प्रधानमंत्री की मौजूदगी में नकली दवाइयों के कारोबार का पुतला जला
पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन में रामलीला समिति के दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। यहां रावण दहन के साथ नकली दवाइयों के कारोबार के प्रतीक पुतले का भी दहन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद थे। वहीं पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित डीडीए मैदान में श्री केशव रामलीला कमेटी ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन किया। स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह प्रतीकात्मक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कपिल खन्ना मौजूद थे।
देशवासियों को विजयादशमी की बधाई: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं सभी देशवासियों को विजयादशमी की बधाई देता हूं। आज भारत का कोना-कोना राममय है गांव-गांव शहर-शहर रामलीला के रास में देश डूबा हुआ है। देशभर में रामलीलाओं का मंचन प्रभु श्री राम के आदर्शों को जीवंत रखने की परंपरा, अत्याचार और आतंक का अंत का उदघोष और असत्य पर सत्य सनातन की विजय का विश्वास हमारे लिए ये केवल त्योहार नहीं है। ये भारत की प्राण ऊर्जा है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इस देश ने इसकी संस्कृति ने और इसके पूर्वजों ने हजारों वर्षों से प्रभु श्रीराम की उपासना की है। ये आस्था केवल इसलिए नहीं है कि श्रीराम ने राक्षस राज रावण का अंत किया था। ये आस्था इसलिए भी है क्योंकि प्रभु राम ने हमें ऐसे आदर्श दिए जो मानवता के इतिहास में अतुलनीय है।'
द्वारका सेक्टर-10 में द्वारका श्री रामलीला सोसायटी की ओर से आयोजित दशहरा समारोह में दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'हम सब प्रभु राम के महान आदर्शों पर चलते हुए स्वयं राम के आदर्श को अपनाएं। हमारे आस-पास जितनी भी बुराईयां दिखाई देती हैं उसे हमें खत्म करना होगा। देश की तरक्की के साथ जुड़ना होगा। देश द्रोही को सबक सिखाना होगा। नफरत को खत्म करके प्रेम का दीप जलाकर भारत के भविष्य को रोशन करना होगा।'
वहीं, द्वारका सेक्टर-10 में द्वारका श्री रामलीला सोसायटी की ओर से आयोजित दशहरा समारोह में दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश वर्मा ने कहा, "सभी देशवासियों को विजयादशमी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। हमारे देश में जो पाप दिखाई दे रहे हैं, उन पापों को दूर भगाएं। सभी एक-दूसरे की मदद करें, दीपावली का त्यौहार धूम-धाम से मनाएं।"
प्रियंका गांधी ने चलाया तीर, अशोक विहार में शोभायात्रा और राजतिलक
लाल किला मैदान में नवश्री धार्मिक लीला कमेटी के समारोह में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने तीर चलाकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल भी मौजूद थे। वहीं, अशोक विहार फेज-1 की रामलीला कमेटी ने 100 फुट ऊंचे रावण समेत तीनों पुतलों का दहन किया। जबकि अशोक विहार फेज-2 की आदर्श रामलीला कमेटी में भी तीनों पुतलों के दहन के बाद श्रीराम का राजतिलक हुआ।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "आज कल जो रावण का रूप है उसका सामना जनता कर रही है। बेरोजगारी, बढ़ती हुई महंगाई, सत्य और असत्य के बीच आज भी लड़ाई है। हम सत्य के लिए लड़ रहे हैं और हमेशा लड़ेंगे और हमारी आशा है कि जनता खुश रहें और सबको बहुत-बहुत शुमकामनाएं और अपने जीवन में सत्य के लिए लड़े।"
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने किया रावण दहन
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रेड फॉक्स होटल, मयूर विहार फेज III के पास कोंडली क्षेत्र में रामलीला समारोह में हिस्सा लिया और रावण दहन किया। केजरीवाल ने कहा, 'सभी देशवासियों को दशहरे की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सभी त्यौहारों की शुभकामनाएं और ये सभी त्यौहार सबके जीवन में खुशियां लेकर आएं। भगवान राम सभी को सुखी रखें, स्वस्थ रखें और सबकी कामना पूरी करें।'
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, "अब आज दशहरे की मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। रामायण आपको शांति संभाव, शक्ति, रावण जैसे लोगों का वध और अपनी धर्मपत्नी की रक्षा, अपने भाई का सम्मान, त्याग, बल यह सारी चीजें रामायण से आपको हर चीज सीखने को मिलेंगी। जब भी मैं कंफ्यूज रहा कि जीवन के किस मोड़ पर कैसे जाऊं तो हमेशा रामायण का एक अध्याय या गीता कोई भी पढ़ें जिससे आपके जीवन के बहुत सारे सवालों के जवाब आपको उसमें मिल जाएंगे और आपका जीवन बहुत शांति प्रिय होगा।'
तीन नहीं चार पुतलों का दहन
- फोटो : अमर उजाला