फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Algeria UAE rift West Asia Russia Ukraine PAK china Bangladesh Nepal politics crime other news

विश्व समाचार: 9/11 की बरसी के कार्यक्रम में पहुंचे ट्रंप; क्रोएशिया के स्कूल में छात्र ने दो को मारा चाकू

Fri, 11 Sep 2026 10:55 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 11 Sep 2026 10:55 PM IST
विज्ञापन
World Updates Algeria UAE rift West Asia Russia Ukraine PAK china Bangladesh Nepal politics crime other news
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 9/11 की 25वीं बरसी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 11 सितंबर 2001 के पीड़ितों और उनके परिवारों को अमेरिका कभी नहीं भूलेगा। ट्रंप ने कहा, 'हम कभी भी नहीं भूलेंगे। यही वजह है कि हम आज लड़ रहे हैं। हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। केवल जीत हो सकती है। हम पूरी ताकत से लड़ते हैं। हम जीतने के लिए लड़ते हैं।'

विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'हम 11 सितंबर 2001 के पीड़ितों और उनके परिवारों को हमेशा याद रखेंगे। दुर्भाग्य से यह एक बेहद प्रसिद्ध तारीख है। हम उनके जीवन का सम्मान करेंगे और उनकी खूबसूरत यादों को संजोकर रखेंगे।'
विज्ञापन


ट्रंप ने कहा कि अमेरिका आने वाली हर पीढ़ी के लिए देश और उसकी स्वतंत्रता की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा, 'हम इसकी पहले से कहीं अधिक मजबूती से रक्षा करेंगे। जिस किसी ने उस दिन की घटना को देखा या उसे झेला है, उसके लिए उस दिन की पीड़ा को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।'
विज्ञापन
विज्ञापन


ग्रीस: 22 साल से फ्रीज किए गए भ्रूण से दंपती ने दिया बच्ची को जन्म
ग्रीस के एक दंपती ने अपने 21 वर्षीय बेटे की सड़क हादसे में मौत के कुछ महीनों बाद 22 साल से फ्रीज किए गए भ्रूण की मदद से एक बच्ची को जन्म दिया। 54 वर्षीय क्रिस्टीना राप्ती-त्जेलेपी और उनके 60 वर्षीय पति ने इस भ्रूण के जरिए दोबारा माता-पिता बनने का फैसला किया। बच्ची का जन्म बुधवार को ग्रीस की राजधानी एथेंस में हुआ और उसका वजन 3.49 किलोग्राम था।

इस प्रक्रिया के लिए दंपती के पास समय भी बेहद सीमित था। ग्रीस की सरकार ने महिलाओं के लिए इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) प्रक्रिया पूरी करने और राष्ट्रीय प्राधिकरण से मंजूरी लेने की उम्र 54 वर्ष निर्धारित कर रखी है। क्रिस्टीना ने बताया कि उनके पास प्रक्रिया पूरी करने के लिए केवल ढाई महीने का समय था।

क्रोएशिया के स्कूल में छात्र ने दो को मारा चाकू
क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब के एक हाईस्कूल में शुक्रवार को एक छात्र ने दूसरे छात्र और स्कूल के एक कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हमले में किसी धारदार वस्तु का इस्तेमाल किया गया। घायल छात्र को कई चोटों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सर्जरी हुई। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। स्कूल कर्मचारी के चेहरे पर चोट लगी है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच एक दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

10 घंटे में 60 पोस्ट...कभी सुपरमैन तो कभी अजेय योद्धा नजर आए ट्रंप
एक छुट्टी के दिन जब अधिकांश अमेरिकी फुरसत के पल बिता रहे थे, तभी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया अकाउंट अचानक बेहद सक्रिय हो उठा। लगभग 10 घंटे और 41 मिनट के भीतर उन्होंने एक के बाद एक 60 से अधिक संदेश और तस्वीरें पोस्ट कर डालीं। इनमें से अधिकांश तस्वीरें एआई से गढ़ी गईं, जिनमें ट्रंप खुद को एक अजेय योद्धा, सुपरहीरो और दुनिया को अपने वश में करने वाले नेता के रूप में पेश करते दिखे। इसकी अमेरिका में निंदा हुई। इन पोस्ट्स में ट्रंप कभी कनाडा के पीएम पर हॉकी स्टिक से हमला करते दिखे, तो कभी खुद लड़ाकू विमान से शत्रु ठिकानों पर बमबारी करते और सड़कों पर कातिल रोबोट्स के साथ गश्त लगाते नजर आए।

चीन : मालवाहक जहाज में लगी आग, 25 की मौत
पूर्वी चीन के बंदरगाह शहर किंगदाओ में बृहस्पतिवार को मरम्मत के दौरान लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज ओशन मेलोडी में आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत  हो गई। चीन की सरकारी  समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इस जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे। इनमें से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पांच घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

12 साल से फरार साइबर ठग अमेरिका से लाया गया
सिंगापुर में भारतीय नागरिकों से साइबर ठगी के मामले में वर्ष 2013 से फरार चल रहे आरोपी हरनेक सिंह को सीबीआई अमेरिका से भारत लेकर आई है। अमेरिका से निर्वासित किए जाने के बाद सीबीआई ने उसे 9 सितंबर को दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को आरोपी को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

तियानमेन स्मरण सभा आयोजित करने वाले तीन कार्यकर्ताओं को जेल
हांगकांग की एक अदालत ने 1989 के तियानमेन स्क्वायर नरसंहार की याद में लंबे समय से स्मरण सभा आयोजित करने वाले तीन कार्यकर्ताओं को जेल की सजा सुनाई है। ली चक-यान और चाउ हांग-तुंग को सात साल और सात साल तीन महीने की सजा मिली, जबकि अल्बर्ट हो को पांच साल दो महीने जेल भेजा गया। तीनों को चीन की ओर से लागू राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सरकार के खिलाफ लोगों को भड़काने का दोषी ठहराया गया था। अदालत के फैसले को हांगकांग में नागरिक स्वतंत्रताओं की स्थिति का अहम संकेत माना जा रहा है।

अल्जीरिया ने यूएई से तोड़े राजनयिक संबंध
अल्जीरिया ने गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात से राजनयिक संबंध तोड़ दिए। अल्जीरियाई विदेश मंत्रालय ने कथित 'उकसाने वाली और शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों' तथा 'अनुचित व्यवहार' का हवाला दिया। संयुक्त अरब अमीरात ने इस फैसले को अस्थायी होने की उम्मीद जताई है।

गाजा में इस्राइली हमला, यमन में हूती विद्रोहियों ने बंदरगाह पर कब्जा किया
उत्तरी गाजा में इस्राइली हमले में दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। अस्पताल अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बेत लहिया में सुबह करीब 2 बजे हुए इस हमले में एक पति-पत्नी और उनकी 8 व 12 साल की दो बेटियां मारी गईं। इस्राइली सेना ने कहा कि उसने अपने बलों पर हमला करने वाले एक उग्रवादी को निशाना बनाया था। गाजा से इतर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को यमन के रणनीतिक लाल सागर बंदरगाह शहर मोखा पर कब्जा कर लिया। यह शहर बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य से करीब 80 किलोमीटर दूर है, जो दुनिया के करीब 12 फीसदी तेल और सामान भेजने के लिए महत्वपूर्ण है। इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने ईरान को चेतावनी दी कि यदि इस्राइल पर हमला हुआ तो उसे "शक्तिशाली जवाब" मिलेगा। यह बयान ईरान द्वारा जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल दागने के बाद आया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed