बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा पीठ ने रविवार रात कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के छह कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया। गोवा पुलिस ने राजधानी पणजी के आजाद मैदान में प्रदर्शन के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था। हिरासत में लिए गए लोगों में होटल कारोबारी जैक सुखीजा, कार्यकर्ता आमरीन शेख, आदित्य परुलेकर और भूपेश बिन समेत अन्य शामिल थे। अधिवक्ता मेलिसा सिमोस ने अवैध हिरासत के खिलाफ बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता नोर्मा अल्वारेस ने जस्टिस वाल्मीकि मेनेजेस और जस्टिस अमित जमसांडेकर की पीठ के सामने पक्ष रखा। अल्वारेस ने बताया कि सुनवाई शाम 7.30 बजे शुरू हुई और रात 8.45 बजे समाप्त हुई।ऑनलाइन सुनवाई में शामिल सरकारी वकील ने आश्वासन दिया कि सभी छह लोगों को तुरंत रिहा कर दिया जाएगा। अब इस मामले की सोमवार को सुनवाई होगी।
गुजरात: कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस के काम में बाधा डालने का आरोप
कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर में FIR दर्ज की गई है। पेठापुर पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी में मेवाणी पर अपने समर्थकों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचकर पुलिसकर्मियों को सरकारी काम करने से रोकने का आरोप लगाया गया है। FIR के मुताबिक, 9 अक्टूबर को गांधीनगर में चुनाव प्रचार के दौरान पुलिस पेठापुर पुलिस स्टेशन में कांग्रेस उम्मीदवार से जुड़ी एक शिकायत के मामले में उनका बयान दर्ज कर रही थी। इसी दौरान जिग्नेश मेवाणी अपने समर्थकों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पुलिस के काम में बाधा डाली। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इनमें गैरकानूनी जमावड़ा, साझा उद्देश्य के तहत किए गए अपराध की जिम्मेदारी, दंगा करने, सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और आपराधिक धमकी देने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। प्राथमिकी में जानबूझकर अपमान करने, लोगों में डर या अफवाह फैलाने, समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाने और नफरत या दुर्भावना को बढ़ावा देने से संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
रैगिंग: जूनियर डॉक्टर की आत्महत्या मामले में दो सीनियर रेजिडेंट गिरफ्तार
गुजरात के सूरत स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में छात्र हर्ष पंड्या की आत्महत्या के करीब दो महीने बाद पुलिस ने रविवार को दो सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को गिरफ्तार किया। उन पर पंड्या समेत 10 जूनियर छात्रों को प्रताड़ित करने और रैगिंग का आरोप है। सहायक पुलिस आयुक्त जेड देसाई ने बताया कि आरोपी दीक्षिता घेवरिया और हिना भूत को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पंड्या का शव उसके छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद से गिरफ्तारी से बच रही थीं। पुलिस ने इस मामले में सरकारी मेडिकल कॉलेज के द्वितीय वर्ष के चार स्नातकोत्तर छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। देसाई के अनुसार, कॉलेज की एंटी-रैगिंग समिति ने पाया कि आरोपियों ने पंड्या को रैगिंग के जरिये प्रताड़ित किया था। मामले में शामिल अन्य आरोपी निराली वसावे और अनुज माहेश्वरी अभी भी फरार हैं। खटोदरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
परीक्षा के दिनों में रैलियों पर लगे रोक : संसदीय समिति
एक संसदीय समिति ने प्रतियोगी परीक्षाओं के दिन जिला प्रशासनों को रैलियों, जुलूसों या सार्वजनिक आयोजनों की अनुमति न देने की सिफारिश की है ताकि ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था का इंतजाम पहले से ही ठीक रहे और किसी भी उम्मीदवार पर बाहरी गड़बड़ी का असर न पड़े। कांग्रेस राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक की अध्यक्षता वाली शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय समिति ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में सुधारों से जुड़ी अपनी रिपोर्ट शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति को सौंपी। यह रिपोर्ट नीट पेपर लीक विवाद और एटीए में प्रशासनिक कमियों के बाद आई है। समिति ने सिफारिश की है कि सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2024 में संशोधन किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ट्रैफिक जाम या बाहरी बाधाओं के कारण कोई भी छात्र परीक्षा से न चूके। देरी से पहुंचने वालों को बचे समय के लिए परीक्षा देने की मिले इजाजत : समिति ने कुछ मिनट की देरी से पहुंचने वाले छात्रों को प्रवेश न मिलने पर चिंता जताई है। सुझाव दिया है कि हस्ताक्षर कराकर छात्रों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाए।