भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने साफ कर दिया है कि टीम इंडिया में वापसी की उनकी उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है। 36 वर्षीय शमी का कहना है कि वह आज भी अपनी फिटनेस के चरम पर हैं और देश के लिए खेलने का उनका जुनून पहले जैसा ही है। न्यूजीलैंड दौरे के लिए हाल ही में घोषित भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के बावजूद शमी घरेलू क्रिकेट के जरिए अपनी लय और फिटनेस बरकरार रखने में जुटे हैं। शमी ने रणजी ट्रॉफी में सर्विसेज के खिलाफ बंगाल की जीत के बाद प्रेस वार्ता में कहा कि हर खिलाड़ी के जीवन में एक लक्ष्य होना चाहिए। जब तक वह क्रिकेट खेल रहे हैं, तब तक भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद बनाए रखेंगे।
रोहित-शमी
- फोटो : ANI
'आज भी अपनी फिटनेस के पीक पर हूं'
जब शमी से पूछा गया कि वह अपने करियर में किस समय फिटनेस के चरम पर थे, तो उन्होंने सवाल को सुधारते हुए कहा कि वह आज भी अपनी फिटनेस के पीक पर हैं। शमी ने कहा, 'सर, आज भी हम पीक पर ही हैं। इसमें झूठ बोलने का कोई मतलब नहीं है। हम जैसे भी हैं, अपने पीक पर हैं।' शमी सर्विसेज के खिलाफ मुकाबले में परिस्थितियों को देखते हुए नहीं खेले, लेकिन बंगाल की टीम के साथ उनकी प्रतिबद्धता बरकरार है।
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI
टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद कायम?
- न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चयन नहीं होने पर शमी ने कहा कि इसे लेकर वह निराश नहीं हैं। उनका पूरा ध्यान ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने और आगामी सीरीज व टूर्नामेंट के लिए खुद को तैयार रखने पर है।
- उन्होंने कहा, 'यह निराशा की बात नहीं है। मैंने पिछले घरेलू सीजन में भी पूरे सीजन क्रिकेट खेला और सभी मैचों में हिस्सा लिया। मेरा मकसद वही है कि जितना हो सके, उतना खेलूं और आने वाली सीरीज व टूर्नामेंट के लिए तैयार रहूं।'
- शमी के मुताबिक, उन्हें नहीं पता कि भारतीय टीम के लिए दोबारा कब और कहां खेलने का मौका मिलेगा। इसलिए वह अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं रखना चाहते। घरेलू क्रिकेट और सफेद गेंद के प्रारूप में खेलने से उन्हें अपनी लय बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मोहम्मद शमी
- फोटो : PTI
चयनकर्ताओं से बातचीत पर दिया बेबाक जवाब
पिछले एक साल में राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से बातचीत होने के सवाल पर शमी ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'सर, मैं भारतीय टीम में नहीं हूं, तो मुझसे कौन बात करेगा? और क्यों बात करेगा?' शमी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारतीय गेंदबाजी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और टीम में उनकी वापसी की मांग भी तेज हुई है। शमी ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला मार्च 2025 में खेला था। वहीं, उनके समकालीन तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने करीब चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी की है।
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI
वनडे विश्व कप के बारे में अभी नहीं सोच रहे शमी
अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को लेकर शमी ने कहा कि वह भविष्य के बारे में बहुत दूर तक नहीं सोचते। उनका मानना है कि खिलाड़ी को मौजूदा मौके का फायदा उठाकर अपने कौशल और फिटनेस में सुधार करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं इतनी दूर की नहीं सोचता। आज हम क्रिकेट खेल रहे हैं। कल क्या होगा या किसकी स्थिति कैसी होगी, यह कोई नहीं जानता। इसलिए इतनी दूर की सोचने का कोई मतलब नहीं है।' शमी ने आगे कहा कि खिलाड़ी को जितने मैच खेलने का मौका मिले, उसमें बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए। उनका पूरा ध्यान अपनी स्किल और फिटनेस पर है।
भुवनेश्वर कुमार
- फोटो : PTI
भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर क्या बोले शमी?
भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर शमी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर जिस तरह की फॉर्म में थे, उसे देखते हुए उनकी टीम में वापसी पहले ही हो जानी चाहिए थी।
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI
बंगाल के प्रति जताई वफादारी
शमी ने बंगाल की टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि इसी टीम ने उन्हें पहचान दिलाई है। उन्होंने संकेत दिया कि वह अपने करियर का अंत भी बंगाल की टीम के साथ ही करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'इस टीम ने मुझे यह नाम दिया है। यह सब इसी टीम की वजह से है। जिस दिन मैं अपना करियर खत्म करूंगा, वह इसी टीम के साथ होगा। आपको वफादार और समर्पित रहना चाहिए। बाकी कुछ भी आपके हाथ में नहीं है।'