

1

0

2

कुल

4

5

2

11

भारत ने अब तक 4 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 11 पदक जीते हैं। पैरा एथलेटिक्स में भारत को सबसे ज्यादा छह पदक मिले हैं। पैरा शूटिंग में एक स्वर्ण और एक रजत पदक आया है।

04:59 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: कांस्य जीतने वाली रक्षित राजू अयोग्य घोषित

एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट रक्षित राजू को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इसके बाद स्पर्धा के आधिकारिक परिणामों में बदलाव किया गया है। उपलब्ध आधिकारिक परिणामों के अनुसार, रक्षित राजू को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद रावन्नी वलासनैनी को कांस्य पदक दिया गया है। हालांकि, फिलहाल रक्षित राजू को अयोग्य घोषित किए जाने के सटीक कारण की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। 

विज्ञापन
04:32 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: भाला फेंक में रिंकू ने आखिरी थ्रो में जीता स्वर्ण, अजीत सिंह को रजत

रिंकू ने पुरुषों की एफ46 भाला फेंक स्पर्धा में आखिरी प्रयास में 65.11 मीटर का थ्रो करके स्वर्ण पदक जीत लिया। वह प्रतियोगिता की शुरुआत से ही अजीत सिंह से पीछे चल रहे थे, लेकिन अपने अंतिम प्रयास में उन्होंने सबसे दूर भाला फेंककर बाजी पलट दी। अजीत सिंह को इस नतीजे से झटका लगा। उन्हें लग रहा था कि स्वर्ण पदक उनके नाम होगा, लेकिन रिंकू के शानदार अंतिम थ्रो ने उन्हें दूसरे स्थान पर धकेल दिया। इस तरह भारत ने दो और पदक अपने नाम किए।

04:26 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: सौम्या ने जीता स्वर्ण, रक्षित राजू ने 1500 मीटर टी11 में जीता कांस्य

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की सौम्या और राधा वेंकटेश ने महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 स्पर्धा में दो पदक जीते। सौम्या ने 5:12.39 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 621 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, राधा वेंकटेश ने 5:30.90 सेकंड का समय निकालकर 421 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

दृष्टिबाधित भारतीय एथलीट रक्षित राजू ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 1500 मीटर टी11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 5:31.45 मिनट का समय निकालकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया रवन्नी और उनके गाइड तबरेज खान चीन की शानशान और झेंगली के बाद रहे। वहीं, रक्षित के पूर्व गाइड राहुल बालकृष्ण रवन्नी वलासनैनी के साथ चौथे स्थान पर रहे।
 

विज्ञापन
04:04 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पैरा पावरलिफ्टिंग में मनीष चौथे स्थान पर रहे, पदक से चूके

भारत के मनीष कुमार पुरुषों की 59 किलोग्राम तक की पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा के फाइनल में मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गए। वह चौथे स्थान पर रहे। मनीष तीसरे और आखिरी प्रयास में 183 किलोग्राम वजन उठाने में नाकाम रहे, जिससे उनका कांस्य पदक जीतने का सपना टूट गया। वहीं, परमजीत सातवें स्थान पर रहे।

इराक के राधी मुस्तफा ने 212 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। चीन के योंगकाई क्यूई को रजत और कजाखस्तान के स्टानिस्लाव शाकियेव को कांस्य पदक मिला। शाकियेव भी तीसरे और आखिरी प्रयास में 183 किलोग्राम वजन नहीं उठा सके, लेकिन रैक की ऊंचाई के आधार पर उन्हें कांस्य पदक मिला।

तैराकी में हिमांशु नंदल भी पदक से चूके
भारत के हिमांशु नंदल पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस11 स्पर्धा के फाइनल में पदक जीतने में नाकाम रहे। इस स्पर्धा में चीन के तैराकों ने स्वर्ण और रजत पदक जीते, जबकि कजाखस्तान के खिलाड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

03:50 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: अब भाला फेंक की बारी

एशियाई पैरा खेलों में भारत के पास और पदक जीतने का मौका है। पुरुषों की एफ46 भाला फेंक स्पर्धा में भारत के रिंकू और अजीत सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। इस स्पर्धा में केवल तीन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच स्वर्ण और रजत पदक के लिए मुकाबला होने की संभावना है। स्पर्धा जल्द शुरू होने वाली है। बने रहिए हमारे साथ।

03:37 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पावरलिफ्टिंग में मनीष कुमार कांस्य पदक की दौड़ में

भारत के मनीष कुमार और परमजीत कुमार पुरुषों के 59 किग्रा तक के पावरलिफ्टिंग फाइनल में हिस्सा ले रहे हैं। मनीष फिलहाल कांस्य पदक की दौड़ में बने हुए हैं, जबकि परमजीत पदक की होड़ से बाहर हो गए हैं।

03:37 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: तैराकी में पुरुषों की फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में रवि कार्तिक ने जीता रजत

भारत के रवि कार्तिक बुडिगिना ने एशियाई पैरा खेल 2026 में तैराकी में रजत पदक जीता। उन्होंने पुरुषों की फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में 56.80 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। उज्बेकिस्तान के एगो बोलोतोव ने 52.90 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह भारत का इन एशियन पैरा गेम्स में छठा पदक है।

03:18 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पदक तालिका में सातवें स्थान पर भारत

एशियाई पैरा खेलों की पदक तालिका में भारत फिलहाल सातवें स्थान पर है। भारत ने अब तक दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक समेत कुल पांच पदक जीते हैं। पदक तालिका में चीन, जापान और कजाखस्तान शीर्ष तीन स्थानों पर बने हुए हैं।
 

देश

स्वर्ण

रजत

कांस्य

कुल

भारत

2

2

1

5

एथलेटिक्स 1 0 0 1

जूडो

0

1

1

2

निशानेबाजी

1

1

0

2

03:10 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: निषाद कुमार ने लंबी कूद में जीता स्वर्ण, भारत को मिला दूसरा गोल्ड

भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक! दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता निषाद कुमार ने पुरुषों की टी47 लंबी कूद स्पर्धा में 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में दो बार 7.11 मीटर की छलांग लगाई। निषाद ने दूसरे प्रयास में 7.09 मीटर की छलांग के साथ बढ़त हासिल की और तीसरे प्रयास में इसे 7.11 मीटर तक पहुंचा दिया। उन्होंने अंत तक अपना दबदबा बनाए रखते हुए खिताब जीत लिया।

लंबी कूद निषाद की दूसरी स्पर्धा है, लेकिन उन्होंने यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को प्रतियोगिता का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव ने 6.99 मीटर की छलांग के साथ रजत, जबकि श्रीलंका के मोहम्मदू सफरान ने 6.55 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।

02:46 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: टेबल टेनिस में भाविना पटेल ने पदक किया पक्का

भारत की भाविना पटेल ने पैरा टेबल टेनिस की महिला एकल क्लास 4-5 स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम एक पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए चीन की मियाओ झांग को 3-1 से हराया। भाविना ने यह मुकाबला 8-11, 11-6, 11-1, 11-6 से अपने नाम किया। पहला गेम गंवाने के बाद भाविना ने मुकाबले पर पकड़ बना ली। तीसरे गेम में उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को सिर्फ एक अंक लेने दिया। अब भाविना की नजरें इस पदक को स्वर्ण में बदलने और फाइनल में जगह बनाने पर होंगी।


02:28 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: कोकिला ने जीता रजत पदक

भारत की कोकिला को महिलाओं के जे2-52 किग्रा जूडो फाइनल में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उन्हें किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक क्यजी ने महज 21 सेकंड में इप्पोन के जरिए हराया। इसके साथ ही कोकिला का स्वर्ण पदक जीतने का सपना टूट गया। हालांकि, उन्होंने हांगझोऊ खेलों में 48 किग्रा वर्ग में जीते कांस्य पदक से बेहतर प्रदर्शन करते हुए इस बार रजत अपने नाम किया।

कोकिला ने सेमीफाइनल में चीन की यी लियू को 1-0 से हराकर कम से कम रजत पदक पक्का किया था। हरियाणा के जींद जिले की रहने वाली कोकिला ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में भी हिस्सा लिया था। अब उन्होंने एशियाई पैरा खेलों में रजत पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ लिया है।

02:28 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE:  निषाद कुमार ने लगातार तीसरी बार बेहतर किया अपना प्रदर्शन

निषाद कुमार ने लगातार तीसरी छलांग में अपना प्रदर्शन और बेहतर किया। बाकी खिलाड़ी उनकी पहली छलांग की बराबरी भी नहीं कर पा रहे हैं। भारत का दूसरा स्वर्ण पदक लगभग पक्का नजर आ रहा है।

02:03 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पैरा एथलेटिक्स में निषाद कुमार एक्शन में

निषाद कुमार पुरुषों की लंबी कूद टी47 स्पर्धा में हिस्सा ले रहे हैं। पहली बार यह ऊंची कूद विशेषज्ञ किसी बड़े टूर्नामेंट में लंबी कूद में भाग ले रहे हैं। निषाद पेरिस पैरालंपिक के रजत पदक विजेता हैं और ऊंची कूद में मौजूदा चैंपियन भी हैं। उन्होंने पिछले साल लंबी कूद का अभ्यास शुरू किया था और इस स्पर्धा में पदक के दावेदार हो सकते हैं।

निषाद कुमार की पहली छलांग
निषाद कुमार ने 6.95 मीटर की छलांग के साथ शानदार शुरुआत की। इस प्रयास के साथ ही वह सीधे शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।

02:02 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पावरलिफ्टिंग में पदक से चूकीं जसप्रीत कौर

भारत की जसप्रीत कौर महिलाओं के 45 किग्रा तक के पैरा पावरलिफ्टिंग फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं। वह अपने तीसरे और आखिरी प्रयास में 102 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहीं और पदक से चूक गईं। कजाखस्तान की ऐझान बेरिमकुलोवा ने आखिरी प्रयास में 101 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाकर कांस्य पदक जीता और जसप्रीत को पोडियम से बाहर कर दिया। चीन की लिंगलिंग गुओ ने 125 किग्रा वजन उठाकर विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कजाखस्तान की अलीना सोलोदुखिना ने 103 किग्रा के सर्वश्रेष्ठ सफल प्रयास के साथ रजत पदक जीता।

01:47 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पावरलिफ्टिंग में महिला 45 किग्रा फाइनल

भारत की जसप्रीत कौर दूसरे प्रयास में 102 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहीं। हालांकि, वह तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। उन्होंने शुरुआती दौर में भी यही स्थान हासिल किया था। वहीं, चीन और कजाखस्तान की खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाए रखा है। दोनों खिलाड़ी क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक की स्थिति पर कायम हैं।

01:20 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पावरलिफ्टिंग में महिला 45 किग्रा फाइनल

भारत की जसप्रीत कौर ने 100 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। शुरुआती दौर में अभी दो खिलाड़ियों के प्रयास बाकी हैं, ऐसे में मुकाबला रोमांचक बना हुआ है। हर खिलाड़ी को वजन उठाने के तीन प्रयास मिलेंगे। तीनों प्रयासों में उठाए गए सबसे अधिक सफल वजन के आधार पर अंतिम रैंकिंग तय होगी और पदकों का वितरण किया जाएगा।

01:19 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: जूडो में कपिल परमार ने पुरुषों के जे1-70 किग्रा वर्ग में जीता कांस्य

भारतीय जूडो खिलाड़ी कपिल परमार ने एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों के जे1-70 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। पेरिस पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद कपिल ने यहां भी दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंडोनेशिया के रफली अहनाफ शिदकी को महज एक मिनट और नौ सेकंड में इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

12:32 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: मिश्रित युगल बैडमिंटन में भारत का पदक पक्का

भारत के नितेश कुमार और तुलसीमथि मुरुगेसन ने मिश्रित युगल SL3-SU5 के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर लिया है। चीन की यांग जियानयुआन और यांग क्यूशिया की जोड़ी के खिलाफ वॉकओवर मिलने के बाद भारतीय जोड़ी ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद नितेश और तुलसीमथि ने चेन पेंगफेई और हुआंग जिक्सुआन को 21-4, 21-18 से हराया।

एकल मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों की जीत
पुरुष एकल SL3 मुकाबले में नितेश कुमार ने दक्षिण कोरिया के जू डोंगजे को 21-13, 21-15 से हराया। वहीं, पुरुष एकल SU5 के ग्रुप मुकाबले में ऋतिक रघुपति ने थाईलैंड के सोमसिरी प्रीचा को 21-12, 21-12 से मात दी।

12:25 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पदक तालिका

चीन पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि भारत फिलहाल दूसरे स्थान पर है।

देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल मेडल 
चीन 2 1 1 4
भारत 1 1 0 2
कजाखस्तान 1 1 0 2
जॉर्डन 1 0 0 1
मलयेशिया 1 0 0 1
दक्षिण कोरिया 0 1 2 3

11:58 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: निशानेबाजी में दो पदकों के बाद भारत की नजरें और पदकों पर

मोना अग्रवाल के स्वर्ण और अवनी लेखरा के रजत पदक जीतने के बाद भारत के पास आज दोपहर कई और पदक जीतने के मौके होंगे। इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें:
 

  • दोपहर 1:00 बजे: जसप्रीत कौर – महिला पैरा पावरलिफ्टिंग, 45 किग्रा तक फाइनल
  • दोपहर 1:30 बजे: गोपीचंद लिंगुतला और निरंजन मुकुंदन – पुरुष 400 मीटर फ्रीस्टाइल S7 फाइनल
  • दोपहर 1:38 बजे: वैश्णवी विनोद जगताप – महिला 400 मीटर फ्रीस्टाइल S8 फाइनल
  • दोपहर 1:40 बजे: निषाद कुमार – पुरुष लंबी कूद T47 फाइनल
  • दोपहर 2:30 बजे: परमजीत कुमार और मनीष कुमार – पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग, 59 किग्रा तक फाइनल
  • दोपहर 2:57 बजे: रवि कार्तिक बुडिगिना – पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 फाइनल
  • शाम 4:03 बजे: रक्षित राजू और रवन्नी वलसानी – महिला 1500 मीटर T11 फाइनल
  • शाम 4:30 बजे: प्रणव देसाई – पुरुष 200 मीटर T64 फाइनल
  • शाम 4:46 बजे: अजय हिंदुराव भोसले और कपिल कुमार – पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल S10 फाइनल

क्या निशानेबाजी में मिले दो पदकों के बाद भारतीय खिलाड़ी पदक तालिका में और इजाफा कर पाएंगे?

11:57 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पैरा बैडमिंटन में नितेश-तुलसीमथि ने पक्का किया पदक

भारत के नितेश कुमार और तुलसीमथि मुरुगेसन ने मिश्रित युगल SL3-SU5 के सेमीफाइनल में जगह बनाकर बैडमिंटन में कम से कम एक पदक पक्का कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने अपने अजेय अभियान को जारी रखा। शुरुआती मुकाबले में वॉकओवर मिलने के बाद दोनों ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने चीन के चेन पेंगफेई और हुआंग जिक्सुआन को केवल 23 मिनट में 21-4, 21-18 से हराया।

एकल मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों की जीत
एकल स्पर्धाओं में भी भारत के लिए अच्छी खबर रही। पेरिस पैरालंपिक चैंपियन नितेश कुमार ने पुरुष एकल SL3 मुकाबले में दक्षिण कोरिया के जू डोंगजे को 21-13, 21-15 से आसानी से हराया। वहीं, पुरुष एकल SU5 के ग्रुप चरण में ऋतिक रघुपति ने थाईलैंड के सोमसिरी प्रीचा को 21-12, 21-12 से मात दी।

11:16 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: मोना ने जीता निशानेबाजी में स्वर्ण, अवनि को रजत

महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 फाइनल में भारत को इससे रोमांचक मुकाबले की उम्मीद नहीं रही होगी। अवनि लेखरा ने शुरुआती बढ़त हासिल की। उन्होंने पहली सीरीज में 53.2 अंक जुटाए और दूसरी सीरीज के बाद उनका स्कोर 104.8 हो गया। वहीं, मोना अग्रवाल 102.9 अंकों के साथ उनके ठीक पीछे थीं। इसके बाद मोना ने अंतर कम करना शुरू किया। स्टेज-2 की पहली सीरीज के बाद वह 123.7 अंकों पर थीं, जबकि अवनि के 126.4 अंक थे। हालांकि, अगली सीरीज के बाद अवनि 146.8 अंकों के साथ आगे थीं और मोना के 144.7 अंक थे।

मुकाबले के दौरान दोनों निशानेबाजों के बीच बढ़त लगातार बदलती रही। स्टेज-2 की तीसरी सीरीज में मोना ने अवनि को पीछे छोड़ते हुए 165.7 अंक हासिल किए, जबकि अवनि के 167.2 अंक थे। इसके बाद अवनि ने फिर बढ़त बनाई। उनके 186.9 अंक थे, जबकि मोना 187.1 अंकों के साथ आगे निकल गईं। आखिरी सीरीज में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंत में मोना ने 250.0 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अवनि लेखरा ने 249.6 अंकों के साथ रजत पदक जीता। दोनों के बीच अंतर महज 0.4 अंक का रहा। दक्षिण कोरिया की ली युनरी 227.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। भारत के लिए यह शानदार नतीजा रहा। स्वर्ण और रजत पदक का फैसला बेहद मामूली अंतर से हुआ और दोनों भारतीय निशानेबाजों ने शीर्ष दो स्थान हासिल किए।
 

11:10 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: शूटिंग में गोल्ड और सिल्वर

2026 एशियाई पैरा खेलों में भारत ने शानदार शुरुआत की है। मोना अग्रवाल और अवनी लेखरा ने महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 के फाइनल में शीर्ष दो स्थान हासिल किए। मोना ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनी ने रजत पदक अपने नाम किया। खेलों की शुरुआत में ही भारत ने दुनिया में अपनी धाक जमा दी है।

11:08 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 फाइनल

फाइनल मुकाबला अब बेहद रोमांचक हो गया है और निर्णायक सीरीज करीब आ रही हैं। मोना अग्रवाल और अवनी लेखरा स्वर्ण और रजत पदक जीतने की स्थिति में हैं। आठवीं सीरीज के बाद दोनों भारतीय निशानेबाजों के बीच अंकों का अंतर बेहद मामूली है। मोना 228.8 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि अवनी 228.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अब देखना होगा कि भारत के लिए स्वर्ण पदक कौन जीतेगा?

10:56 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 फाइनल

अवनी लेखरा ने महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 के फाइनल में शुरुआती चार सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरी सीरीज के बाद उन्होंने कुल 104.8 अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान पर पहुंच गईं। वहीं, मोना अग्रवाल ने पहली दो सीरीज के बाद 102.9 अंक जुटाए और छठे स्थान पर हैं। वहीं, अवनि चार सीरीज के बाद 146.8 अंकों के साथ वह अब भी शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, मोना अग्रवाल थोड़ी पीछे चल रही हैं। चौथी सीरीज के बाद 144.7 अंकों के साथ वह पांचवें स्थान पर हैं।

10:10 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: जूडो में महिला J2 -52 किग्रा सेमीफाइनल

भारतीय जूडो खिलाड़ी कोकिला ने महिला J2 -52 किग्रा के सेमीफाइनल में चीन की मौजूदा विश्व चैंपियन यी लियू को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब वह दोपहर 12:30 बजे स्वर्ण पदक के मुकाबले में किर्गिस्तान की आइबिके उलानबेक क्यजी से भिड़ेंगी।

10:08 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: बैडमिंटन में SL3 और SU5

पैरा बैडमिंटन में भारत को दोहरी निराशा हाथ लगी। पुरुष एकल SL3 के ग्रुप चरण में उमेश कुमार को चीन के यी युझे के खिलाफ 11-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद ग्रुप चरण में उनका रिकॉर्ड एक जीत और एक हार का हो गया है। वहीं, पुरुष एकल SU5 वर्ग में राकेश पांडे को चीनी ताइपे के फांग जेन-यू ने 21-5, 21-9 से हराया। ग्रुप चरण में यह राकेश की लगातार दूसरी हार है।

09:16 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: निशानेबाजी में पुरुष 10 मीटर एयर राइफल SH1 में पदक से चूके स्वरूप उन्हालकर

एशियन पैरा गेम्स में भारत को निशानेबाजी में मामूली अंतर से पदक नहीं मिल सका। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा के फाइनल में स्वरूप उन्हालकर चौथे स्थान पर रहे। कजाखस्तान के येर्किन गब्बासोव ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया के जुनहो पार्क और जांगहो ली ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।

09:09 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पुरुष 10 मीटर एयर राइफल SH1 फाइनल

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा का फाइनल शुरू हो गया है। भारत के स्वरूप महावीर उन्हालकर और राकेश निदागुंडी निशाना लगा रहे हैं। दोनों ने क्वालिफिकेशन राउंड में अंतिम स्थानों पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। लाइव अपडेट के लिए जुड़े रहें!

09:01 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला J2 -52 किग्रा सेमीफाइनल

भारतीय जूडो खिलाड़ी कोकिला ने महिला J2 -52 किग्रा के सेमीफाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन चीन की यी लियू को हराकर सबको चौंका दिया। इस जीत के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब वह दोपहर 12:30 बजे स्वर्ण पदक के मुकाबले में किर्गिस्तान की आइबिके उलानबेक क्यजी से भिड़ेंगी।

08:32 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की

भारत की पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने महिला कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 704 अंक हासिल किए। इसके साथ ही उन्होंने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 698 अंकों के पिछले एशियाई रिकॉर्ड को छह अंकों के अंतर से तोड़ दिया।

08:31 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: जूडो, पुरुष J1 -70 किग्रा

पेरिस पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता कपिल परमार ने पुरुषों के J1 -70 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने मंगोलिया के बाट-एर्डेने बातारसुरेन को 4 मिनट 53 सेकंड में इप्पोन के जरिए हराकर अंतिम चार में अपना स्थान पक्का किया।

08:30 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पुरुष 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन SH1

राकेश निदागुंडी (619.3 अंक) और स्वरूप उन्हालकर (617.4 अंक) ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। दोनों भारतीय निशानेबाज क्वालिफिकेशन राउंड में क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर रहे। भारतीय जोड़ी अब सुबह 8:40 बजे शुरू होने वाले फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए निशाना लगाएगी।

08:29 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1

मोना सिंह और अवनी लेखरा का क्वालिफिकेशन राउंड पूरा हो गया है। छह सीरीज के बाद कुल 629.1 अंक हासिल कर मोना ने एशियन पैरा गेम्स का क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हालांकि, वह 629.4 अंकों के विश्व रिकॉर्ड से मामूली अंतर से चूक गईं। यह रिकॉर्ड उनकी हमवतन अवनी लेखरा और स्लोवाकिया की वाकोविचोवा वेरोनिका के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। वहीं, अवनी लेखरा 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही हैं। हालांकि, कुछ अन्य खिलाड़ियों का क्वालिफिकेशन राउंड अभी पूरा होना बाकी है।

08:28 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला W1 तीरंदाजी में स्वाति चौधरी शीर्ष पर

भारत की स्वाति चौधरी ने महिला W1 तीरंदाजी स्पर्धा के रैंकिंग राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया। छह खिलाड़ियों के इस मुकाबले में उन्होंने 648 अंक हासिल किए, जो गेम्स रिकॉर्ड भी है। इसके साथ ही स्वाति ने शीर्ष वरीयता हासिल की।

08:28 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पुरुष रिकर्व तीरंदाजी रैंकिंग राउंड

हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व रैंकिंग राउंड पूरा कर लिया है। हरविंदर 631 अंकों के साथ पांचवें और विजय 630 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे। दक्षिण कोरिया के क्वाक गॉनह्वी ने 661 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि इंडोनेशिया के खोलिदीन 640 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 

08:26 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पैरा बैडमिंटन, मिश्रित युगल में भारतीय जोड़ियों का दमदार प्रदर्शन

आज दोनों भारतीय जोड़ियों ने शानदार शुरुआत की। नितेश कुमार और तुलसीमती मुरुगेसन ने ग्रुप बी में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने चीन के पेंगफेई चेन और जिक्सुआन हुआंग को 21-4, 21-18 से हराया। यह मुकाबला केवल 23 मिनट चला। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ग्रुप में अजेय बनी हुई है।

मानसी-रुथिक ने पहली जीत दर्ज की
वहीं, मानसी जोशी और रुथिक रघुपति ने शुरुआती दो हार के बाद वापसी करते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने कैथलीन पेड्रोसा और खियान काइल उर्बानो को 21-5, 21-15 से हराया। प्रत्येक जोड़ी को ग्रुप में तीन मुकाबले खेलने हैं। इनमें से शीर्ष छह जोड़ियां क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

08:26 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: तीरंदाजी और बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ी मैदान में

पहले दिन तीरंदाजी में पायल नाग और शीतल देवी महिला कंपाउंड व्यक्तिगत और युगल क्वालिफिकेशन में चुनौती पेश कर रही हैं। वहीं, हरविंदर सिंह और विजय सुंडी पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत और युगल क्वालिफिकेशन में हिस्सा ले रहे हैं। पैरा बैडमिंटन में अल्फिया जेम्स, प्रेम कुमार, नितेश कुमार, रुथिक रघुपति, प्रमोद भगत और सुकांत कदम समेत कई भारतीय खिलाड़ी अपने अभियान की शुरुआत कर रहे हैं।

08:25 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पहले दिन भारत की चुनौती शुरू

एशियन पैरा गेम्स के पहले दिन भारत की चुनौती शुरू हो गई है। आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ी तीरंदाजी, बैडमिंटन और निशानेबाजी समेत विभिन्न स्पर्धाओं में उतर रहे हैं। भारत के 168 सदस्यीय दल में सुमित अंतिल और अवनी लेखरा जैसे पैरालंपिक सितारे शामिल हैं। भारतीय टीम की नजरें हांगझोऊ में पिछले संस्करण में जीते गए 111 पदकों से बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

08:21 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स: मोना-निषाद और सौम्या-रिंकू ने जीता स्वर्ण, एथलेटिक्स में 3 गोल्ड; भारत को अब तक 11 पदक

एशियन पैरा गेम्स के पहले दिन भारत की चुनौती शुरू हो गई है। आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ी तीरंदाजी, बैडमिंटन और निशानेबाजी समेत विभिन्न स्पर्धाओं में उतर रहे हैं। भारत के 168 सदस्यीय दल में सुमित अंतिल और अवनी लेखरा जैसे पैरालंपिक सितारे शामिल हैं। भारतीय टीम की नजरें हांगझोऊ में पिछले संस्करण में जीते गए 111 पदकों से बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें