इससे पहले भी बाईपास पर हुआ था भूस्खलन
मौके पर निर्माण कार्य में लगी जेसीबी की मदद से पत्थर और मलबा हटाकर यातायात दोनों तरफ से बहाल कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग ने भवन निर्माण कार्य में लगी जेसीबी से ही सड़क पर गिरे पत्थरों और मलबे को पूरी तरह हटाया, जिसके बाद सड़क को डबल लेन यातायात के लिए खोल दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कौंडल ने बताया कि पहाड़ी का स्ट्रेटा (चट्टानी परत) ढीला हो गया है। इसके चलते यहां दूसरी बार भूस्खलन हुआ है। उन्होंने स्थानीय लोगों और सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी से कभी भी पत्थर गिरकर सड़क तक आ सकते हैं। इससे पहले 18 जून को भी ढली-संजौली बाईपास पर पहाड़ी दरक गई थी। पहाड़ी के दरकने से भारी चट्टानें, एक पेड़ और टनों के हिसाब से मलबा संजौली-ढली बाईपास पर आ गया था और दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बंद रहा।।