संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। सुबह हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना जरूर हुआ, लेकिन वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को उमस से राहत नहीं मिली। आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत तक पहुंचने से लोग पसीने और चिपचिपाहट से परेशान रहे। तापमान सामान्य से कम होने के बावजूद उमस ने गर्मी का अहसास कराए रखा। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग पार्कों और बाजारों में पहुंचे।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से आसमान साफ रहने की संभावना है। धूप निकलने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को एक बार फिर तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
11 सितंबर से पांच दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 11 सितंबर से एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार 11 सितंबर से लगातार पांच दिनों तक जिले में बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सोमवार से धूप निकलने के बाद मौसम के तेवर बदलने की संभावना है।