फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान को धूल चटाने उतरेगा भारत: महिला एशिया कप में होगी दोनों टीमों की भिड़ंत, प्लेइंग-11 में होगा बदलाव?

Sat, 05 Sep 2026 01:29 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

महिला एशिया कप के मुकाबले में शनिवार को भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मुकाबला होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। अब टीम जीत की लय बरकरार रखने उतरेगी।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : BCCI Women/ACC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला टीम का एशिया कप में सामना अब चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच ग्रुप चरण का यह मुकाबला शनिवार को दुबई में खेला जाएगा। भारतीय महिला अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है और वह बस अब औपचारिकता के लिए मैदान पर उतरेगी। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय महिला टीम का रिकॉर्ड एकतरफा है। लेकिन जब भी दोनों टीमें एक दूसरे का सामना करती हैं तो वो मैच बेहद रोमांचक होता है। 
विज्ञापन

हार से सेमीफाइनल की दौड़ में पिछड़ सकता है पाकिस्तान
इसमें कोई दोराय नहीं है कि भारतीय टीम इस मैच में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। भारत ने पहले दो मैचों में भले ही शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन उसमें कुछ जगह सुधार की भी जरूरत है। एशियाई स्तर पर हालांकि भारत के आसपास भी कोई टीम नजर नहीं आती। पिछली बार भारत किसी तरह श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उपविजेता रहा था। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड को हराया है और अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में बना हुआ है।

शानदार फॉर्म में हैं भारतीय बल्लेबाज
  • भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा भी शानदार फॉर्म में हैं। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ यादगार शतक लगाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और प्रतियोगिता की अन्य टीमों को अपनी बल्लेबाजी क्षमता का संकेत दे दिया। 
  • दुबई की पिचों पर बल्लेबाजी आसान नहीं रही है। बल्लेबाजों को आमतौर पर पिच की गति और उछाल को समझने में करीब 10 गेंद लगती हैं और उसी के अनुसार पारी की योजना बनानी पड़ती है। 
  • मंधाना और शेफाली ने भी बृहस्पतिवार रात इसी रणनीति को अपनाया था। मध्यक्रम में प्रतिका रावल, ऋचा घोष और कप्तान हरमनप्रीत कौर की भूमिका अहम होगी। तीनों अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में तब्दील नहीं कर सकी हैं। 
  • खासकर नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहीं रावल पर दबाव बढ़ रहा है। वनडे में सफल रही रावल टी20 प्रारूप की मांगों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं।

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : IANS
पाकिस्तान को बड़े सुधार की जरूरत
गेंदबाजी में नंदनी शर्मा का शामिल होना भारत के लिए सकारात्मक कदम रहा है। वह प्रमुख तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के साथ नई गेंद संभालते हुए अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर रही हैं। पाकिस्तान को भारत को चुनौती देने के लिए अपनी बल्लेबाजी में बड़े सुधार की जरूरत है। बल्लेबाजी की कमजोरी लंबे समय से टीम की परेशानी रही है। पाकिस्तान इस बड़े मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव कर सकता है, लेकिन इस बात की संभावना कम है कि भारतीय टीम कुछ बदलाव करेगी। हालांकि, ये देखना होगा कि रेणुका ठाकुर की वापसी होती है या नहीं।  
विज्ञापन

इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदिनी शर्मा/रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, क्रांति गौड़। 
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावल जुलफिकर, गुल फिरोजा, आयशा जाफर, सदाफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), एयमान फातिमा, उम-ए-हानी, तुबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें