पुलिस की एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी की मदद से दबोचा
पंजाब और हिमाचल से जुड़े अपराधियों का नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई पर टिकी निगाहें
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में फायरिंग की तीन वारदातों का बद्दी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब वारदातों के पीछे अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह और फिरौती के संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं जांच की कमान संभाली। पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी व साइबर साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार सिंह (29) निवासी रूपनगर, राजिंदर कुमार (29) निवासी बिलासपुर, देवेंद्र सिंह (34) निवासी आनंदपुर साहिब और अमृतपाल सिंह (32) निवासी रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पहली वारदात 14 अक्टूबर की देर रात गांव बूटा प्लासी में रणवीर सिंह के घर के बाहर हुई थी। दूसरी वारदात 23 अक्टूबर की मध्यरात्रि इसी गांव में मनप्रीत सिंह के घर के बाहर हुई, जहां चार राउंड फायरिंग की गई। इनमें से दो गोलियां उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगीं। तीसरी वारदात 25 अक्टूबर को गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर हुई, जहां बाइक सवार दो नकाबपोशों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी देवेंद्र सिंह को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस हथियारों की सप्लाई और वारदातों के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है।
इनसेट
क्षेत्र में फायरिंग, फिरौती और दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि धमकी या फिरौती की मांग मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। - विनोद धीमान, एसपी