बहादुरगढ़ के आसौदा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एनसीआर नहर में एक महिला और एक पुरुष के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव गांव जसौर खेड़ी से भैंसरू रोड पर रिलायंस नहर के पास मिले हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे महिला (उम्र लगभग 30 वर्ष) और पुरुष (उम्र लगभग 35 वर्ष) के शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही चल सकेगा।