फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news updates pakistan bla claim killed many soldiers

दुनिया की खबरें: पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर फिर झड़प, बढ़ा तनाव; एथेंस में जोरदार धमाके से इमारत ढही

Fri, 25 Sep 2026 04:14 PM IST
नितिन गौतम अमर उजाला, नई दिल्ली
अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 25 Sep 2026 04:14 PM IST
विज्ञापन
world news updates pakistan bla claim killed many soldiers
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर फिर झड़प, बढ़ा तनाव; तालि
विज्ञापन


पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की सीमा से लगे गुलिस्तान सेक्टर में अफगान तालिबान के कथित हमले को नाकाम करने का दावा किया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने इस कार्रवाई में तालिबान के कई सदस्यों को मार गिराया।

यह घटना दोनों पड़ोसी देशों के बीच करीब तीन महीने तक अपेक्षाकृत शांति रहने के बाद फिर बढ़े तनाव के बीच हुई है। पिछले सप्ताह पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में एक पुलिस प्रतिष्ठान पर हमला हुआ था, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हुई थी।
विज्ञापन


पाकिस्तान की वायुसेना ने गुरुवार को अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर हमला किया था। इस्लामाबाद का कहना था कि इन ठिकानों का इस्तेमाल ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें रखने के लिए किया जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन


दोनों देशों के बीच फरवरी में भी संघर्ष हुआ था। इसके बाद तनाव जारी रहने के दौरान मार्च में काबुल पर पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई थी।

अफगान तालिबान ने कहा था कि मार्च में किया गया हवाई हमला एक मादक पदार्थ पुनर्वास केंद्र को निशाना बनाकर किया गया था।

बांग्लादेश 2024 में फासीवाद से मुक्त हुआ: संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री तारीक रहमान

बांग्लादेश 2024 में फासीवाद से मुक्त हुआ और सरकार देश को "ठीक" करने के लिए सुधार, पुनर्स्थापन और पुनर्निर्माण की रणनीति पर काम कर रही है। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में यह बात कही।

रहमान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपना भाषण बांग्ला में दिया। वह अपने परिवार के तीसरे सदस्य हैं, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया है। उनसे पहले उनके पिता और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के साथ मां और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित कर चुकी हैं।

उनके पिता जियाउर रहमान ने 1980 में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया था, जबकि उनकी मां ने 1993 में विश्व नेताओं को संबोधित किया था। रहमान ने गुरुवार को अपने पहले संबोधन में कहा, "डेढ़ दशक से अधिक समय के फासीवादी शासन और शोषण को खत्म करने के बाद बांग्लादेश 2024 में फासीवाद से मुक्त हुआ।"

नेपाल-चीन सीमा पर बाढ़ के एक महीने बाद भी 50 से ज्यादा यूक्रेनी लापता, परिवारों को जवाब का इंतजार
ओलेना कलिनिचेंको चीन से खरीदी गई गुलदाउदी की चाय अपने साथी के साथ साझा करने का इंतजार कर रही थीं। उनके साथी ओलेस विसिच ने कहा, "उन्होंने कहा था, जब मैं घर लौटूंगी तो हम चीनी फूलों से बनी चाय साथ में पिएंगे।" अब वह एक महीने से ओलेना की खबर का इंतजार कर रहे हैं। ओलेना और हजारों अन्य लोग नेपाल-चीन सीमा पर आई भीषण बाढ़ के दौरान लापता हो गए थे।

ओलेना की आखिरी ज्ञात लोकेशन स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 22 मिनट पर एक सीमा चौकी से चीन से बाहर निकलते समय दर्ज हुई थी। इसके 15 मिनट बाद बाढ़ आ गई थी। 36 वर्षीय कलिनिचेंको उन 56 लोगों के समूह का हिस्सा थीं, जिनमें ज्यादातर यूक्रेनी नागरिक थे। यह समूह आध्यात्मिक प्रवास के लिए तिब्बत स्थित कैलाश पर्वत गया था।

इन परिवारों की स्थिति बताती है कि आपदा में लापता लोगों को बचाने, उनके शव बरामद करने और उनकी पहचान करने की प्रक्रिया कितनी जटिल और समय लेने वाली हो सकती है। लापता लोगों की संख्या को देखते हुए इस प्रक्रिया में कई महीने लगने की संभावना है।

ये लोग घर लौटते समय चीन से नेपाल की ओर जाते हुए लापता हुए। कुछ रिश्तेदारों का कहना है कि उन्हें अधिकारियों से कोई जानकारी नहीं मिली है। चीनी सरकार ने कम से कम दो परिवारों को बताया है कि उनके रिश्तेदार बाढ़ आने से पहले ही चीन की सीमा से बाहर निकल गए थे। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि वे नेपाल पहुंचे थे या नहीं। नेपाल का आव्रजन परिसर और उससे जुड़े रिकॉर्ड बाढ़ में नष्ट हो गए हैं, जिससे लापता लोगों की आवाजाही की पुष्टि करना और भी मुश्किल हो गया है।

मानवाधिकार संस्था ने पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और ऑनर किलिंग की निंदा की
अल्पसंख्यक अधिकारों के लिए काम करने वाले एक प्रमुख संगठन ने पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा की निंदा की है। संगठन ने देश भर में पीड़ित को ही दोषी ठहराने, उत्पीड़न और तथाकथित "ऑनर किलिंग" (सम्मान के नाम पर हत्या) की गहरी जड़ें जमा चुकी संस्कृति की ओर इशारा किया है।  'वॉयस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी' (वीओपीएम) के अनुसार, महिलाओं के साथ हिंसा होने के बाद अक्सर उनके कपड़ों, आने-जाने, चरित्र और निजी पसंद को लेकर सवाल उठाए जाते हैं।

वीओपीएम ने कहा, "पाकिस्तान में किसी महिला के साथ रेप हो सकता है और फिर भी उससे पूछा जा सकता है कि उसने ऐसा क्या किया, जिसकी वजह से यह हुआ। उसके कपड़ों, जगह या चरित्र को लेकर उसे परेशान किया जा सकता है। 'ऑनर' (सम्मान) के नाम पर उसकी हत्या की जा सकती है। फिर भी लोग अपराध की निंदा करने के बजाय उसकी पसंद पर बहस करते हैं। यह सोच गलत है। महिला के कपड़ों की वजह से रेप नहीं होता। रात में यात्रा करने से हमले को सही नहीं ठहराया जा सकता। भरोसे का मतलब सहमति नहीं होता। किसी पुरुष को मना करने का मतलब यह नहीं है कि उसे हमला करने या जान लेने का अधिकार मिल गया है।"

तूफान 'डुजुआन' ने जापान में मचाई तबाही, मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हुई
पूर्वी जापान के कांटो इलाके में एक बड़े तूफान की वजह से हुई भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मारे गए लोगों में से सात की मौत चिबा प्रान्त में हुई, जो टोक्यो के पूर्व में है। वहीं, राजधानी के दक्षिण-पश्चिम में स्थित कानागावा प्रान्त में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

सरकारी प्रसारक एनएचके के मुताबिक, हाल में जिस पीड़ित का शव मिला, वह 70 साल से ज्यादा उम्र की एक महिला थीं। कानागावा के योकोसुका में भूस्खलन के बाद उन्हें लापता बताया गया था। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पुलिस और दमकलकर्मी अब भी लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।

पोप लियो XIV चार दिवसीय यात्रा के लिए फ्रांस पहुंचे
पोप लियो XIV चार दिवसीय यात्रा के लिए फ्रांस पहुंच गए हैं। उनकी चार्टर उड़ान शुक्रवार सुबह पेरिस के ओरली हवाईअड्डे पर उतरी। इस दौरान वह पेरिस, कैथोलिक तीर्थस्थल लूर्द और फ्रांस के उत्तर-पूर्वी शहर मेट्ज में चार दिन के व्यस्त कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पोप की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब वह युद्ध के बीच शांति की अपनी अपील पर ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। इसके साथ ही वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव के बीच इस बात पर भी अधिक विचार करने की जरूरत पर जोर देना चाहते हैं कि इंसान होने का वास्तविक अर्थ क्या है।

बलूचिस्तान: बलूच लड़ाकों ने 25 हमलों में मारे 18 पाकिस्तानी सैनिक
बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने गुरुवार को पिछले कुछ दिनों में पूरे बलूचिस्तान में 25 ऑपरेशनों की जिम्मेदारी ली है। स्थानीय मीडिया की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, इस ऑपरेशन में पाकिस्तानी बलों को निशाना बनाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 18 सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। 

द बलूचिस्तान पोस्ट को जारी एक बयान में बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने कहा कि उसके लड़ाकों ने 14 से 23 सितंबर के बीच प्रांत के कई हिस्सों में हमले किए, जिनमें पंजगुर, केच, खारान, खुजदार, मस्तुंग, वाशुक, नुश्की और अन्य क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अभियानों के दौरान बीएलए ने पाकिस्तानी सैन्य काफिलों और चौकियों, निगरानी ढांचे, आपूर्ति मार्गों और जिसे समूह ने 'डेथ स्क्वॉड' बताया, उस पर हमला किया।

बयान के अनुसार, बीएलए ने 22 सितंबर को क्वेटा के पास दश्त के टेरा माइल इलाके में पैदल गश्त के दौरान सेना के बम निरोधक दस्ते के सदस्यों को एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से निशाना बनाया। समूह ने दावा किया कि हमले में एक पाकिस्तानी जवान की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

बीएलए ने कहा कि उसी दिन लड़ाकों ने खुजदार में बागबाना पुलिस स्टेशन पर कब्जा कर लिया और वहां रखे हथियारों और उपकरणों को जब्त कर लिया। समूह ने कहा कि बाद में पुलिस एंटी-टेररिस्ट फोर्स (एटीएफ) के कर्मी, 'डेथ स्क्वॉड' के सदस्यों के साथ इलाके में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन पर हमला किया गया। उसने कहा कि कथित सशस्त्र समूह के कई सदस्य मारे गए और थानाध्यक्ष (एसएचओ) मुनीर आलम जट्टक सहित पुलिस कर्मी घायल हो गए।

बीएलए के अनुसार, उसके लड़ाकों ने 20 सितंबर को नुश्की में बाईपास रोड पर शहीद बालाच खान स्टेडियम के पास पाकिस्तानी सैन्य बलों को भी निशाना बनाया, जिसमें दो जवान मारे गए और चार अन्य घायल हो गए। उसने आगे दावा किया कि बुलेदा के कोश्क इलाके में एक सैन्य चौकी पर ग्रेनेड-लॉन्चर से कई राउंड फायरिंग की गई।

समूह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने 21 सितंबर को मांड में रादिग पर कब्जा कर लिया, प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी की और भारी और स्वचालित हथियारों का उपयोग करके पाकिस्तानी सेना के मुख्य शिविर पर हमला किया।

इससे पहले, 18 सितंबर को, उसने दावा किया था कि उसके लड़ाकों ने मांड में बलोचाबाद और बुल्लो पर कब्जा कर लिया, प्रमुख प्रवेश बिंदुओं को अवरुद्ध कर दिया, और ऑपरेशन के दौरान क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित किया। बीएलए ने आरोप लगाया कि बाद में पाकिस्तानी बलों ने नागरिक बस्तियों को निशाना बनाने के लिए क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल किया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए, जबकि उसके लड़ाकों ने एक ड्रोन को मार गिराया।

समूह ने बलूचिस्तान के संसाधनों के शोषण, कथित राज्य समर्थित सशस्त्र समूहों और पाकिस्तान की 'शोषणकारी नीतियों' के खिलाफ अपने अभियानों को जारी रखने की कसम खाई। बयान में कहा गया, "हमारे लड़ाकों द्वारा दिए गए ये बलिदान और आर्थिक नाकेबंदी की रणनीति हर मोर्चे पर कब्जा करने वाली सेना को हार का सामना करा रही है। स्वतंत्र और संप्रभु बलूचिस्तान की स्थापना होने तक पाकिस्तान के खिलाफ बीएलए का सशस्त्र संघर्ष जारी रहेगा।"

एथेंस में एक जोरदार धमाके से इमारत ढही, दो महिलाएं घायल

ग्रीस की राजधानी एथेंस के ऐतिहासिक प्लाका इलाके में शुक्रवार सुबह जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मच गई। धमाका एक पुराने दो मंजिला भवन में हुआ, जिसके बाद पूरी इमारत ढह गई। आसपास की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। यह इलाका प्राचीन एक्रोपोलिस पहाड़ी के ठीक नीचे स्थित है और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। दमकल विभाग के मुताबिक, धमाके के बाद अग्निशमन कर्मियों ने पास की इमारत से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, धमाके की चपेट में आने से सड़क से गुजर रहा एक व्यक्ति भी मामूली रूप से घायल हुआ है। धमाके के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। बचाव दल मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चला रहे हैं। घटनास्थल के वीडियो में सड़क पर बिखरा मलबा और क्षतिग्रस्त कारें दिखाई दीं। धमाके के कारणों की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय मीडिया ने गैस रिसाव की आशंका जताई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed