टी20 के वो रिकॉर्ड्स, जिन्हें पुरुषों से पहले महिलाओं ने हासिल किए: हरमनप्रीत भी रचने जा रहीं कीर्तिमान, जानें
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Wed, 07 Oct 2026 06:07 AM IST
सार
हरमनप्रीत कौर रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 200वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर इतिहास रचेंगी। वह पुरुष या महिला, किसी भी वर्ग में यह मुकाम हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी होंगी। दिलचस्प बात यह है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड महिलाओं ने पुरुषों से पहले बनाए हैं। 2004 में पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय भी महिलाओं के बीच खेला गया था।
मंधाना और हरमनप्रीत
- फोटो : ANI
हरमनप्रीत कौर रविवार को मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगी। वह अपना 200वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगी। इसके साथ ही वह पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी। हरमनप्रीत इससे पहले भी 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनी थीं। उन्होंने 2023 में आयरलैंड के खिलाफ विश्व कप मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब उनके नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है, लेकिन हरमनप्रीत की यह उपलब्धि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में महिलाओं के उन रिकॉर्ड्स की लंबी सूची का हिस्सा है, जिन्हें पुरुष खिलाड़ियों ने बाद में हासिल किया।
मंधाना और हरमनप्रीत
- फोटो : ANI
हरमनप्रीत कौर रविवार को मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगी। वह अपना 200वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगी। इसके साथ ही वह पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी। हरमनप्रीत इससे पहले भी 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनी थीं। उन्होंने 2023 में आयरलैंड के खिलाफ विश्व कप मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब उनके नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है, लेकिन हरमनप्रीत की यह उपलब्धि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में महिलाओं के उन रिकॉर्ड्स की लंबी सूची का हिस्सा है, जिन्हें पुरुष खिलाड़ियों ने बाद में हासिल किया।
इंग्लैंड टीम
- फोटो : Twitter
पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी महिलाओं ने खेला था
टी20 क्रिकेट में पुरुषों को ज्यादा लोकप्रियता और चर्चा मिलती रही है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस प्रारूप की शुरुआत महिलाओं ने पहले की थी। पांच अगस्त 2004 को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच होव में पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया था। यह मैच पुरुषों के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से करीब छह महीने पहले हुआ था। पुरुषों का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 फरवरी 2005 को ऑकलैंड में खेला गया था। यानी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली गेंद महिलाओं के बीच ही फेंकी गई थी।
एमी सैथरवेट
- फोटो : Twitter
पहला पांच विकेट का रिकॉर्ड भी महिला के नाम
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी महिला खिलाड़ी के नाम है। न्यूजीलैंड की एमी सैटरथवेट ने 2007 में टॉन्टन में इंग्लैंड के खिलाफ छह विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 17 रन देकर छह विकेट लिए थे। टी20 विश्व कप मैच में पहला पांच विकेट का कारनामा भी महिला खिलाड़ी ने ही किया। भारत की प्रियंका रॉय ने 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ टॉन्टन में 16 रन देकर पांच विकेट लिए। दिलचस्प बात यह है कि पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहला पांच विकेट का रिकॉर्ड इसके कुछ ही घंटे (2009 में ही) बाद बना। पाकिस्तान के उमर गुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में पांच विकेट लिए थे। यह भी टी20 विश्व कप का मुकाबला था।
सात और नौ विकेट लेने में भी महिलाएं आगे
टी20 अंतरराष्ट्रीय में सात विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी महिला ही थीं। नीदरलैंड्स की फ्रेडरिक ओवरडाइक ने 2021 में फ्रांस के खिलाफ यह कारनामा किया। इसके बाद इसी साल ब्राजील की लौरा कार्डोसो ने लेसोथो के खिलाफ नौ विकेट लेकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। यानी पांच विकेट से लेकर सात और नौ विकेट तक के ऐतिहासिक मुकाम पर महिलाओं ने पहले दस्तक दी।
चार्लोट एडवर्ड्स
- फोटो : ANI
2000 और 3000 रन भी महिलाओं ने पहले बनाए
टी20 अंतरराष्ट्रीय में बल्लेबाजी के बड़े आंकड़ों की बात करें तो इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स पहली खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने 2000 रन पूरे किए। उन्होंने 2014 टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। उनके इस मुकाम के ठीक एक दिन बाद न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम 2000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बने। 2018 में न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स 3000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाली पहली बल्लेबाज बनीं। वह विराट कोहली के बाद 4000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाली दूसरी खिलाड़ी भी बनीं। अब 5000 रन का आंकड़ा हासिल करने की दौड़ में स्मृति मंधाना का नाम भी महत्वपूर्ण है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बन सकती हैं।
100 विकेट में भी महिला खिलाड़ी आगे रहीं
टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज भी महिला थीं। वेस्टइंडीज की अनिसा मोहम्मद ने 2016 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। पुरुष क्रिकेट में इस आंकड़े तक पहुंचने में तीन साल और लगे। श्रीलंका के लसिथ मलिंगा ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए। इसी मैच में उन्होंने पांच विकेट लिए थे, जिसमें लगातार चार गेंदों पर चार विकेट भी शामिल थे।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में कोचिंग शिविर के दौरान बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए महिला क्रिकेटर
300 और 400 रन का रिकॉर्ड भी महिलाओं के नाम
टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी टीम का 300 रन का आंकड़ा पार करना भी महिला क्रिकेट में पहले हुआ। युगांडा ने 2019 में माली के खिलाफ 314 रन बनाए थे। उसके लिए प्रोस्कोविया अलाको और रीटा मुसामाली ने शतक लगाए। इसके चार साल बाद अर्जेंटीना ने 400 रन का आंकड़ा पार किया। टीम ने 2023 में चिली के खिलाफ 427 रन बनाए। लूसिया टेलर ने 169 और अल्बर्टिना गैलान ने नाबाद 145 रन बनाए। इसी मुकाबले में दोनों ने पहले विकेट के लिए 350 रन की साझेदारी की। यह टी20 क्रिकेट में पहली और अब तक की एकमात्र 300 से ज्यादा रन की साझेदारी है।
पहला शतकीय साझेदारी भी महिलाओं ने की
टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली शतकीय साझेदारी भी महिला खिलाड़ियों के नाम रही। ऑस्ट्रेलिया की करेन रोल्टन और केट ब्लैकवेल ने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे विकेट के लिए 147 रन जोड़े थे। ऑस्ट्रेलिया ने तीन ओवर में तीन विकेट गंवाकर सिर्फ छह रन बनाए थे। इसके बाद दोनों ने पारी संभाली और बड़ी साझेदारी की। पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली शतकीय साझेदारी 2006 में दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और हर्शल गिब्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की थी।
युगांडा टीम
- फोटो : ANI
50 और 100 मैच का मुकाम भी महिलाओं ने पहले छुआ
टी20 अंतरराष्ट्रीय में 50 मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी भी महिला थीं। इंग्लैंड की जेनी गन और चार्लोट एडवर्ड्स ने 2012 में यह उपलब्धि हासिल की। उस समय पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ही पुरुष क्रिकेट में इतने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके थे। 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी भी जेनी गन थीं। उन्होंने मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले में यह मुकाम हासिल किया। पुरुषों में पाकिस्तान के शोएब मलिक 2018 में 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने। भारत के रोहित शर्मा 2024 में 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बने।
अब हरमनप्रीत की बारी
अब इस सूची में एक और बड़ा नाम जुड़ने जा रहा है। हरमनप्रीत कौर रविवार को 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करेंगी। उनसे पहले कोई पुरुष या महिला खिलाड़ी इस आंकड़े तक नहीं पहुंचा है। एक दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी टी20 विश्व कप में 50 मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनीं। यानी महिला क्रिकेट एक बार फिर टी20 के बड़े रिकॉर्ड में इतिहास लिख रहा है। हरमनप्रीत का 200वां मैच सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होगा, बल्कि उस लंबे सिलसिले की अगली कड़ी होगा, जिसमें महिलाओं ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई ऐतिहासिक मुकाम पुरुषों से पहले हासिल किए।