बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने आगामी क्रिकेट सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न आयु वर्गों और टीमों के चयन ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी हैं। एडमिनिस्ट्रेटर से मंजूरी मिलने के बाद एसोसिएशन ने सभी संबंधित खिलाड़ियों के लिए ट्रायल को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से रिपोर्ट करने को कहा गया है।
रणजी ट्रॉफी कैंप 2026-27 में शामिल खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 6 अक्टूबर को सुबह 8 बजे पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में होगा। वहीं, रणजी ट्रॉफी कैंप में शामिल अंडर-23 आयु वर्ग के लिए पात्र खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 5 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। पुरुष अंडर-23 कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी कैंप के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को 5 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे तक मोइन-उल-हक स्टेडियम में रिपोर्ट करना होगा।
महिला अंडर-19 चयन ट्रायल में BCA के घरेलू टूर्नामेंट सत्र 2025-26 में भाग लेने वाली सभी पात्र खिलाड़ियों को 5 अक्टूबर को सुबह 9 बजे स्टेडियम में पहुंचना होगा। इसके अलावा महिला सीनियर और अंडर-23 वनडे एवं टी-20 ट्रॉफी 2025-26 में भाग लेने वाली खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 6 अक्टूबर को सुबह 8 बजे मोइन-उल-हक स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
BCA ने सभी खिलाड़ियों से निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखते हुए चयन प्रक्रिया में समय पर शामिल होने की अपील की है। चयन ट्रायल से संबंधित विस्तृत जानकारी एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।