आईपीएल के सितारों और अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले खिलाड़ियों से सजी इंडिया ए का राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया है। गुरुवार (26 नवंबर) को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ए ने भारत के 318 के विशाल लक्ष्य को महज 41.3 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। इस हार के साथ ही 2013 के बाद पहली बार खिताब जीतने का भारत का इंतजार और लंबा हो गया है। अगर पूरे टूर्नामेंट के सफर को देखें, तो भारत ने ग्रुप स्टेज में नेपाल और यूएई जैसी कमजोर टीमों को तो आसानी से हराया, लेकिन जैसे ही सामना पाकिस्तान ए और श्रीलंका ए जैसी मजबूत टीमों से हुआ, टीम इंडिया की कमजोरियां पूरी तरह उजागर हो गईं।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
भारत बनाम श्रीलंका सेमीफाइनल मैच में क्या हुआ?
दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 317 रन बनाए। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (78 रन, 63 गेंद), कप्तान तिलक वर्मा (53 रन, 66 गेंद) और अंत में शाहबाज अहमद (नाबाद 54 रन, 48 गेंद) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि युवा वैभव सूर्यवंशी ने 40 रनों का तेज योगदान दिया। श्रीलंका के लिए निपुन धनंजय (2/41), जनिथ लियानागे (2/37) और रविंदु फर्नांडो (2/60) ने दो-दो विकेट चटकाए।
जवाब में 318 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने महज 41.3 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और एकतरफा जीत दर्ज की। श्रीलंकाई ओपनरों लसिथ क्रूसपुले (116 रन, 107 गेंद) और सिनेत जयवर्धने (105 रन, 70 गेंद) ने पहले विकेट के लिए 174 रनों की तूफानी साझेदारी कर भारत से मैच छीन लिया, जिसके बाद निशान मदुष्का (नाबाद 58) और कप्तान पवन रत्नायके (नाबाद 31) ने आसानी से टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। भारत की ओर से सिर्फ शाहबाज अहमद (1/60) और हर्षित राणा (1/61) को ही एक-एक सफलता मिली।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
खतरे की पहली घंटी: पाकिस्तान ए बनाम इंडिया ए
सेमीफाइनल से पहले ही 22 नवंबर 2026 को दोहा में खेले गए ग्रुप-बी के आठवें मुकाबले में पाकिस्तान ए (पाकिस्तान शाहींस) ने भारत को 48 रनों से हराकर खतरे की घंटी बजा दी थी।
- पाकिस्तान की बल्लेबाजी (313/10, 49.2 ओवर): टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज शमिल हुसैन और माज सदाकत (59 रन) ने पहले विकेट के लिए 66 रनों की तेज शुरुआत दी। इसके बाद हसन नवाज (79 रन, 82 गेंद) और फरहान यूसुफ (56 रन) ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। भारत की ओर से विप्रज निगम (2/46) और सूर्यांश शेडगे (2/45) ही कुछ हद तक प्रभावी रहे, जबकि मुख्य गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए।
- भारत की पारी और टॉप ऑर्डर का सरेंडर (265/10, 49.1 ओवर): 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा (70 रन) ने तूफानी शुरुआत दिलाई, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया और टीम 129 रन पर छह विकेट गंवा बैठी।
- तिलक-शाहबाज की कोशिश नाकाम: कप्तान तिलक वर्मा (100 रन) ने शतक जड़ा और सातवें विकेट के लिए शाहबाज अहमद के साथ शतकीय साझेदारी कर भारत को मैच में वापस लाने की कोशिश की। हालांकि, तिलक ने काफी धीमी गति से रन बनाए। इसकी वजह से आखिरी 10 ओवरों में भारत को 91 रनों की जरूरत थी, लेकिन शाहबाज के आउट होते ही निचला क्रम बिखर गया। पाकिस्तान के हसन नवाज (3/45) और तेज गेंदबाज अली रजा (3/56) ने भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
बदोनी
- फोटो : BCCI
भारत के बाहर होने के छह सबसे बड़े कारण
- बड़ी टीमों के खिलाफ 'जीरो' जीत: पूरे टूर्नामेंट में भारत ने एक भी पूर्ण सदस्य देश को नहीं हराया। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ए ने 48 रनों से हराया और नॉकआउट में श्रीलंका ए ने 51 गेंद शेष रहते एकतरफा मात दी। कमजोर टीमों के खिलाफ मिली बड़ी जीत ने टीम की कमजोरियों पर पर्दा डाल दिया था।
- गेंदबाजी में धार की कमी: दोहा की बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों पर भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। सेमीफाइनल में श्रीलंका के ओपनरों, लसिथ क्रूसपुले (116) और सिनेत जयवर्धने (105) ने पहले विकेट के लिए बड़ी साझेदारी कर मैच को शुरुआती 25 ओवरों में ही खत्म कर दिया। पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय गेंदबाजों ने 313 रन लुटा दिए थे।
- 50 ओवर को T20 समझकर खेलने की गलती: भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों (खासकर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा) ने तेज शुरुआत तो की, लेकिन वे अपनी पारियों को बड़े शतकों में नहीं बदल सके। सेमीफाइनल में 12वें ओवर में 100 रन पूरे करने के बावजूद भारतीय टीम मिडिल ओवर्स में लगातार विकेट खोने के कारण 350 के पार जाने का मौका चूक गई।
- मध्यक्रम पूरी तरह फेल: श्रीलंका के खिलाफ एक वक्त टीम इंडिया का स्कोर एक विकेट पर 159 रन था। इसके बाद 235 रन पर छह विकेट हो गया। यानी 76 रन बनाने में भारत ने पांच विकेट गंवा दिए। यही हाल पाकिस्तान के खिलाफ रहा था। 314 रन चेज करते हुए भारत ने 129 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे।
- विशेषज्ञ स्पिनर की कमी और टीम बैलेंस: टीम में ऑलराउंडर्स की भरमार (तिलक, अभिषेक, शाहबाज, तनुष, हर्ष दुबे) के चक्कर में विशेषज्ञ विकेट-टेकिंग गेंदबाजों की कमी खली। बीच के ओवरों में जब साझेदारियां बन रही थीं, तब भारत के पास कोई ऐसा रिस्ट स्पिनर नहीं था जो रनों पर अंकुश लगाकर विकेट निकाल सके।
- तेज गेंदबाजों ने भी डुबोई लुटिया: सिर्फ सेमीफाइनल ही नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह बेअसर साबित हुआ। अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले हर्षित राणा से लेकर अरशद खान और सूर्यांश शेडगे तक, कोई भी पेसर बड़ी टीमों के खिलाफ दबाव नहीं बना सका। नेपाल और यूएई जैसी कमजोर टीमों के खिलाफ विकेट चटकाने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों की असली परीक्षा तब हुई जब सामने पाकिस्तान ए और श्रीलंका ए के बल्लेबाज आए। नई गेंद से स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ की कमी के चलते भारतीय पेसर्स ने जमकर रन लुटाए। जहां पाकिस्तान के खिलाफ गेंदबाजों ने 313 रन खर्च कर दिए, वहीं सेमीफाइनल में हर्षित राणा (7 ओवर में 61 रन) और अरशद खान (4 ओवर में 46 रन) की पिटाई ने श्रीलंकाई ओपनरों को शुरू से ही ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया।
हर्षित राणा
- फोटो : Twitter
हार के लिए ये खिलाड़ी हैं जिम्मेदार
- हर्षित राणा (गेंदबाजी में सबसे बड़ी निराशा): अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हर्षित राणा से इस टूर्नामेंट में पेस अटैक को लीड करने की उम्मीद थी। नेपाल के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी के बाद वह बड़े मैचों में पूरी तरह फ्लॉप रहे। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने खूब रन लुटाए और सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ भी 8.71 की इकॉनमी से 61 रन (7 ओवर) खर्च कर सिर्फ एक विकेट ले सके। हर्षित ने चार मैचों में आठ विकेट लिए, लेकिन इकॉनमी रेट में वह शीर्ष 15 गेंदबाजों में भी शामिल नहीं हैं।
- तिलक वर्मा (कप्तान - नेतृत्व और स्ट्राइक रेट पर सवाल): बतौर बल्लेबाज तिलक ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक (100) और सेमीफाइनल में अर्धशतक (53) जरूर लगाया, लेकिन सेमीफाइनल की पाटा पिच पर 63 गेंदों में अर्धशतक जड़ना टीम की रन गति को धीमा कर गया। इसके अलावा, बतौर कप्तान वह मैदान पर पूरी तरह डिफेंसिव नजर आए और गेंदबाजी में सही बदलाव करने में नाकाम रहे। पाकिस्तान के खिलाफ भी तिलक ने 149 गेंद में 100 रन बनाए थे।
- रिंकू सिंह (फिनिशर की भूमिका में नाकाम): उप-कप्तान और टीम के सबसे अनुभवी फिनिशर रिंकू सिंह पूरे टूर्नामेंट में अपनी लय तलाशते दिखे। पाकिस्तान के खिलाफ जब भारत 102/4 पर संघर्ष कर रहा था, तब वह जिम्मेदारी नहीं निभा सके। वहीं सेमीफाइनल में भी आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने के मौके पर वह सस्ते में पवेलियन लौट गए। नेपाल के खिलाफ रिंकू ने नौ रन, पाकिस्तान के खिलाफ छह रन, यूएई के खिलाफ नाबाद 27 रन और श्रीलंका के खिलाफ 12 रन बनाए।
- पूरा स्पिन अटैक रहा बेअसर (विकेट निकालने की भूख नहीं दिखी): दोहा की पिचों पर भारतीय स्पिन गेंदबाजी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई और इसकी जिम्मेदारी किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरी स्पिन यूनिट की रही। टीम में शामिल शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन, इन चारों में से किसी भी गेंदबाज में बीच के ओवरों में साझेदारी तोड़ने और विकेट निकालने की क्षमता नहीं दिखी। ये सभी गेंदबाज सिर्फ रन रोकने की मानसिकता के साथ गेंदबाजी करते नजर आए, जिसका पूरा फायदा विपक्षी बल्लेबाजों ने उठाया। पाकिस्तान के मध्यक्रम और श्रीलंका के टॉप ऑर्डर ने भारतीय स्पिनरों के खिलाफ बिना किसी जोखिम के आसानी से सिंगल-डबल और बाउंड्री बटोरीं, जिससे विरोधी टीमों पर कभी दबाव बन ही नहीं पाया।
- प्रभसिमरन/बदोनी और मध्यक्रम की अस्थिरता: चाहे पाकिस्तान हो या श्रीलंका, मजबूत टीमों के खिलाफ मध्यक्रम पूरी तरह विफल रहा। बड़े मैचों के दबाव में प्रभसिमरन सिंह और आयुष बदोनी/सूर्यांश शेडगे जैसे बल्लेबाजों का गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट होना भारत को भारी पड़ा। बदोनी को शुरुआती दो मैचों में मौका मिला और वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन रन नहीं निकले, वहीं प्रभसिमरन भी फ्लॉप रहे। शेडगे ने नेपाल के खिलाफ 14 गेंद में नाबाद 36 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ वह तीन रन और श्रीलंका के खिलाफ 10 रन ही बना सके।
- प्रिंस यादव और अरशद खान भी बड़े मंच पर हुए फ्लॉप: तेज गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा के साथ-साथ प्रिंस यादव और अरशद खान ने भी अहम मुकाबलों में टीम को निराश किया। प्रिंस यादव ने टूर्नामेंट की शुरुआत में नेपाल जैसी कमजोर टीम के खिलाफ पांच विकेट लेकर सनसनी जरूर मचाई थी, लेकिन जैसे ही मुकाबला पाकिस्तान ए से हुआ, उनकी गेंदबाजी की धार गायब हो गई और उन्होंने 9.2 ओवर में 60 रन लुटा दिए। दूसरी ओर, बाएं हाथ के पेसर अरशद खान यूएई के खिलाफ चार विकेट लेने के बाद सेमीफाइनल की बड़ी परीक्षा में पूरी तरह बेबस नजर आए। श्रीलंका ए के खिलाफ नॉकआउट मैच में अरशद ने महज चार ओवर में 46 रन (11.50 की इकॉनमी) खर्च कर दिए, जिससे विरोधी ओपनरों का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर पहुंच गया और भारत शुरुआत में ही मैच से बाहर हो गया।
प्रिंस और हर्षित
- फोटो : BCCI
युवाओं को बहुत कुछ सीखना बाकी
पाकिस्तान के खिलाफ 265 पर सिमटना और श्रीलंका के खिलाफ 317 रन बनाकर भी 51 गेंद पहले हार जाना यह साबित करता है कि भारतीय युवा सितारों को अभी 50 ओवर के प्रारूप (वनडे टेम्परामेंट) को समझने और दबाव भरे नॉकआउट मुकाबलों में गेंदबाजी अनुशासन दिखाने की सख्त जरूरत है।