जिला भाजपा कार्यालय में तैयार की गई कार्ययोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को माधव मंडल की बैठक हुई। इसमें 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत रणनीति और कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता माधव मंडल अध्यक्ष शिवराज बागड़ी ने की।
मुख्य वक्ताओं ने अभियान के दूरगामी राजनीतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सुशासन, पारदर्शिता और अंत्योदय के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक है।
यह एक महीने का अभियान समाज के हर वंचित वर्ग तक सरकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का लाभ पहुंचाने का महायज्ञ है। बैठक में मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।
सेवा माह के कार्यक्रम
कौशिक ने बताया कि सेवा माह के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान और मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन होगा। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप श्योराण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन यात्रा काल को भारत के विकास और स्वाभिमान का स्वर्णिम दौर बताया। इस अवसर पर मनोज ढ़ाणा, प्रदीप प्रजापति, सुनील तलेजा, रमेश पचेरवाल, संजय शर्मा और संदीप सैनी मौजूद रहे।