फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू में भारी बारिश से हाहाकार: सड़कें बनीं दरिया, जलभराव और भूस्खलन से मची अफरा-तफरी, एक महिला लापता

Sun, 11 Oct 2026 04:29 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

जम्मू में रविवार को भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई इलाकों में जलभराव, घरों-दुकानों में पानी घुसने और भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ जबकि रायपुर डोमाना में बाढ़ के तेज बहाव में बहने से 27 वर्षीय महिला लापता हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ महिला की तलाश में जुटी हैं।
विज्ञापन
जम्मू में भारी बारिश और कई इलाकों में जलभराव - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू में रविवार सुबह हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई इलाकों में सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रायपुर डोमाना इलाके में अचानक आई बाढ़ के पानी में बहने से 27 वर्षीय महिला लापता हो गई। पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें महिला की तलाश में जुटी हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई बारिश तीन घंटे से अधिक समय तक जारी रही। इससे शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात प्रभावित हुआ। पंजतीर्थी, नगरोटा, रूप नगर, डोगरा चौक, दुर्गा नगर, शक्ति नगर और रायपुर डोमाना सहित कई इलाकों में स्थिति खराब रही। पानी भरने से कारों और दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।

पति को बचाया, महिला की तलाश जारी
रायपुर डोमाना में एक महिला अपने पति के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी अचानक आए तेज पानी के बहाव में दोनों बह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के पति को बचा लिया गया, लेकिन महिला का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसकी तलाश शुरू की। महिला की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

भूस्खलन से यातायात प्रभावित
भारी बारिश के कारण पंजतीर्थी-सिदड़ा और सिदड़ा-नगरोटा सड़क मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। इससे मलबा सड़क पर जमा हो गया और वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। अधिकारियों ने मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए कर्मचारियों और मशीनों को तैनात किया है।

प्रशासन ने लोगों को संवेदनशील मार्गों पर सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

बोहड़ी और आनंद नगर में भी जलभराव
जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने बताया कि बोहड़ी और आनंद नगर सहित कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घरों में पानी घुसने और सड़कों पर जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि मानसून का मौसम लगभग समाप्त होने के बाद इतनी तेज बारिश अप्रत्याशित थी। महज दो घंटे में कई क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ।
विज्ञापन

विधायक के अनुसार नवरात्र के पहले दिन कई परिवार घरों में पूजा की तैयारी कर रहे थे। ऐसे में अचानक आई बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने इन इलाकों में किसी की जान जाने की सूचना नहीं होने की बात कही।

हालांकि, रायपुर डोमाना में महिला के लापता होने की अलग घटना सामने आई है। प्रशासन और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें