फतेहाबाद। जिला बार एसोसिएशन ने कोर्ट परिसर में पार्किंग, जर्जर रास्तों और बिजली ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करवाने की मांग की।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सुभाष जांगू के नेतृत्व में सचिव शाहनवाज भट्टी, पूर्व प्रधान राजेंद्र कुकरेजा, विकास गढ़वाल और चंद्रमोहन ने उपायुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कोर्ट परिसर में पार्किंग की व्यवस्था सुधारने, बदहाल रास्तों का निर्माण करवाने और सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक ट्रांसफॉर्मर हटाने की मांग रखी।
पहले ज्ञापन में एसडीएम कोर्ट रूम और रिकॉर्ड रूम के पास खाली जगह तथा चैंबर बिल्डिंग और कोर्ट कैंटीन के बीच बने गड्ढों की समस्या उठाई गई। बार एसोसिएशन ने बताया कि बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे गंदगी और जलभराव की स्थिति बनती है। इससे बीमारियां फैलने का अंदेशा रहता है।
एसोसिएशन ने इन जगहों पर मिट्टी डलवाकर गड्ढे भरने और इंटरलॉकिंग टाइलें लगवाने की मांग की। इससे यहां व्यवस्थित पार्किंग बनाई जा सकेगी और वकीलों तथा आम लोगों को वाहन खड़े करने में सुविधा मिलेगी।
दूसरे ज्ञापन में कोर्ट परिसर के मुख्य रास्तों की खस्ता हालत का मुद्दा उठाया गया। एसोसिएशन के अनुसार पार्किंग गेट से मालखाना तक जाने वाले रास्ते का निर्माण जरूरी है। इसके लिए ग्रांट भी मंजूर हो चुकी है। बार ने निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की।
इसके अलावा पार्किंग गेट से एसबीआई बैंक शाखा के सामने तक के रास्ते को ऊंचा और चौड़ा करवाने की मांग भी रखी। रास्ते के पास जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
तीसरे ज्ञापन में जिला परिषद भवन के सामने और चैंबर कॉम्प्लेक्स के पिछले हिस्से में चैंबर बिल्डिंग के पास लगे ट्रांसफॉर्मर का मुद्दा उठाया गया। एसोसिएशन ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर नजदीक होने से भवन की मरम्मत का काम भी प्रभावित हो रहा है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बार ने ट्रांसफॉर्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और चैंबर बिल्डिंग में लगे बिजली मीटरों को भी उचित स्थान पर लगवाने की मांग की।