जायका के तहत पांच स्कूलों के 150 विद्यार्थियों को मिलेगा सात दिन का प्रशिक्षण
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। युवाओं को खेती से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (जायका) ने बुधवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासनु में जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया। इसमें 51 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
हिमाचल सरकार और जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी के सहयोग से संचालित इस परियोजना के तहत मंडी जिले के पांच स्कूलों के 150 विद्यार्थियों को सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए एक स्कूल और पांच विद्यार्थियों का चयन होगा।
खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को परियोजना के उद्देश्यों, आधुनिक कृषि तकनीकों और खेती में स्वरोजगार व उद्यमिता की संभावनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में प्राकृतिक खेती, पॉलीहाउस तकनीक, जल संरक्षण, जलवायु अनुकूल खेती, नर्सरी तैयार करने, वर्मी कंपोस्ट बनाने और पोषण वाटिका स्थापित करने का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य लक्ष्मण दास, इंदर सिंह, पुष्प राज, गुरदेव, अश्वनी कुमार, आशीष और अंजलि ठाकुर उपस्थित रहे।