फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Bangladesh Durga Puja 2026: Tight Security, PM Tarique Rahman Stresses Communal Harmony

'धर्म व्यक्ति का, राज्य सबका': बांग्लादेश में कड़ी सुरक्षा के बीच दुर्गा पूजा का आयोजन; पीएम तारिक क्या बोले?

Sat, 17 Oct 2026 02:12 PM IST
शिवम गर्ग पीटीआई, ढाका।
पीटीआई, ढाका। Published by: शिवम गर्ग Updated Sat, 17 Oct 2026 02:12 PM IST
सार

बांग्लादेश में 33,851 पंडालों में दुर्गा पूजा मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान और राष्ट्रपति मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने धार्मिक सद्भाव और समान अधिकारों का संदेश दिया है। सुरक्षा के लिए पुलिस, ड्रोन और हेलिकॉप्टर तैनात किए जा रहे हैं। सरकार ने छुट्टियां और आर्थिक सहायता भी बढ़ाई है।

विज्ञापन
Bangladesh Durga Puja 2026: Tight Security, PM Tarique Rahman Stresses Communal Harmony
बांग्लादेश दुर्गा पूजा 2026 - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

बांग्लादेश में हिंदू समुदाय का सबसे बड़ा वार्षिक त्योहार दुर्गा पूजा व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान और राष्ट्रपति मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक सद्भाव, समान अधिकारों और सभी नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया। सरकार ने पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ त्योहार की छुट्टियां भी बढ़ाई हैं।
विज्ञापन


देशभर में बनाए गए 33,851 पूजा पंडाल
बांग्लादेश पूजा उद्जापन परिषद के अनुसार, इस साल देशभर में कुल 33,851 दुर्गा पूजा पंडाल बनाए गए हैं। इनमें राजधानी ढाका के 258 पंडाल शामिल हैं। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार पंडालों की संख्या में करीब 1,500 की बढ़ोतरी हुई है। दुर्गा पूजा बांग्लादेश के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय का सबसे बड़ा वार्षिक धार्मिक आयोजन है। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में अस्थायी और स्थायी पूजा स्थलों पर उत्सव आयोजित किए जाते हैं।
विज्ञापन


पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बांग्लादेश में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूजा स्थलों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। वर्दीधारी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ विशेष सुरक्षा इकाइयों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन इंतजामों में SWAT, क्विक रिस्पॉन्स टीम और बम निरोधक दस्ते शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस मुख्यालय और अन्य पुलिस इकाइयों में निगरानी केंद्र बनाए गए हैं, जहां से सुरक्षा की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था है। स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन-2 ने भी खुफिया निगरानी बढ़ाने, गश्त करने, चेकपॉइंट स्थापित करने और 24 घंटे कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन संचालित करने की घोषणा की है। मूर्ति विसर्जन के दौरान दो हेलिकॉप्टर और ड्रोन तैनात किए जाने की योजना है। इसके अलावा, एक मोबाइल एप भी शुरू किया गया है, जिसके जरिए लोग पूजा स्थलों पर होने वाली घटनाओं की जानकारी सीधे कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दे सकेंगे।

पीएम तारिक रहमान बोले- धर्म व्यक्ति का, राज्य सबका
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने शुक्रवार को हिंदू समुदाय को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से त्योहार को खुशी, आत्मविश्वास और बिना किसी डर के मनाने की अपील की। बीएसएस के मुताबिक, रहमान ने कहा कि धार्मिक त्योहारों का आयोजन बांग्लादेश के पारंपरिक धार्मिक और सामाजिक मूल्यों के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के बीच मित्रता, सद्भाव और भाईचारे को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के जरिए मजबूत किया जाता है।

रहमान ने कहा "धर्म व्यक्ति का है, जबकि राज्य सबका है। धर्म की परवाह किए बिना हर किसी को सुरक्षा का अधिकार है।" प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार राजनीतिक विचारों, धर्म या जातीय पहचान से परे सभी नागरिकों के लिए कल्याणकारी, सुरक्षित और मानवीय देश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बीएसएस की रिपोर्ट के अनुसार, रहमान मंगलवार को चटगांव में एक दुर्गा पूजा स्थल का दौरा भी करने वाले हैं।

राष्ट्रपति ने धार्मिक स्वतंत्रता और समान अधिकारों पर दिया जोर
राष्ट्रपति मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने भी शुक्रवार को दुर्गा पूजा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह बंगाल की सामाजिक संस्कृति और विरासत से भी गहराई से जुड़ी हुई है। राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि यह त्योहार विभिन्न धर्मों को मानने वाले लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करेगा।

बीएसएस के मुताबिक, आलमगीर ने कहा कि सरकार हिंदू धार्मिक संस्थानों और पूजा स्थलों के प्रबंधन, नवीनीकरण और विकास में सहयोग कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य धर्मों के धार्मिक स्थलों की तरह हिंदू समुदाय के संस्थानों को भी समर्थन दिया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि हर धर्म लोगों को सत्य, न्याय, संयम और मानव कल्याण का रास्ता दिखाता है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि सभी धार्मिक समुदाय बिना किसी भेदभाव, वंचना या असुरक्षा के अपना त्योहार मना सकें।

बांग्लादेश में करीब 1.3 करोड़ हिंदू
वर्ष 2022 की जनगणना के आधार पर बांग्लादेश की करीब 17 करोड़ आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी लगभग आठ प्रतिशत है। देश में हिंदू समुदाय के लिए दुर्गा पूजा सबसे महत्वपूर्ण वार्षिक त्योहारों में से एक है। इस साल सरकार ने हिंदू समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए कार्यकारी आदेश के जरिए दुर्गा पूजा की छुट्टी बढ़ाकर तीन दिन कर दी है। शुक्रवार और शनिवार की नियमित साप्ताहिक छुट्टियों के साथ लोगों को 16 से 20 अक्तूबर तक लगातार पांच दिन का अवकाश मिल रहा है।


पूजा पंडालों के लिए बढ़ाया सरकारी आवंटन
दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर बांग्लादेश सरकार ने वित्तीय सहायता में भी बढ़ोतरी की है। बीएसएस के मुताबिक, पूजा पंडालों के लिए आवंटन चार करोड़ टका से बढ़ाकर पांच करोड़ टका कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक पंडाल के लिए चावल का आवंटन 500 किलोग्राम से बढ़ाकर 600 किलोग्राम किया गया है। सरकार की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, धार्मिक स्थलों को सहायता देने और छुट्टियां बढ़ाने जैसे कदम ऐसे समय उठाए गए हैं, जब देशभर में दुर्गा पूजा के आयोजन हो रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed