हाल ही में तमिलनाडु सीएम और सुपरस्टार विजय यूके में चल रही अभिनेता-रेसर अजित कुमार की रेस से पहले उनका समर्थन करने पहुंचे थे। इस मुलाकात को लेकर विजय को आलोचना का सामना करना पड़ा। अब अभिनेता प्रकाश राज ने मुख्यमंत्री को ट्रोल करने वालों को विशेष संदेश दिया है। विजय और अजित की मुलाकात पर भी एक्टर ने अपनी राय दी। जानें क्या कहा प्रकाश ने….
सीएम विजय पर क्या बोले प्रकाश राज?
अभिनेता प्रकाश राज ने त्रिचि में हुई बातचीत में मीडिया से कहा, ‘विजय न केवल उन लोगों के मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने उन्हें वोट दिया, बल्कि उन लोगों के भी हैं जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया। उन्हें और समय दिया जाना चाहिए। उनकी सरकार के प्रदर्शन पर टिप्पणी करने से पहले कम से कम एक वर्ष का समय दिया जाना चाहिए। मुझे विजय को लेकर कई शंकाएं हैं। मैंने चुनाव से पहले भी इनके बारे में बात की थी, लेकिन वह जीत गए और सरकार बना ली। अभी सिर्फ 120 दिन हुए हैं, इसलिए अभी किसी नतीजे पर पहुंचना संभव नहीं है। हमें उन्हें समय देना होगा। अगर एक साल बाद भी वे ठीक से काम नहीं करते हैं, तो मैं उनसे सवाल करूंगा।’
विजय थलापति और अजित कुमार
- फोटो : एक्स
अजित कुमार से मिलने पर कही ये बात
प्रकाश राज ने सीएम विजय के अजित कुमार से मुलाकात करने पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘ उनका विदेश जाना और अपने दोस्त अजित से मिलना गलत नहीं है। असल में ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि क्या विजय अपनी यात्रा के उद्देश्य को पूरा कर पाए?’ उनका इशारा विजय के उस दावे की ओर था जिसमें इस यात्रा से उन्हें कई हजार करोड़ रुपये का निवेश लाने में मदद मिली।’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या है विजय-अजित रेस विवाद?
- तमिलनाडु के सीएम विजय हाल ही में यूके में हुई ले मैन्स कप रेस में हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे।
- इस रेस में अभिनेता, रेसर और विजय के दोस्त अजित कुमार ने हिस्सा लिया था।
- इसी रेस इवेंट में विजय के साथ तृषा भी शामिल हुईं। सीएम के साथ तृषा के वहां जाने से विवाद शुरू हो गया।
- इसके बाद अजीत कुमार से मिलने पर भी सीएम विजय की आलोचना की गई।
- तृषा के रेस में पहुंचने पर फैंस के बीच एक बार फिर से विजय और तृषा के रिश्ते पर चर्चा शुरू हो गई।