प्रशासन ने दिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जिले के विभिन्न हिस्सों में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। कालाकोट क्षेत्र के सियालसुई इलाके में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा होने की सूचना है। क्षेत्र में बहने वाली नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
सोमवार शाम करीब 7 बजे कालाकोट के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हुई, जिसके बाद नदी का पानी बढ़ गया और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिली। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और स्थानीय लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उधर, दरहाल और थन्नामंडी क्षेत्रों में भी शाम के समय भारी बारिश होने की जानकारी मिली है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण जलस्रोतों और नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया। बारिश का असर राजोेरी शहर में भी देखने को मिला, जहां शाम के समय हल्की बारिश हुई, हालांकि कुछ समय बाद बारिश रुक गई।
दरहाल और थन्नामंडी के ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण राजोेरी क्षेत्र से गुजरने वाली मनावर नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। नदी में पानी बढ़ने के बाद आसपास के लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, विशेषकर नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से जलधाराओं के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
बारिश के कारण जिले के निचले इलाकों में जलभराव और तेज बहाव की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने की स्थिति में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा जाए।