अभिषेक शर्मा के शानदार अर्धशतक की मदद से भारत ने पहले टी20 मैच में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में भारत ने 13.4 ओवर में तीन विकेट पर 157 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए अभिषेक ने दमदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगााया। अभिषेक ने ईशान किशन के साथ मिलकर साझेदारी निभाई।
अभिषेक ने 32 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। उनके अलावा ईशान किशन ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। संजू सैमसन 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर नाबाद आठ और तिलक वर्मा तीन रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी ने दो विकेट झटके, जबकि अजमातुल्लाह ओमरजई को एक विकेट मिला।
भारत को ईशान किशन के रूप में तीसरा झटका लगा है। ईशान अर्धशतक लगाने से चूक गए और 33 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को अभिषेक शर्मा के रूप में दूसरा झटका लगा है। अभिषेक शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 32 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए।
पहला झटका लगने के बाद अभिषेक और ईशान किशन ने तूफानी पारी खेली। भारत ने पावरप्ले समाप्त होने तक एक विकेट पर 82 रन बनाए हैं। भारत को अब जीत के लिए 84 गेंदों पर 75 रन बनाने हैं।
भारत को संजू सैमसन के रूप में पहला झटका लगा है। सैमसन ने अभिषेक के साथ मिलकर पारी की शुरुआत की, लेकिन वह आठ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन उतरे हैं।
अजमातुल्लाह ओमरजई के नाबाद अर्धशतक की मदद से अफगानिस्तान ने भारत को 157 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अफगानिस्तान ओमरजई की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए ओमरजई ने 44 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। ओमरजई ने शिवम दुबे के आखिरी ओवर से 21 रन जुटाए जिससे अफगानिस्तान चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने 43 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ओमरजई ने मोहम्मद नबी के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी हुई। नबी 27 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। ओमरजई टिके रहे और उन्होंने टी20 करियर का अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। अफगानिस्तान के लिए सेदिकुल्लाह अटल ने 13, इब्राहिम जादरान ने 11 रन बनाए। वहीं, मुजीब उर रहमान नौ रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला।
अजमातुल्लाह ओमरजई ने भारत के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। ओमरजई का टी20 प्रारूप में यह दूसरा पचासा है।
अफगानिस्तान को नूर अहमद के रूप में आठवां झटका लगा है। नूर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। नूर खाता भी नहीं खोल सके।
अर्शदीप सिंह ने राशिद खान को आउट कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई है। राशिद एक रन बनाकर आउट हुए।
अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद नबी को आउट कर अफगानिस्तान को छठा झटका दिया है। नबी 27 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। नबी और ओमरजई के बीच 83 रनों की साझेदारी हुई।
पांच झटके लगने के बाद मोहम्मद नबी और अजमातुल्लाह ओमरजई ने अफगानिस्तान की पारी को संभाला है। इन दोनों के बीच साझेदारी पनप रही है। 13 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर पांच विकेट पर 79 रन है।
अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। अफगानिस्तान को 43 रन के स्कोर पर पांचवां झटका लगा है। वरुण चक्रवर्ती ने डारविश रसूली को अपना शिकार बनाया जो दो रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान को 41 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा है। अक्षर पटेल ने गुलबदिन नईब को अपना शिकार बनाया जो छह गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम को सेदिकुल्लाह अटल के रूप में तीसरी सफलता मिली है। अर्शदीप ने सेदिकुल्लाह को अपना शिकार बनाया जो 13 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान को इब्राहिम जादरान के रूप में दूसरा झटका लगा है। जादरान रन आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। जादरान और सेदिकुल्लाह अटल के बीच साझेदारी पनप रही थी। जादरान 10 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। बुमराह ने टी20 प्रारूप में 350 विकेट पूरे कर लिए हैं। वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ऐसा कर चुके हैं।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में भारत को सफलता दिलाई है। बुमराह ने रहमानुल्लाह गुरबाज को अपना शिकार बनाया जो खाता खोले बिना आउट हुए।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, डारविश रसूली, अजमातुल्लाह ओमरजई, गुलबदिन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। श्रेयस ने बताया है कि आज के मैच में वैभव सूर्यवंशी और वाशिंगटन सुंदर नहीं खेल रहे हैं। राहत की बात यह है कि ईशान किशन मैच के लिए फिट हैं और प्लेइंग-11 का हिस्सा हैं।
एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम के पास तैयारी का यह सुनहरा मौका है क्योंकि अफगानिस्तान के बेहतरीन स्पिनरों राशिद खान, नूर अहमद और मुजीबुर रहमान का सामना करना होगा। तेज गेंदबाजों में उनके पास फजलहक फारूकी, नवीनुल हक, ऑलराउंडर गुलबदिन नायब और अजमतुल्लाह उमरजइ शामिल हैं। शीर्षक्रम में चयन की दुविधा के अलावा भारत को स्पिनरों में से भी चुनना होगा। गंभीर का भरोसा ऑलराउंडर पर अधिक रहता है जिससे अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर के खेलने की संभावना अधिक है। यह देखना होगा कि भारत वरुण चक्रवर्ती के रूप में तीसरे स्पिनर को उतारता है या तेज गेंदबाज यश ठाकुर को मौका मिलता है। बुमराह और अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी का मोर्चा संभालेंगे।
भारत के लिए इस सीरीज से पहले चिंता की बात फॉर्म में चल रहे ईशान किशन की चोट है। ईशान को शुक्रवार को नेट अभ्यास के दौरान कमर में चोट लगी थी। दलीप ट्रॉफी फाइनल में 270 और 80 रन बनने वाले ईशान हालांकि खेलने को बेताब होंगे क्योंकि भारत के लिए अब वह इसी प्रारूप में नियमित खेलते हैं। अगर ईशान किशन नहीं खेल पाते हैं तो सूर्यवंशी और सैमसन दोनों को मौका मिल सकता है।
शुक्रवार की शम को अभ्यास सत्र के दौरान सूर्यवंशी की तुलना में सैमसन अधिक संतुलित नजर आए। सूर्यवंशी को जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर सहज होकर खेलने में समय लगा क्योंकि पिच से भी बुमराह की गेंदों को मदद मिल रही थी। यह भी हो सकता है कि लगातार लाल गेंद के तीन मैच खेलने के बाद सूर्यवंशी को सामंजस्य बिठाने में समय लग रहा हो। वैसे अफगानिस्तान के पास बुमराह जैसा कोई गेंदबाज नहीं है। अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने सूर्यवंशी को फुटवर्क का इस्तेमाल नहीं करने पर भी दिक्कत नहीं आएगी। सैमसन की बात करें तो तीन पारियों में नाकामी के बाद उन्हें इंग्लैंड दौरे से बाहर करना ज्यादती था। सूर्यवंशी को लेकर हालांकि, हाइप इतनी बढ़ गई थी कि टीम प्रबंधन ने जनता की मांग पर फैसला लिया भले ही बार बार वे कहते हों कि बाहरी आवाज का असर नहीं होता।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। इस मैच में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसे खेलने का मौका मिलता है। वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और अब वह नियमित रूप से भारतीय टीम का हिस्सा हैं। लेकिन अभी भी वैभव प्लेइंग-11 में अपना स्थान पक्का नहीं कर पाए हैं क्योंकि उनकी प्रतिस्पर्धा सैमसन के साथ होती है।
सूर्यवंशी को इंग्लैंड में सैमसन की जगह प्लेइंग-11 में जगह दी गई थी, लेकिन सीरीज के आखिरी मैच में 15 वर्ष के सूर्यवंशी की जगह सैमसन को उतारा गया। टी20 प्रारूप में सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी कामयाब रही है। उम्मीद है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर जापान में होने वाले एशियाई खेलों की प्लेइंग-11 तय करने से पहले सैमसन और सूर्यवंशी दोनों को बराबर मौके देंगे।
Today Cricket Live Score IND vs AFG 1st T20i 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच आज पहला टी20 मुकाबला खेला जा रहा है। एशियाई खेलों से पहले तैयारियों को परखने का यह अच्छा अवसर है। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली भारतीय टीम की नजरें सीरीज में बढ़त हासिल करने पर होंगी।