गुजरात पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : ANI
देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 10 अक्तूबर यानी आज विरोध प्रदर्शन का एलान किया था। इस विरोध प्रदर्शन से पहले, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के युवा विंग से जुड़े लोगों समेत कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि अहमदाबाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया या नजरबंद कर दिया। इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को अहमदाबाद से नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द कर दी है। कुछ कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शन से पहले, शुक्रवार को ही उन्हें हिरासत में लिया गया या नजरबंद कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: हल्लाबोल: प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की जगह कोई नया स्थान तय करे सरकार, सुप्रीम कोर्ट ने क्यों कहा ऐसा?
अहमदाबाद पुलिस ने क्या कहा?
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने शनिवार को कहा कि जरूरत के हिसाब से कार्रवाई की गई थी और अभी कोई भी हिरासत में नहीं है। कार्यकर्ता देव देसाई ने आरोप लगाया कि उन्हें शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक नजरबंद रखा गया। उन्होंने दावा किया, 'मुझे आज सुबह तक नजरबंद रखा गया। शुक्रवार सुबह से ही मेरे घर के बाहर पुलिस तैनात थी। वे शनिवार सुबह चले गए। मेरा दिल्ली जाने का कोई प्लान नहीं था, लेकिन हमारे खिलाफ कार्रवाई सिर्फ इसलिए की गई क्योंकि हम एक्टिविस्ट हैं।
थिएटर डायरेक्टर ने क्या आरोप लगाए?
थिएटर डायरेक्टर सावन जलारिया ने दावा किया कि पुलिस कुछ छात्रों के घर गई और उनसे पूछा कि क्या वे दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने या यहां कोई प्रदर्शन आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। पुलिसकर्मी मेरे घर आए, कुछ सवाल पूछे और चले गए। उन्हें शक था कि मैं दिल्ली जाने की योजना बना रहा हूं। उन्होंने छोटी-मोटी बातें पूछीं और चले गए। मेरा ऐसा कोई प्लान (दिल्ली जाने का) नहीं था। पुलिसकर्मी उन कई छात्रों के घर भी गए जिन्हें पहले विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में हिरासत में लिया गया था, ताकि उनसे पूछताछ की जा सके। जलारिया ने दावा किया कि वे रैंडम तरीके से जांच कर रहे हैं कि ये छात्र दिल्ली जा रहे हैं या नहीं।
छात्र समूहों ने क्या योजना बनाई?
इस बीच, 'स्टूडेंट एंड यूथ कलेक्टिव' ग्रुप ने शनिवार शाम को सीजेपी के साथ एकजुटता दिखाने के लिए विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसमें एनएसयूआई, एसवाईसीए, एसएफआई, आरडीएमए, एआईएमएसएस जैसे कई युवा राजनीतिक समूहों के कार्यकर्ता शामिल होने की योजना बना रहे हैं। वडोदरा में भी छात्र कलेक्टिव ग्रुप द्वारा विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई गई है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद डिवीन के एक अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर शुक्रवार को अहमदाबाद से नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द कर दी गई थी।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट: राजस्थान के मजदूर को बड़ी राहत, 28 साल पुराने मामले में मिली जीत, जानिए क्या है पूरा मामला
क्यों हो रहा है विरोध-प्रदर्शन?
'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह प्रदर्शन वोटर लिस्ट में हेरफेर (खासकर स्पेशल इंटेंसिव रिविन- एसआईआर के दौरान) और वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले 'फॉर्म छह' से जुड़े बदलावों के आरोपों को लेकर किया जा रहा है। शनिवार को दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रंका को विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया।