- पुरानी शिमला बाईपास रोड पर डाडापुर गांव के पास रविवार सुबह हुआ दर्दनाक हादसा
- क्षतिग्रस्त बाइकों को पुलिस ने लिया कब्जे में, तहरीर मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। पुरानी शिमला बाईपास रोड पर डाडापुर गांव के पास रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और एक घायल युवक धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में काम करते थे। पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि रविवार सुबह 112 हेल्पलाइन के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद सभावाला चौकी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सेखोंवाला निवासी अनुज (24) अपने सहकर्मी बद्रीपुर निवासी शुभम के साथ बाइक से सेलाकुई की ओर जा रहा था। इसी दौरान डाडापुर गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक को डोईवाला के दूधली निवासी वन गुर्जर शब्बीर चला रहा था।
सिर और पैर में आई थीं गंभीर चोटें
हादसे में तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अनुज के सिर और पैरों में बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल शुभम का ग्राफिक एरा अस्पताल और शब्बीर का प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को सुरक्षा की दृष्टि से सभावाला चौकी में खड़ा करा दिया गया है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।