चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान में जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता चंबा की धाविका सीमा कुमारी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। सीमा की मौजूदगी से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए खेलों में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। इससे पहले उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने सीमा कुमारी को सम्मानित किया। इस दौरान सीमा ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया। सहायक उच्च शारीरिक शिक्षा अधिकारी चंबा योगेश चौणा ने बताया कि 200 मीटर छात्रा वर्ग में तीसा की असमीना बेगम प्रथम, चंबा की कीर्ति देवी द्वितीय और समोट की प्रिया कौशल तृतीय रहीं। छात्र वर्ग में किहार के सोहिल तनवीर ने पहला, उदयपुर के गौरव ने दूसरा और चंबा के विशाल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
100 मीटर छात्रा वर्ग में कीड़ी की हर्षिका कुमारी प्रथम रहीं, जबकि छात्र वर्ग में भरमौर के वरुण ने बाजी मारी। 3000 मीटर छात्र वर्ग में साहला के विशाल राणा और छात्रा वर्ग में भांदल की आरुषि ने प्रथम स्थान हासिल किया। ऊंची कूद छात्रा वर्ग में डलहौजी की आरुषि तथा छात्र वर्ग में सिंगाधार के रोहित सूर्य विजेता रहे। योगेश चौणा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी ने सम्मानित किया। सीमा से पुरस्कार प्राप्त कर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। ऐतिहासिक चौगान में आयोजित समारोह में खेल और मेहनत का जज्बा देखने को मिला।