- बकाया बिलों की वसूली के लिए निगम सख्त, लापरवाही मिलने पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी हथीन। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निगम ने स्थायी रूप से बिजली कनेक्शन कटने (पीडीसीओ) के बाद उसी परिसर में नया कनेक्शन जारी होने के मामलों की जांच 15 दिन में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रबंधन के अनुसार, जांच के दौरान पुराने उपभोक्ता की बकाया राशि, पूर्व कनेक्शन का विवरण, नए कनेक्शन के लिए जमा आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही परिसर की वास्तविक स्थिति का भी मिलान किया जाएगा। इससे पता लगाया जाएगा कि कहीं बकाया राशि जमा किए बिना या नियमों की अनदेखी कर नए कनेक्शन के जरिये बिजली का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार, जांच में नियमों की अनदेखी या प्रक्रिया संबंधी अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। इस पहल का उद्देश्य पुराने बकाया बिजली बिलों की वसूली सुनिश्चित करना और नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है। निगम प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बकाया वसूली में किसी तरह की ढिलाई न हो।