विदेश के समाचार: फिलीपींस के स्कूल में खूनी वारदात, क्लासरूम में गूंजी गोलियां, तीन लोगों की मौत
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में अमेरिका पर युद्ध अपराध के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में ईरान के एक स्कूल पर अमेरिकी हमले में कई बच्चों की मौत हुई थी। दूसरी तरफ, ईरान सरकार पर भी अपने ही नागरिकों पर अत्याचार और मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। अमेरिका ने यूएन की इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया है।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने संसद में एक बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूस नाटो देशों पर ड्रोन या मिसाइल से हमला करने की योजना बना रहा है।
रूस इन हमलों को महज एक दुर्घटना बताने की कोशिश करेगा ताकि नाटो देश एकजुट न हो सकें। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पोलैंड में एक स्थायी अमेरिकी सैन्य बेस बनाने के संकेत दिए हैं।
पाकिस्तान में दो सुरक्षा अभियानों में 10 आतंकी ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार से गुरुवार के बीच दो अलग-अलग सुरक्षा अभियानों में 10 आतंकवादी मारे गए। आईएसपीआर के मुताबिक, उत्तरी वजीरिस्तान में छह टीटीपी आतंकी और हंगू जिले में चार आतंकी मारे गए। मौके से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। वहीं, एक अलग हमले में सेना के छह जवान भी मारे गए।
दक्षिणी फिलीपींस के साउथ कोटाबातो प्रांत में शुक्रवार को बंगा नेशनल हाई स्कूल में गोलीबारी हुई। घटना में तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि हमलावर समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस गोलीबारी के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।