फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates IndiGo Riyadh flights cancel lawsuit Alaska Senate election west asia russia ukraine Headlines

अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां: बुवेट द्वीप क्षेत्र में 5.8 तीव्रता का भूकंप; रियाद के लिए इंडिगो की उड़ानें रद्द

Sat, 24 Oct 2026 01:10 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 24 Oct 2026 01:10 AM IST
विज्ञापन
World Updates IndiGo Riyadh flights cancel lawsuit Alaska Senate election west asia russia ukraine Headlines
विदेश की खास समाचार सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला

सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं के चलते सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों का रद्दीकरण आगे बढ़ा दिया है। दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्तूबर तक रद्द रहेंगी, जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्तूबर तक रद्द रहेंगी। अन्य भारतीय एयरलाइनों ने भी पहले सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन आगे बढ़ाया था। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सभी रूटों पर 24 अक्तूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं। अकासा एयर ने जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 10 नवंबर तक और रियाद आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है। दूतावास ने पहले कहा था कि जिन भारतीय नागरिकों को तुरंत वापस जाना है, वे बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते जाने पर विचार कर सकते हैं, बशर्ते उनके पास जरूरी वीजा हों। सऊदी अरब में करीब 27.4 लाख भारतीय रहते हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में काम करते हैं।

विज्ञापन


केन्या में इमारत गिरने के बाद एक व्यक्ति को बचाया गया, अन्य लोग अब भी लापता
केन्या की राजधानी नैरोबी में एक बहुमंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने के बाद मलबे से एक व्यक्ति को बचाया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इमारत की मंजिलें एक-दूसरे पर गिर गई थीं। इसके 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद व्यक्ति को बचाया गया। अन्य लोग अब भी लापता हैं।
विज्ञापन


यह इमारत ईस्टले इलाके की एक व्यस्त व्यावसायिक सड़क पर बन रही थी। इस इलाके में अक्सर हजारों व्यापारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहते हैं। पुलिस ने बताया कि इमारत में 10 से ज्यादा मंजिलों का निर्माण किया जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन


गृह मंत्री किपचुंबा मुरकोमेन ने शुक्रवार को बताया था कि सात लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। बचाव दलों ने मलबे में फंसे कुछ लोगों से संपर्क भी कर लिया था। शनिवार को एक व्यक्ति को बचाया गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

फ्रांस में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प, देशभर में 4.10 लाख लोगों ने किया प्रदर्शन
फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारियों ने भी चीजें फेंकीं। फ्रांस सरकार के अनुसार, देशभर में करीब 4.10 लाख लोगों ने प्रदर्शन किया। शनिवार को राजधानी और देश के अन्य हिस्सों में हुए ये प्रदर्शन अब अपने अंतिम चरण में थे।

शनिवार को सबसे बड़ा प्रदर्शन पेरिस में हुआ। गृह मंत्रालय के अनुमान के मुताबिक, शहर के दक्षिण-पूर्वी किनारे पर निकाले गए मार्च में 1.10 लाख लोग शामिल हुए। शुरुआत में यह मार्च शांतिपूर्ण था। लेकिन अंत में इसमें हिंसा होने लगी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई बार आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस पानी की बौछार करने वाली गाड़ियों का भी इस्तेमाल कर रही है। प्रदर्शनकारियों में कुछ लोग पुलिस पर चीजें फेंक रहे थे। पुलिस ने उन्हें भी तितर-बितर करने की कोशिश की।

नेपाल: पूर्व राष्ट्रपति भंडारी ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए त्रिपक्षीय सहयोग की अपील की
नेपाल की पूर्व राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने हिमालयी देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेपाल, चीन और भारत को मौसम संबंधी आंकड़े साझा करने चाहिए। ग्लेशियरों की निगरानी करनी चाहिए। शुरुआती चेतावनी प्रणाली विकसित करनी चाहिए। साथ ही, आपदाओं से निपटने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

पूर्व राष्ट्रपति भंडारी के सचिवालय के अनुसार, उन्होंने शनिवार को चीन के पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन अफेयर्स की ओर से आयोजित 2026 ग्लोबल गवर्नेंस फोरम (श्योंगआन) सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जलवायु न्याय की उस स्थिति पर बात की, जिसे नेपाल हासिल करना चाहता है।

भंडारी ने वैश्विक शासन और जलवायु न्याय के संबंध को समझाने के लिए कई उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि हिमालय साझा प्राकृतिक विरासत है। इसका क्षेत्रीय जल चक्र, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन से गहरा संबंध है।

उन्होंने कहा, इस अहम पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा करने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने तथा उनके अनुसार खुद को ढालने के लिए हिमालयी देशों के बीच सहयोग मजबूत करना जरूरी है। इसमें चीन, नेपाल और भारत शामिल हैं। इन देशों को मौसम संबंधी आंकड़े साझा करने चाहिए। ग्लेशियरों की निगरानी करनी चाहिए। शुरुआती चेतावनी प्रणाली विकसित करनी चाहिए। साथ ही, आपदाओं से निपटने के लिए आपसी तालमेल बनाना चाहिए। 

दक्षिण अटलांटिक महासागर: बुवेट द्वीप क्षेत्र में 5.8 तीव्रता के झटके
दक्षिण अटलांटिक महासागर में बुवेट द्वीप क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई। बुवेट द्वीप दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित एक दूरस्थ और लगभग निर्जन द्वीप है। फिलहाल, भूकंप से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

नेपाल-भारत सीमा पार पर्यटन कार्यक्रम 26 अक्तूबर से होगा शुरू
हिमालयी देश नेपाल में भारतीय पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और सीमा पार सहयोग मजबूत करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय नेपाल-भारत पर्यटन कार्यक्रम सोमवार से चितवन में शुरू होगा। आयोजकों ने यह जानकारी दी।

नेपाल-भारत क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म कनेक्ट 2026 का आयोजन गैर-आवासीय नेपाली संघ (एनआरएनए) की अंतरराष्ट्रीय समन्वय परिषद और समृद्ध चितवन अभियान संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

एनआरएनए की अंतरराष्ट्रीय समन्वय परिषद के प्रवक्ता सोमनाथ सापकोटा ने कहा कि इस कार्यक्रम का नारा है-bसीमाओं को जोड़कर और दोस्ती बढ़ाकर पर्यटन को बढ़ावा देना। इसका उद्देश्य नेपाल और भारत के बीच पर्यटन साझेदारी का विस्तार करना है।

सापकोटा ने बताया कि भारत के विभिन्न शहरों से पर्यटन क्षेत्र के 21 कारोबारी और प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे नेपाली पर्यटन कारोबारियों, होटल और रेस्तरां संचालकों तथा स्थानीय पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ सीधे बैठकें करेंगे और कारोबार पर चर्चा करेंगे।

भूटान में भारत की मदद से बनीं सामुदायिक विकास की परियोजनाओं का उद्घाटन
भारत सरकार की मदद से भूटान के पूर्वी मोंगर जिले में सामुदायिक विकास की 15 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। इनमें सड़कें, सिंचाई नहरें और पुल शामिल हैं। भारतीय दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी।

थिंपू स्थित भारतीय मिशन ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन भारत के उप मिशन प्रमुख अनिकेत गोविंद मंदवगणे ने किया। इस मौके पर मोंगर जिले के प्रशासक, गांवों के 17 समूहों के प्रमुख और स्थानीय निवासी भी मौजूद थे। भारतीय मिशन ने कहा, इन परियोजनाओं में 65 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कें, 10 किलोमीटर लंबी सिंचाई नहरें और दो पुल शामिल हैं। इनमें नागोर माध्यमिक स्कूल तक जाने वाली सड़क से लेकर नगेरपोंतांग में सिंचाई की सुविधा तक के काम शामिल हैं। 

मिशन ने आगे कहा कि इन परियोजनाओं से मोंगर और आसपास के क्षेत्रों में किसानों, स्कूली बच्चों और परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान होगी। इससे उनकी सुविधा और सुरक्षा बढ़ेगी। साथ ही, उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।

आठ क्षेत्रीय और यूरोपीय देशों की संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत पर दिया जोर
आठ क्षेत्रीय और यूरोपीय देशों ने संघर्षों को खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है। इनमें अमेरिका-ईरान के बीच शत्रुता और इस्राइल-फलस्तीन का मुद्दा भी शामिल है। शनिवार को जारी एक संयुक्त बयान में यह जानकारी दी गई।

तुर्किये, मिस्र, पाकिस्तान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों ने शुक्रवार को इस्तांबुल में बैठक की। इन चार देशों के समूह को क्षेत्रीय चार यानी आर-4 कहा जाता है। बैठक में उनके साथ फ्रांस, जर्मनी, इटली और ब्रिटेन के विदेश मंत्री भी शामिल हुए।

मंत्रियों ने क्षेत्र और उससे बाहर शांति व स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों से जुड़ी सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और व्यापार पर पड़ने वाले प्रभावों से निपटने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

संयुक्त बयान में कहा गया, मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्रीय संघर्षों से निपटने के लिए बातचीत, कूटनीति और तनाव कम करने की तत्काल जरूरत है। बयान में आगे कहा गया, संयुक्त राष्ट्र के संबंधित प्रस्तावों के अनुरूप, मंत्रियों ने सभी लंबित संघर्षों का स्थायी समाधान बातचीत के जरिए खोजने की जरूरत पर जोर दिया।

बैठक में अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर चर्चा हुई। इस संघर्ष से क्षेत्र में तनाव बढ़ा है। साथ ही, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। यह दुनिया में तेल और गैस की आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग है। मंत्रियों ने इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष पर भी चर्चा की। उन्होंने बातचीत के जरिये द्वि-राष्ट्र समाधान की जरूरत पर जोर दिया। इस समाधान के तहत इस्राइल और फलस्तीन के लिए अलग-अलग राष्ट्रों की व्यवस्था की बात की जाती है।

डेमोक्रेटिक उम्मीदवार की जीत को रोकने के लिए मुकदमा

अमेरिका के न्याय विभाग ने अलास्का सीनेट चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार की संभावित जीत को रोकने के लिए संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है।ट्रंप प्रशासन ने इस बात पर आपत्ति जताई है कि मतपत्र पर एक जैसे नाम वाले दो उम्मीदवार होने के कारण मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। रिपब्लिकन पार्टी के मौजूदा सांसद डैन एस. सुलिवन इस कड़े मुकाबले में डेमोक्रेटिक पार्टी की मेरी पेल्टोला के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। न्याय विभाग का यह मुकदमा एंकोरेज की संघीय अदालत में दायर किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि चुनाव में तीसरे उम्मीदवार के रूप में खड़े डैन जे. सुलिवन जूनियर का उद्देश्य मतदाताओं को भ्रमित करना है। मुकदमे में अदालत से अनुरोध किया गया है कि यदि इस भ्रम के कारण चुनाव परिणाम प्रभावित होते हैं, तो परिणामों के प्रमाणन को रोका जाए और यह जांच की जाए कि डैन जे. सुलिवन को मिले वोट वास्तव में किसके लिए थे। दूसरी ओर, चुनाव कानून के जानकारों ने न्याय विभाग के इस मुकदमे की आलोचना करते हुए इसे केवल एक पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। वहीं, डैन जे. सुलिवन ने मीडिया साक्षात्कारों में इस बात से इनकार किया है कि उनका मकसद मतदाताओं को भ्रमित करना या वोट काटना है। अलास्का के सर्वोच्च न्यायालय ने जून में ही उन्हें चुनाव मैदान में उतरने की अनुमति दे दी थी।

Trending Videos

अमेरिका : भारतवंशी का कोविड टेस्ट के नाम पर 550 करोड़ का घोटाला
अमेरिका के इलिनोइस में एक संघीय ग्रैंड जूरी ने 52 वर्षीय भारतवंशी लैब मालिक राजेश पटेल पर 550 करोड़ के कोविड-19 टेस्ट घोटाने का आरोप लगाया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, पटेल ने महामारी के दौरान पर्सनल फायदे के लिए संकट का फायदा उठाया और फर्जी टेस्ट दिखाकर सरकारी फंड का गबन किया। पटेल को 29 अक्तूबर को शिकागो की डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।

अमेरिकी किशोरियों में ई-सिगरेट का इस्तेमाल लड़कों से ज्यादा
अमेरिका में किशोरों के बीच निकोटीन के इस्तेमाल का तरीका बदल रहा है। कभी लड़कों में अधिक प्रचलित रही ई-सिगरेट अब किशोर लड़कियों में ज्यादा देखी जा रही है। अर्थ डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में 15 से 17 वर्ष की 7.8 फीसदी अमेरिकी लड़कियां नियमित रूप से ई-सिगरेट का इस्तेमाल कर रही थीं, जबकि इसी उम्र के लड़कों में यह दर 4.6 फीसदी थी। शोधकर्ताओं के अनुसार 2021 के बाद यह अंतर लगातार बढ़ा है।

हिटलर के ऐतिहासिक ठिकाने ‘ईगल्स नेस्ट’ में लगी आग 
जर्मनी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बवेरियन आल्प्स स्थित एडोल्फ हिटलर के पूर्व ठिकाने ‘ईगल्स नेस्ट’ में शुक्रवार रात आग लग गई। पुलिस के अनुसार, इमारत में लगे फायर अलार्म के शुक्रवार रात करीब 9:15 बजे बजने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। पहाड़ पर समुद्र तल से 1,834 मीटर (6,017 फीट) की ऊंचाई पर चट्टान के किनारे स्थित इस इमारत तक पहुंचना मुश्किल था। दमकलकर्मियों ने घटनास्थल के पास पहुंचते ही आग की लपटें देखीं। शनिवार सुबह तक आग बुझाने का काम जारी था। इमारत और उसके आसपास के क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए श्वसन सुरक्षा उपकरणों की जरूरत पड़ रही थी। पुलिस ने बताया कि इमारत के अंदर कोई व्यक्ति नहीं मिला और फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले में एक व्यक्ति को संभावित संदिग्ध के तौर पर हिरासत में लिया गया है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसका आग लगने की घटना से कोई संबंध है या नहीं। इस इमारत का आधिकारिक नाम ‘केल्श्टाइनहाउस’ है। इसका निर्माण 1938 में पूरा हुआ था। यहां तक पहुंचने के लिए पहाड़ पर बनी घुमावदार सड़क के अंतिम छोर से लिफ्ट का इस्तेमाल किया जाता है। यह सड़क आम वाहनों के लिए बंद रहती है, लेकिन पर्यटकों को लाने-ले जाने के लिए बसें चलती हैं। वर्ष 1952 से इस ऐतिहासिक इमारत का संचालन कैफे और रेस्तरां के रूप में किया जा रहा है। यहां इसके इतिहास से जुड़ी एक प्रदर्शनी भी मौजूद है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed