Higher Education in Italy: भारत में 18 साल तक पढ़ाई करने के बाद मैंने 'पॉलिटेक्निको डि मिलानो' से मैनेजमेंट इंजीनियरिंग में मास्टर्स के लिए इटली का रुख किया। यह फैसला मेरे लिए सिर्फ उच्च शिक्षा का अवसर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने और दुनिया को नए नजरिये से समझने का अनुभव भी रहा। इटली में बेहतरीन विश्वविद्यालयों, स्कॉलरशिप और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के अवसर भारतीय छात्रों के लिए एक बेहतर भविष्य की राह खोलते हैं। इसलिए, अगर आपको इटली में पढ़ने का मौका मिले, तो इसे जरूर अपनाएं। यह अनुभव आपके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ आपके कॅरिअर को भी नई दिशा दे सकता है।
विदेश में रहना दूर से जितना आसान लगता है, असल में उतना ही चुनौतियों से भरा होता है। एक नई जगह, नई भाषा और नए माहौल में खुद को ढालना अपने आप में एक बड़ा अनुभव होता है। इसके साथ ही रोजमर्रा की कई जिम्मेदारियां भी खुद उठानी पड़ती हैं। शुरुआत में ये सब कठिन जरूर लगता है, लेकिन धीरे-धीरे यही चुनौतियां आपको आत्मनिर्भर बनाती हैं।
इटली में पढ़ाई का अनुभव सिर्फ एक अच्छी डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों को सीखने का व्यावहारिक तरीका भी सिखाता है। भारतीय शिक्षा प्रणाली जहां सैद्धांतिक ज्ञान पर अधिक जोर देती है, वहीं इटली में व्यावहारिक शिक्षा, सामूहिक प्रोजेक्ट्स और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाता है। इसके साथ ही, विदेश में रहकर छात्र आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी और नई परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना भी सीखते हैं।