गाजियाबाद के खोड़ा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती दूसरी युवती के साथ एक महीने से नोएडा से खोड़ा आकर किराये के मकान में छिपकर रह रही थी। एक युवती के पति और दूसरी के भाई ने तलाश कर पकड़ लिया।
मैं लड़की हूं और लड़की से प्यार करती हूं, हम एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकतीं। जब दो युवतियों ने परिजनों के सामने यह बात कही तो सभी हैरान रह गए। करीब एक महीने से घर से गायब दो युवतियां रविवार को खोड़ा में एक किराये के मकान में एक साथ मिलीं।
विज्ञापन
एक युवती का पति और दूसरी का भाई उन्हें तलाशते हुए यहां तक पहुंचे। दोनों को अलग करने की कोशिश की गई तो युवतियों ने साथ रहने की जिद पकड़ ली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को खोड़ा थाने ले गई, जहां देर शाम तक परिजनों और युवतियों के बीच बातचीत चलती रही।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के निवासी युवक ने बताया कि करीब चार साल पहले उसकी गांव के पास रहने वाली युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों ग्रेटर नोएडा की एक कॉलोनी में रहने लगे। दोनों ईकोटेक क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। इसी कंपनी में एक अन्य युवती भी काम करती थी। युवक के मुताबिक करीब एक साल पहले उसकी पत्नी की उक्त युवती से गहरी दोस्ती हो गई थी।
विज्ञापन
आरोप है कि इसके बाद पत्नी का पति से आए दिन विवाद होने लगा। वह कई बार झगड़ा कर घर छोड़कर जाने की धमकी देती थी। युवक के मुताबिक 12 अगस्त को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पत्नी घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो ईकोटेक थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी गई।
परिजनों और रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इधर जिस युवती से उसकी पत्नी की दोस्ती थी, उसका भाई भी अपनी बहन को तलाशते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित उसी कंपनी में पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात युवक से हुई। बातचीत के दौरान पता चला कि दोनों युवतियां एक ही दिन यानी 12 अगस्त से गायब हैं। इसके बाद दोनों परिवारों का शक गहरा गया और उन्होंने मिलकर दोनों की तलाश शुरू कर दी।
इंस्टाग्राम और स्नैपचैट से मिली लोकेशन
परिजनों ने दोनों युवतियों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले। इंस्टाग्राम और स्नैपचैट से मिली लोकेशन के आधार पर उन्हें खोड़ा में दोनों के होने का सुराग मिला। रविवार को दोनों परिवार खोड़ा पहुंचे। तलाश करने पर एक किराये के मकान में दोनों युवतियां एक साथ रहती मिलीं।
एक-दूसरे से प्यार करती हैं दोनों
परिजनों ने दोनों को अलग-अलग जाने के लिए कहा, लेकिन युवतियों ने इससे साफ इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करती हैं और अब अलग नहीं रह सकतीं। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को थाने ले आई। थाने में भी युवतियां अपने फैसले पर अड़ी रहीं। देर शाम तक थाने में दोनों युवतियों और उनके परिजनों के बीच समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा।
इस संबंध में एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। दोनों युवतियां बालिग हैं। शिकायत मिलने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।