वाराणसी की खबरें: अर्नब का असर खत्म, 2 दिन बाद निकली धूप से 5 डिग्री बढ़ा तापमान; इन इलाकों में बिजली कटौती
चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कमजोर पड़ने के दो दिन बाद धूप निकलने से तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि, धूप निकलने के साथ ही बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। शहर के कई इलाकों में कटौती की सूचना जारी की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
दो दिनों की रिमझिम बारिश के बाद शनिवार को काशी में कड़ी धूप निकलने से गर्मी का अहसास हुआ। एक ही दिन में अधिकतम तापमान पांच डिग्री ऊपर चढ़कर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
हालांकि, फिर भी यह सामान्य से 4.3 कम ही रहा। जिले का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा था। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया है कि प्रदेश में कहीं-कहीं कोहरा पड़ने की संभावना है।
हालांकि अर्नब तूफान के कमजोर होते ही काशी का मौसम सामान्य होने के बावजूद शनिवार को बीच-बीच में बादल भी छाते रहे। पूर्वी उत्तर प्रदेश मौसम साफ होने आगामी 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है। दो दिन हुई बारिश के कारण शहर में कई स्थानों पर जलभवरा की स्थिति हो गई। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तीन इलाकों में चार घंटे बिजली कटौती होगी
शहर के तीन बिजली उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में रविवार को मरम्मत और लाइन शिफ्टिंग कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। नगर निगम उपकेंद्र से जुड़े करंट कोचिंग, हैप्पी मॉडल और सर्किल ऑफिस फीडर पर सीएम ग्रिड योजना के तहत सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक काम होगा। माधोपुर चौराहा, बीएसएनएल ऑफिस प्रभावित रहेंगे। पहड़िया गांव, पहड़िया चौराहा, पहड़िया मंडी, काली माता मंदिर, कुंती विहार, अशोक विहार और श्रीनगर फेज-एक व दो में बिजली कटौती होगी। कोटवा उपकेंद्र के फुलवरिया फीडर पर 11 केवी लाइन की गार्डिंग के लिए दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक शटडाउन रहेगा।
परिवार को जान से मारने की धमकी
घर में घुसकर परिवार को जान मारने की धमकी मामले में पीड़ित धर्मेंद्र कुमार जायसवाल ने शनिवार को मंडुवाडीह थाने में तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मंडुवाडीह के मड़ौली निवासी धर्मेंद्र कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि सुबह 10:16 बजे आठ लोगों ने दरवाजे पर हमला किया और अपशब्दों का प्रयोग किया। परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साजिश के तहत उनकी गाड़ी भी जला दी गई थी। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आसपास के सीसी टीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
कमिश्नरेट के चार पुलिसकर्मियों को विदाई
पुलिस कार्यालय कमिश्नरेट में शनिवार को चार पुलिसकर्मियों को विदाई दी गई। इनमें तीन उप निरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी शामिल हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उप निरीक्षक जय प्रकाश दुबे (थाना लोहता), उप निरीक्षक राम नरायन राम (थाना भेलूपुर), उप निरीक्षक घुड़सवार पुलिस मोहन यादव (पुलिस लाइन) और मुख्य आरक्षी भरत प्रसाद (पुलिस लाइन) को सम्मानित किया।
राजातालाब सब्जी मंडी में लगी आग
हाईवे किनारे स्थित राजातालाब सब्जी मंडी में शुक्रवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से पांच आढ़तियों की दुकानों में रखी सब्जियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना में आलू, प्याज और फाइबर के कैरेट जल गए, जिससे दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ। आग से प्रभावित दुकानदारों में अब्बास अली, राजू केसरी, गिरजा शंकर, इमाम हुसैन और शिबू शामिल हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
बगैर सूचना के जनगणना प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहने पर होगी कार्रवाई
जनगणना-2026 के लिए प्रशिक्षण जारी है। वहीं, प्रशिक्षण के दौरान बगैर सूचना के अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने लापरवाही बरतने वाले ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी है । जनगणना प्रशिक्षण के दौरान आदमपुर जोन के बिना सूचना के 01, भेलूपुर में 25, वरूणापार में 05 और सारनाथ जोन के 11 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। उधर, गत 30 अक्तूबर को सिगरा स्थित सनबीम स्कूल के ऋषि मंडई चार्ज की जोनल ट्रेनिंग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जोनल अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान साफ-सफाई, खाने आदि की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इसी प्रकार अन्य जोनों पर भी ट्रेनिंग कराई जा चुकी है।
निर्माण कार्यों में ढिलाई और फिनिशिंग में मिलीं कमियां
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को शहर में चल रहे सीएम ग्रिड योजना और सड़क निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में ढिलाई और फिनिशिंग में कमियां मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के फेज-3 के साथ-साथ फेज-1 के तहत आने वाली ट्रॉमा सेंटर रोड और सुंदरपुर वाली सड़क का भी निरीक्षण किया।
इसके अलावा भगवानपुर क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण कार्यों और गली-सड़क खड़ंजा कार्यों का भी जायजा लिया। नगर आयुक्त ने फेज-3 में तेजी से कार्य शुरू कराने, रास्ते में आने वाले सभी अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटवाने के निर्देश दिए। वहीं, ट्रॉमा सेंटर और सुंदरपुर वाली सड़कों के निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया। काम में विलंब और लापरवाही को लेकर ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी गई है।
आईआईटी में सिक्का जारी करेंगी वित्तमंत्री
आईआईटी बीएचयू में तीन नवंबर को संगीतज्ञ मुथुस्वामी दीक्षिता की 250वीं जयंती मनाई जाएंगी। स्वतंत्रता भवन में होने वाले समारोह में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मुथुस्वामी पर बनाए गए स्मारक सिक्का को जारी करेंगी। स्वतंत्रता भवन में दोपहर 2 बजे से होने वाले आयोजन का नाम ‘’अमरा गुरुगुहा’’ रखा गया है। यह आयोजन मुथुस्वामी दीक्षिता के संगीत और सांस्कृतिक योगदान को समर्पित होगा। इसका आयोजन आईआईटी बीएचयू के आईकेएससी सेंटर के माध्यम से किया जा रहा है।
मौसम सामान्य होने पर चलीं नावें
मौसम सामान्य होते ही शनिवार से गंगा में नावों को संचालन शुरू हो गया। दो दिन की बंदी के बाद जब संचालन शुरू हुआ तो नाविकों ने राहत की सांस ली। बीते तीन महीने में तीन बार नावों के संचालन बंद होने के कारण नाविकों की आजीविका पर असर पड़ा है। अर्नब चक्रवात के कारण बीते तीनों दिन तक मौसम काफी खराब था। तेज हवा को देख जल पुलिस ने नावों के संचालन पर राेक लगा दी थी। अगस्त में बाढ़ के कारण 70 दिन तक संचालन बंद रहा।
बारिश से धान खराब तो 72 घंटे में दें सूचना
वाराणसी जिले में चक्रवाती तूफान और बारिश से खलिहानों में रखी धान की फसल को नुकसान हुआ है। जिला कृषि अधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों से अपील की है कि वे फसल क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को दें, तभी क्षतिपूर्ति मिल सकेगी। टोल-फ्री नंबर 14447 पर सूचना दे सकते हैं। शिकायत दर्ज करते समय आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर और बीमा पॉलिसी से जुड़े दस्तावेज पास रखना अनिवार्य है। व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7065514447 पर मैसेज भेज सकते हैं।
सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में किया षोडशोपचार पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां दर्शन-पूजन और आरती की। मंदिर में बच्चों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें चॉकलेट दी। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्याण की कामना की।
मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने उठाईं समस्याएं
डीएलडब्ल्यू मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बरेका परिसर में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर समस्याओं का ज्ञापन सौंपकर उसके जल्द समाधान की मांग की। पदाधिकारियों ने रेलवे बोर्ड और संबंधित अधिकारियों से इन विषयों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई करने और संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक निर्धारित करने का अनुरोध किया। रेलमंत्री को दिए ज्ञापन में मजदूर संघ पदाधिकारियों ने बताया कि बरेका ने अब तक लगभग 11 हजार लोकोमोटिव का निर्माण किया।
रेलवे बोर्ड के 2026-27 और 2027-28 के उत्पादन कार्यक्रम में बरेका के लिए क्रमशः 460 और 226 लोकोमोटिव का लक्ष्य निर्धारित है। उसने उपलब्ध उत्पादन क्षमता और अनुभवी कार्यबल का उपयोग बढ़ाने के लिए बरेका में ट्रेनसेट, मेमू, वंदे भारत तथा अन्य उपयुक्त रेल उत्पादन कार्य शुरू करने की संभावनाओं पर विचार की जरूरत है। बीआरएमएस के संगठन मंत्री राधा बल्लभ, अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष अजय सिंह, महामंत्री राकेश कुमार पाण्डेय, संगठन मंत्री श्याम मोहन तिवारी ने जल्द समाधान की मांग की।
13 नवंबर को नागनथैया आज होगा मुकुट पूजन
अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास की ओर से स्थापित श्रीकृष्ण लीला छह नवंबर से 25 नवंबर तक तुलसी घाट पर होगी। रविवार की शाम सात बजे तुलसी घाट पर मुकुट पूजा होगी। संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने बताया कि विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला (कालियदमन) 13 नवंबर को शाम तीन बजे से होगी। छह को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, पूतना वध से लीला शुरू होगी। जबकि अन्य दिनों में नामकरण, चंद्र प्रस्ताव-ब्राह्मण भोजन, माखनचोरी, दामरी बंधन, वृंदावनगमन, वत्सासुर वध, गोदोहन, बकासुर वध, चकईभौरा खेलन, राधिका-मिलन, चिरहरण, गोवर्धन लीला, रासलीला, कंस वध, राज्याभिषेक व दशावतार की झांकी आदि की लीला होगी। लीला प्रतिदिन शाम छह बजे शुरू होगी।
दालमंडी में 10 नवंबर के बाद बनेगी सड़क, पेयजल पाइप डालने का काम जारी
दालमंडी में 10 नवंबर के बाद सड़क बनने की शुरुआत होगी। जल निगम की ओर से 300 मीटर सीवर-पेयजल पाइप लाइन डालने का काम जारी है। जो 10 नवंबर तक पूरा होगा। जल निगम की ओर से पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरण के बाद सड़क बनाने का काम शुरू होगा। इसके आगे जल निगम आगे पाइपलाइन डालेगा और पीडब्ल्यूडी चौक थाने की ओर से सड़क बनाने का काम शुरू होगा।
दालमंडी में 17.4 मीटर में सड़क, फुटपाथ और नाली होगी। दोनों तरफ 10 (पांच-पांच) मीटर की सड़क, 6.4 (3.2-3.2) मीटर का फुटपाथ और एक (आधा-आधा) मीटर की केसी ड्रेन नाली है। फुटपाथ के नीचे जनसुविधाओं को भूमिगत किया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ पाथ-वे होगा। इस सड़क पर सीवर लाइन, पानी की निकासी, पानी का कनेक्शन, वाई-फाई की सुविधा अंडर ग्राउंड होगी।
ग्रीन एरिया भी बनाया जाएगा। जगह-जगह गुलाबी पत्थरों से खूबसूरत कुर्सियां भी बनाई जाएंगी। दीवारों पर पेंटिंग होगी। सड़क का निर्माण दिसंबर में पूरा हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि दालमंडी में 10 नवंबर के बाद चौक की तरफ से सड़क बनाने की शुरुआत की जाएगी। अभी यहां सीवर-पेयजल पाइप लाइन डालने का काम जारी है।
27 छात्राओं को मिले 2100 के पुरस्कार
आर्य महिला पीजी कॉलेज में शनिवार को पूर्व छात्रा समागम और सम्मान कार्यक्रम हुआ। एलुमनाई एसोसिएशन ने महर्षि ज्ञानानंद सभागार में पूर्व छात्राओं को एक साझा मंच देकर उनके अनुभवों और उपलब्धियों को साझा जाना। मुख्य अतिथि पत्रकार ऋचा पराशर, विशिष्ट अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में डॉ. रेनू कोछड़ शर्मा पहुंची। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना दूबे ने पूर्व छात्राओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि पूर्व छात्राएं किसी भी शिक्षण संस्थान की अमूल्य धरोहर होती हैं।
एलुमनाई एसोसिएशन पूर्व छात्राओं को अपनी जड़ों से जोड़े रखने और महाविद्यालय के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। इसके पश्चात डॉ. नमिता सिन्हा ने एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण दिया गया। आठ शिक्षिकाओं और तीन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सम्मान किया गया। महाविद्यालय के सभी सोलह विभागों को प्रिंटर प्रदान किए गए।
ओड़िया साहित्य, सांस्कृतिक विरासत के बारे में जागरूक करना होगा
बीएचयू कला संकाय में कवि सम्राट उपेंद्र भंज ओड़िया पीठ की ओर से ओड़िया भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक अस्मिता का पुनर्संधान विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शनिवार से शुरू हो गया। बतौर मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. महेंद्र कुमार मिश्र ने ओड़िया साहित्य, सांस्कृतिक विरासत के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल,समन्वयक प्रो. गोपबंधु मिश्र मौजूद रहे।
दिल्ली रवाना हुए कांग्रेस कार्यकर्ता
एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी के खिलाफ महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस महारैली में शामिल होने के लिए वाराणसी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रेन एवं अन्य माध्यमों से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
किसानों के नुकसान की तुरंत भरपाई करे सरकार
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव श्याम किशोर सिंह ने शनिवार को सरकार से किसानों की मदद करने की मांग की है। कहा कि पूर्वांचल में बेमौसम बारिश, आंधी से किसानों की धान और सब्जी के नुकसान की भरपाई तुरंत सरकार को करनी चाहिए।
राज्यपाल ने किताब का किया लोकार्पण
बीएचयू के डॉ बाला लखेंद्र की ओर से लिखित किताब एक भारत श्रेष्ठ भारत का राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने लोकार्पण किया। युवा संगम कार्यक्रम के दौरान लखनऊ राज भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन के साथ कई अधिकारी माैजूद रहे।
बिजली निगम की डिजिटल सेवाओं की हुई समीक्षा
पूर्वांचल डिस्कॉम मुख्यालय के शिव शक्ति सभागार में शनिवार को यूपीपीसीएल की आईटी टीम ने बिजली निगम के डिजिटल सेवाओं की समीक्षा की। बैठक में यूपीपीसीएल मुख्यालय की आईटी टीम और डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर बिलिंग, उपभोक्ता सेवाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म, साइबर सुरक्षा और तकनीकी समस्याओं पर चर्चा की। विभिन्न आईटी परियोजनाओं की प्रगति और लंबित कार्यों की नियमित निगरानी से जुड़े विषय भी शामिल रहे।
समीक्षा बैठक में यूपीपीसीएल स्मार्ट एप, 1912 हेल्पलाइन और उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली की स्थिति पर चर्चा हुई। स्मार्ट मीटर से संबंधित बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा के साथ उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दिया गया। बैठक में यूपीपीसीएल मुख्यालय से वरिष्ठ सलाहकार (आईटी) और अधीक्षण अभियंतागण शामिल हुए।
नक्कटैया में निकलीं 60 झांकियां, खरदूषण का वध
जैतपुरा की प्रसिद्ध नक्कटैया शोभायात्रा शनिवार की रात उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा राम कटोरा से शुरू होकर छोहरा स्थित लीला स्थल पर खरदूषण वध के साथ संपन्न हुई। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। श्री आदर्श प्राचीन रामलीला समिति जैतपुरा की ओर से नक्कटैया लीला का उद्घाटन अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने किया।
जिला अध्यक्ष सुमित मद्धेशिया ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 60 आकर्षक झांकियां शामिल थीं। खरदूषण और शूर्पणखा के स्वरूप आगे चल रहे थे। मां काली और दुर्गा के स्वरूपों के तलवार की कलाबाजी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा मार्ग पर आकर्षक ढंग से सजावट की गई थी। शोभायात्रा कबीर चौरा, लोहटिया, डीएवी कॉलेज, औसानगंज, डिगिया, जैतपुरा और छहमुहानी होते हुए छोहरा पहुंची। यात्रा में संरक्षक विजय जायसवाल, राजेश सेठ, प्रमोद यादव, जयशंकर गुप्ता, अजय जायसवाल रहे।
देर से वाराणसी पहुंचे यात्री, आज कोलकाता के लिए निकलेगा गंगा विलास क्रूज
काशी की गंगा में विदेशी पर्यटकों को सैर कराने के बाद लग्जरी रिवर क्रूज गंगा विलास अब रविवार को कोलकाता के लिए रवाना होगा। क्रूज संचालक अंतरा के कार्यक्रम के अनुसार, वाराणसी से कोलकाता तक का सफर 20 रात और 21 दिनों का होगा। क्रूज 18 नवंबर को कोलकाता पहुंचेगा।
पर्यटक गंगा तट पर बसे ऐतिहासिक शहरों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे। शनिवार को पर्यटकों को समय से रामनगर बंदरगाह न पहुंच पाने के कारण निर्णय लिया गया। क्रूज संचालक राज सिंह ने बताया कि गंगा विलास 27 अक्तूबर को 15 विदेशी पर्यटकों के साथ रामनगर मल्टीमॉडल टर्मिनल पहुंचा था। काशी में पर्यटकों के लिए गंगा आरती, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों के भ्रमण कराए गए। अब रविवार शाम 4 बजे रामनगर के बंदरगाह से कोलकाता के लिए रवाना होगा। इसमें 6 भारतीय और 10 स्विस पर्यटक होंगे। क्रूज यहां से आगे की यात्रा में गाजीपुर, बक्सर और पटना सहित बिहार के विभिन्न पड़ावों से होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा।
यूपी में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा जदयू : श्रवण कुमार
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जदयू यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। वह शनिवार को भट्ठी गांव आए और एक लॉन में पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि रविवार को करौता बाजार में जनसभा में होगी। इसमें पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री ने कहा कि बिहार में 15 साल से अपराध में गिरावट आई है। दूध की बिक्री 11 प्रतिशत बढ़ी है। शराब बंदी सख्ती से लागू है। 20 प्रतिशत महिलाओं ने सिलाई कढ़ाई का काम शुरू किया है। सरकार ने महिलाओं को सिलाई मशीन दी है। 44 प्रतिशत लोग शराब के धंधे से हटकर रेडीमेड कपड़े का काम कर रहे हैं। सरकार लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। एक लाख लोग शराब का कारोबार छोड़ कर दूसरा रोजगार कर रहे हैं।
श्रवण कुमार ने कहा कि यूपी की आधी आबादी भी शराब बंदी के पक्ष में है। यदि उत्तर प्रदेश में हमारी पार्टी चुनाव में अच्छी संख्या में सीट जीतती है तो यहां भी बिहार की तरह शराब बंदी का फार्मूला लागू कराएंगे। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल के बताया कि रविवार को पार्टी के बूथ अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अनेक लोग कोरौता बाजार की सभा में अपने विचार रखेंगे। बताएंगे कि पार्टी यूपी में कैसे अपना जनाधार बढ़ाएगी।
कैंसर के इलाज पर मंथन करने में जुटे विशेषज्ञ
उत्तर प्रदेश इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (यूपीआईआरआईए) के वार्षिक सम्मेलन रिकॉन 2026 का शुभारंभ शनिवार को किया गया। इस दौरान देश के विभिन्न जगहों से आए विशेषज्ञों ने अलग-अलग बीमारियों के इलाज में नई तकनीक से रेडियोलॉजिकल जांच पर मंथन किया। दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में बिना सर्जरी लीवर कैंसर वाले मरीजों के उपचार के साथ ही ब्रेन ट्यूमर और स्ट्रोक की इमेजिंग पर विशेषज्ञ बात करेंगे। सुंदरपुर स्थित इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजूकेशन(आईयूसीटीई) कैंपस में बीएचयू के कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। कुलपति ने इस तरह के सम्मेलन को डॉक्टरों के साथ ही मरीजों के लिए उपयोगी बताया।
शंकराचार्य काशी प्रवास पर आज पहुंचेंगे
पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती रविवार को काशी प्रवास पर पहुंचेंगे। वे वाराणसी स्टेशन सुबह 6:15 बजे पहुंचेंगे। दंडी संन्यासी स्वामी वन वैभवारण्य सरस्वती ने बताया कि वह स्टेशन से सीधे अस्सी स्थित श्रीदक्षिणामूर्ति मठ आएंगे। शाम को 5:30 बजे एक विशेष कार्यक्रम होगा। संगोष्ठी में उनका आशीर्वचन होगा। उन्होंने बताया कि दो से 30 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से मंगलमय दर्शन, संगोष्ठी और दीक्षा कार्यक्रम होगा।
राम वनवास प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए भावविभोर
सुंदरपुर स्थित कौशलेश नगर पार्क में चल रही श्रीराम कथा के छठवें दिन राम वनवास और केवट प्रसंग का सुनाया गया। कथा वृंदावन से पधारीं साध्वी निष्ठा ने सुनाई। इस दौरान पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। केवट प्रसंग में साध्वी ने सामाजिक समरसता, प्रेम और निष्काम भक्ति का अद्भुत संदेश दिया। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने साध्वी निष्ठा को सम्मानित किया।
दीपोत्सव में जलाए दीप, किया काव्य पाठ
बौद्धायन सोसाइटी संस्था के वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित विकल्प बोधिश्री के सदस्यों ने शनिवार को सारनाथ में दीपोत्सव मनाया। इसके बाद भजन कीर्तन और काव्यपाठ किया गया। काव्यपाठ कवि देवेंद्र पांडेय ने किया। कवयित्री डॉ. मञ्जरी पांडेय, जलाएंगे दीये घर-घर, अंधेरा दूर भगाएंगे सुनाया। डॉ. लता कुमारी पांडेय ने फिर आई दीपावली, प्रकाश बिखरेगा, रंगोली बनेंगे रंग बिखरेगी सुनाया। कार्यक्रम में डॉ. अभय जैन, शशि श्रीवास्तव, शिवपूजन मौर्य, योगेन्द्र सिन्हा नवल किशोर गुप्त व डॉ. मञ्जरी पांडेय मौजूद रहीं।
मदीना फैजान-ए-सदरुश्शरिया ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जामियातुल मदीना फैजान-ए-सदरुश्शरिया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मौलाना वासिद रजा ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया। मौलाना वासिद रजा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता मनाया जाता है। अंत में उन्होंने सभी से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
मिशन समाज सेवा ने दी ट्राई साइकिल
मिशन समाज सेवा की ओर से शनिवार को कूल्हे की हड्डी टूटने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ महिला को ट्राई साइकिल भेंट की गई। महिला पिंडरा ब्लॉक के औराव गांव निवासी राजीव दीक्षित की पत्नी हैं। कार्यक्रम मिशन समाज सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डंपी तिवारी बाबा के बाबा धाम कॉलोनी स्थित आवास पर हुआ। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश पांडेय रहे। इस दौरान एडवोकेट संदीप मिश्रा, विपुल दुबे, सक्षम आदि मौजूद रहे।
सपा के राष्ट्रीय सचिव आज काशी में
सपा के राष्ट्रीय सचिव व विश्वकर्मा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा एक दिवसीय यात्रा पर रविवार को काशी आएंगे। विश्वकर्मा समाज के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ से सड़क मार्ग से दोपहर वाराणसी पहुंचेगे। विश्वनाथ के दर्शन पूजन करने के पश्चात वह लखनऊ चले जाएंगे।
रोटरी क्लब कबीर ने दिया एकता का संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस पर रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी कबीर ने शनिवार को बरेका में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें लगभग 40 वॉलीबॉल खिलाड़ियों को एकता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। क्लब अध्यक्ष डॉ. अजय दुबे ने एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा पर जोर दिया। संयोजक अशोक राय ने युवाओं में जिम्मेदारी और अनुशासन विकसित करने की आवश्यकता बताई।
ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र की टीम को दिलाई शपथ
केंद्रीय ब्राह्मण महासभा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ परिसर में हुआ। पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु और संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विशम्भरनाथ मिश्र ने नए पदाधिकारियों को बधाई दी। शपथ लेने वालों में सतीश चंद्र मिश्र, केदार तिवारी व कमल तिवारी, चल्ला शुब्बा राव शास्त्री और आशुतोष ओझा ने शपथ ली।
कार्यकारिणी सदस्यों में पूमणि शंकर पांडेय, पं. चल्ला चिंतामणि गणेश, योगदत्त तिवारी, आशीष ओझा और आशुतोष शर्मा को शपथ दिलाई गई। शिक्षक एमएलसी मेरठ श्रीषचंद शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, रणजीत उपाध्याय, कमला कांत, पारसनाथ उपाध्याय, डॉ. अरविंद शुक्ल, ओंकार उपाध्याय, मनीषी परिषद के अध्यक्ष विद्या सागर, महामंत्री दिवाकर द्विवेदी ने नई टीम को बधाई दी।
छह देशों के विद्वान जुटे, 150 से अधिक शोध-पत्रों पर हुआ मंथन
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में जेंडर और सामाजिक बदलाव पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘जेंडर इन फ्लक्स’ का शनिवार को समापन हो गया। इसमें भारत समेत छह देशों के विद्वानों ने हिस्सा लिया। नौ सत्रों में 150 शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव प्रो. श्वेता प्रसाद ने बताया कि संगोष्ठी में जेंडर को भारतीय सामाजिक यथार्थ और विविध जीवन-अनुभवों के संदर्भ में समझने पर चर्चा हुई। शनिवार को नौ समानांतर सत्र हुए।
समापन वक्ता अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ कनेक्टिकट की प्रो. बंदना पुरकायस्थ ने कहा कि जेंडर को केवल व्यक्तिगत पहचान के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। बंगाल में बेगम रोकेया ने सामाजिक व्यवस्थाओं को चुनौती देने में महिलाओं की भूमिका रेखांकित की। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई के कुलपति प्रो. बद्री नारायण तिवारी ने कहा कि जेंडर और सामाजिक पहचान को स्थिर श्रेणियों में सीमित करने के बजाय विविध जीवन-अनुभवों और सामाजिक संबंधों के संदर्भ में समझना चाहिए।
सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. एक. उपाध्याय ने संगोष्ठी को महत्वपूर्ण अकादमिक विमर्श का मंच बताया। इंडियन सोशियोलॉजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष प्रो. डीआर साहू ने जेंडर न्याय और सामाजिक आंदोलनों के संबंधों पर चर्चा की। संगोष्ठी का प्रतिवेदन अनुभा पांडेय ने प्रस्तुत किया। संगोष्ठी में प्रो. आरएन त्रिपाठी, प्रो. ओमप्रकाश भारतीय, डॉ. दिनेश कुमार सिंह, प्रो. सुष्मिता सिंह, प्रो. विमल कुमार लहरी, प्रो. अरुणा कुमारी रहे।
वैदिक अनुष्ठान में यूपी के सीएम को निमंत्रण
आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काशी में चल रहे श्री शुक्ल यजुर्वेद माध्यन्दिन शाखा कंठस्थ दंडक्रम पारायण में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। उन्होंने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा, मैं अवश्य आऊंगा।
मुख्यमंत्री की इस आत्मीय स्वीकृति से आयोजक मंडल और वैदिक विद्वत् समाज में हर्ष का वातावरण है। यह विशिष्ट वैदिक अनुष्ठान कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य विजयेंद्र सरस्वती स्वामी जी महाराज के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है। स्वामी गोविंददेवगिरि जी महाराज भी मार्गदर्शन दे रहे हैं। कांची मठ के मुख्य प्रबंधक वी. एस. सुब्रमण्यम का भी सहयोग है। के. वेंकटरमन घनपाठी, शैलेंद्र काकड़े और डॉ. गजानन ज्योतकर का विशेष योगदान है।
वेद का हर अक्षर पवित्र और कल्याणकारी : ईश्वर घनपाठी
श्री काशी कामकोटिश्वर मंदिर हनुमान घाट में ऐतिहासिक शुक्ल यजुर्वेद माध्यन्दिन शाखा कण्ठस्थ दण्डक्रम पारायण पांचवें दिन शनिवार को भी हुआ। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य स्वामी शंकर विजयेंद्र सरस्वती महाराज और स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज के आशीर्वाद से महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान, पुणे और समर्थाद्वैत पाठशाला, व्यंकटेश्वर के आयोजन में वैदिक विद्वानों और विशिष्ट अतिथियों ने दो बाल विद्वान के पारायण की सराहना की।
विद्वान ईश्वर घनपाठी, वीर राघव घनपाठी, भीमशंकर घनपाठी, प्रेम नारायण त्रिपाठी, मृत्युंजय त्रिपाठी और वेंकट रमण घनपाठी के अलावा आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक जयंती शाह ने विचार रखे। इस आयोजन से युवा पीढ़ी में वेदाध्ययन के प्रति जागरूकता का संदेश जाएगा। यह वैदिक संस्कार और प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण को बढ़ावा दे रहा है। संयोजक वैदिक विद्वान शैलेन्द्र काकड़े और गजानन ज्योतकर रहे।
वैदिक संस्कृति के संरक्षण पर आरएसएस ने की बैठक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्यों की बैठक हनुमान घाट स्थित कांची कामकोटिश्वर मंदिर में हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश संपर्क प्रमुख मनोज ने कहा कि भारतीय संस्कृति की शक्ति वेदों, संस्कारों और गुरु-शिष्य परंपरा में है। इस अवसर पर शुक्लयजुर्वेद माध्यन्दिन शाखा के दण्डक्रम पारायण में साधनारत दो युवा वेदोपासकों को सम्मानित किया गया। गौरी केदारेश्वर महादेव के मुख्य अर्चक पंडित नारायण शास्त्री ने कहा कि ऐसे आयोजन वैदिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण हैं।
ओरियाना हॉस्पिटल में अलग ब्लड ग्रुप का पहला सफल किडनी प्रत्यारोपण
ओरियाना हॉस्पिटल में अलग-अलग ब्लड ग्रुप के मरीज का सफल किडनी प्रत्यारोपण किया गया है। यह उपलब्धि किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. एमएन सिंह और उनकी चिकित्सा टीम ने हासिल की। इस प्रक्रिया को एबीओ इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट कहा जाता है। चंदौली निवासी संजीव कुमार को उनकी पत्नी रूबी ने किडनी दान की। संजीव का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव था, जबकि रूबी का ब्लड ग्रुप बी पॉजिटिव था।
आमतौर पर अलग ब्लड ग्रुप होने पर प्रत्यारोपण अधिक जटिल हो जाता है। ऐसे मामलों में प्रत्यारोपण से पहले विशेष चिकित्सकीय तैयारी और उपचार की जरूरत होती है। डॉ. एमएन सिंह और उनकी टीम ने सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी कीं। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण प्रत्यारोपण को सफलतापूर्वक संपन्न किया। एबीओ इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट एक उन्नत चिकित्सा प्रक्रिया है। इसके माध्यम से ब्लड ग्रुप की असमानता के बावजूद मरीज को किडनी प्रत्यारोपण का लाभ मिलता है। यह वाराणसी और पूर्वांचल के चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
रवि पुष्य नक्षत्र में आज मनेगा पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन तीर्थ भेलूपुर में रविवार को 28वां पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव मनाया जाएगा। जैन मुनि भावसागर ने बताया कि रविवार को रवि पुष्य नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग बनेगा, जो दुनिया का सबसे शक्तिशाली मुहूर्त है। इस क्रम में शनिवार को सुबह मांगलिक क्रियाएं हुईं। मुनि धर्मसागर ने बताया कि दिगंबर साधु, संयमी जीवन और अहिंसा महाव्रत के पालन के लिए मयूर पिच्छिका हमेशा अपने साथ रखते हैं।
जन्म-मरण से मुक्ति दिलाती है श्रीमद् भागवत
वाराणसी। केदार घाट स्थित करपात्र धाम में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शनिवार को समापन हो गया। आचार्य डॉ. भारत भूषण महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत की कथा जन्म-मरण के आवागमन से मुक्त कराती है। जनार्दन दुबे ने भागवत पोथी की आरती कर भक्तों में प्रसाद वितरित किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और वाराणसी लोकसभा चुनाव रद्द कर दोबारा कराने की मांग को लेकर बुधवार को छित्तूपुर गेट, बीएचयू के पास महानगर युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों को प्रतीकात्मक तरीके से सामने रखा।
कार्यकर्ता ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर हाथ में ईवीएम लेकर भागने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे रस्सी से पकड़कर बांध दिया। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर नारेबाजी की। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वाराणसी लोकसभा चुनाव से जुड़े सभी सवालों की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
जांच में अनियमितता के आरोप सही पाए जाते हैं तो सांविधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। सिद्धार्थ केशरी ने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और मतदाता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन में ओमशंकर शुक्ला, विकास सिंह, मुरारी यादव, रोहित दुबे, सुमन आनंद रहे।
छात्रों ने निकाली बीएचयू प्रशासन की प्रतीकात्मक शवयात्रा, हुई धक्कामुक्की
बीएचयू में बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतीकात्मक शव यात्रा के बीच छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों में जमकर धक्कामुक्की और उठा-पटक हुई। बांस की सीढ़ी पर प्रतीकात्मक शव पर कफन ओढ़ाकर कंधा देते हुए छात्र जैसे ही केंद्रीय कार्यालय के बाहर निकलने लगे वैसे ही सुरक्षागार्डों ने उनको रोका।
छात्र विवि प्रशासन मुर्दाबाद और श्रीराम नाम सत्य है का नारा लगाते हुए गेट के बाहर निकले। फिर, बैठकर शव विलाप भी किया। पिछले आठ दिनों से चीफ प्राॅक्टर के इस्तीफे की मांग पर अड़े एबीवीपी संगठन की निकाली इस शव यात्रा में 100 से ज्यादा विद्यार्थी उमड़े।
मालवीय मूल्यों के क्षरण का आरोप : छात्रों ने प्रशासनिक व्यवस्था, छात्रहित से जुड़े मामलों में कथित उदासीनता और मालवीय मूल्यों के क्षरण के विरोध में भी आवाज उठाई। इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि इस प्रदर्शन से यह संदेश देना है कि बीएचयू की स्थापना का आधार रहे मूल्यों के कमजोर होने को छात्र स्वीकार नहीं करेंगे। जब तक चीफ प्रॉक्टर पर कार्रवाई नहीं तब वे धरना खत्म नहीं करेंगे। इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि आंदोलन को कमजोर करने का काम किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन व विद्यार्थियों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी।
जांच में 41 में से 6 को मधुमेह और तीन को हाई बीपी
मंडल चिकित्सालय में बुधवार को सफाई मित्र सुरक्षा शिविर लगा। शिविर में विभागीय और संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों तथा सुपरवाइजरों समेत 41 सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इनमें 6 को मधुमेह और तीन में हाई बीपी की शिकायत मिली। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरजे चौधरी के नेतृत्व में लगे शिविर में सफाई कर्मचारियों को काम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पीपीई किट और आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी दिए गए। वहीं, बरेका में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई मित्रों का सम्मान किया गया।
प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में बरेका अधिकारी क्लब में लगभग 350 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। संरक्षा विभाग ने उप मुख्य संरक्षा अधिकारी की देखरेख में पीपीई किट, मास्क, दस्ताने और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरण वितरित किए। सफाई मित्रों को विवेक शील, सुनील कुमार, जितेंद्र अग्रवाल और पलाश सक्सेना ने हॉट पॉट देकर सम्मानित किया। शाम चार बजे जलालीपट्टी मार्केट में निर्देशक सुशील त्रिपाठी के निर्देशन में नुक्कड़ नाटक एक कदम स्वच्छता की ओर का मंचन हुआ।
11,219 परिवारों को 191 करोड़ की सहायता
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वाराणसी के 11,219 परिवारों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद मिली है। जिला प्रशासन के अनुसार मई 2017 से 8 सितंबर 2026 तक मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 11,219 लाभार्थियों के लिए कुल 1,91,11,58,416 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) विनय कुमार सिंह ने बताया कि गंभीर बीमारी और आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक रूप से कमजोर पात्र परिवारों को इस कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
मध्यमेश्वर में लाभार्थियों से मिले मंत्री दयालु
शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मध्यमेश्वर मंडल में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र लाभार्थियों के बीच पहुंचे। मैदागिन, मध्यमेश्वर, दारानगर और विशेश्वरगंज क्षेत्र के लोगों ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और वृद्धावस्था पेंशन से हुए बदलाव की जानकारी दी। मंत्री ने नए पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभार्थी ने बताया कि योजना के तहत पक्का घर मिलने से उसके परिवार की स्थिति बदली। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी ने मुफ्त इलाज मिलने का अनुभव साझा किया। एक बुजुर्ग ने वृद्धावस्था पेंशन समय से मिलने की जानकारी देते हुए सरकार के प्रति आभार जताया। जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कुलपति ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। प्रशासन को मिली शिकायतों का समाधान तेज कर व्हिसल-ब्लोअर (भ्रष्टाचार उजागर करने वाले) सिस्टम को ठीक रखने को कहा। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के दौरान केंद्रीय कार्यालय के समिति कक्ष में विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की माैजूदगी रही। कुलसचिव राजन श्रीवास्तव, मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. एस. श्रीकृष्ण ने नैतिक कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने रिश्वत न देने या न लेने, प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता के सिद्धांतों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
गणितीय ब्रेल प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
बीएचयू के शिक्षा संकाय में शुक्रवार को गणितीय ब्रेल और तकनीकी प्रशिक्षण के साथ कार्यशाला का समापन हो गया। इसमें डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को गणितीय ब्रेल के बारे में बताया। गणितीय संकेतन, ब्रेल के माध्यम से गणितीय अभिव्यक्तियों को पढ़ने और लिखने के साथ ही गणित शिक्षण को आसान बनाने की बात की गई। प्रतिभागियों ने गणितीय ब्रेल के व्यावहारिक प्रयोग से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता की।
नमो घाट पर होगा कम्युनिटी फिटनेस
रन बनारस की ओर से नमो घाट पर पहली बार कम्युनिटी फिटनेस एक्सपीरियंस का आयोजन एक नवंबर को होगा। इसका आयोजन सचिव ऐश्वर्या सेठ कर रही हैं। सुबह 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में 3 किलोमीटर की कम्युनिटी रन के अलावा डांस, जुंबा, हैलोवीन-थीम फेस आर्ट और ग्रुप गेम्स जैसे कई रोमांचक आकर्षण होंगे। प्रतिभागियों के लिए स्नैक्स, आइसक्रीम और इलेक्ट्रोलाइट वाटर जैसे रिफ्रेशमेंट्स भी होंगे।
भ्रष्टाचार मुक्त समाज विषय पर संगोष्ठी हुई
समाजशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत भ्रष्टाचार मुक्त समाज विषय पर संगोष्ठी हुई। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने अध्यक्षता की। मुख्य वक्ता अभियोजन अधिकारी दीपक कुमार ने भ्रष्टाचार के सामाजिक एवं कानूनी पक्षों से अवगत कराया। समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने कहा कि आज भ्रष्टाचार ने सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा सभी क्षेत्रों को प्रभावित किया है। डॉ. राहुल गुप्ता ने भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सौम्या यादव ने किया। इस अवसर पर समाज विज्ञान संकाय की अध्यक्ष प्रो. रेखा, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ, प्रो. भारती रस्तोगी, डॉ. जयप्रकाश यादव, प्रो. दया शंकर सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
समान नागरिक संहिता पर छात्राओं ने रखे विचार
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर शुक्रवार को वसंत कन्या महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। छात्राओं ने समान नागरिक संहिता के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. आशा यादव ने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. रचना श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान के भाग तीन और चार में किए गए प्रावधान इस विषय पर भविष्यगामी कानून बनाने और उस दिशा में चिंतन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में समाजशास्त्र विभाग के डॉ. अखिलेश कुमार राय, अंग्रेजी विभाग की डॉ. सुप्रिया सिंह और प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विभाग की डॉ. आरती चौधरी शामिल रहीं। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों प्रो. मीनू पाठक, डॉ. आशीष कुमार सोनकर, डॉ. सरोज उपाध्याय, डॉ. पूर्णिमा और आद्या तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शुभांगी ने किया। राजनीति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार सोनकर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
संस्कृत विवि में नवंबर से शुरू होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों के पांच सेमेस्टरों की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी है। नवंबर-दिसंबर 2026 में प्रस्तावित परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आवेदन के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत शुल्क जमा करना भी अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि शास्त्री प्रथम, तृतीय और आचार्य प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से 15 नवंबर तक परीक्षा आवेदन भर सकते हैं। वहीं, शास्त्री पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगी।
शास्त्री प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-2030, तृतीय सेमेस्टर सत्र 2025-2029 और पंचम सेमेस्टर सत्र 2024-2028 के अंतर्गत संचालित हैं। वहीं, आचार्य प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-2028 और तृतीय सेमेस्टर सत्र 2025-2027 के विद्यार्थियों के लिए भी परीक्षा आवेदन मांगे गए हैं।
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ी
काशी विद्यापीठ में शैक्षिक सत्र 2026-27 स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यावसायिक व अन्य पाठ्यक्रमों के तीसरे सेमेस्टर की ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 नवंबर तक बढ़ाई गई है। सहायक कुलसचिव अरिंदम श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर, गंगापुर परिसर, एनटीपीसी परिसर, भैरोतालाब परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों के यूजी-पीजी, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के तीसरे सेमेस्टर के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने की तिथि 15 नवंबर तक है।
छात्रों की दिक्कतों को दूर करेगी समिति
आईआईटी बीएचयू में स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी छात्रों की समस्याओं के निस्तारण के लिए चार प्रोफेसरों की एक ग्रीवांस एंड कॉन्फ्लिक्ट रेजोल्यूशन (पीजी स्टूडेंट्स) स्टैंडिंग कमेटी का पुनर्गठन किया गया है। कुलसचिव कार्यालय की ओर से 29 अक्तूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, समिति पीजी छात्रों से संबंधित शिकायतों और विवादों का निवारण करेगी। आईआईटी बीएचयू में केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. पीके मिश्र को समिति का अध्यक्ष और भौतिकी विभाग के प्रो. संदीप चटर्जी को सह-अध्यक्ष बनाया गया है। बायो मेडिकल स्कूल के प्रो. नीरज शर्मा को सदस्य और संयुक्त कुलसचिव स्वाति विश्वास को सदस्य सचिव बनाया गया है। गणितीय विज्ञान विभाग के प्रो. एलपी सिंह समिति के अध्यक्ष थे।
शिक्षा में सांकेतिक भाषा जरूरी
बीएचयू के शिक्षा संकाय में पांच दिवसीय साइन स्फीयर कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें 48 विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों ने भारतीय सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण लिया। इसका उद्देश्य मूक बधिर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और संवाद को अधिक सहज व समावेशी बनाना रहा। मुख्य अतिथि भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र (आईएसएलआरटीसी), नई दिल्ली के विभागाध्यक्ष हरीश सोनी ने पठन और लेखन सिखाने की रणनीतियां बताईं।
बधिर प्रशिक्षक तुलसी सक्सेना और सांकेतिक भाषा दुभाषिया अन्नू गौतम ने आवश्यकता आधारित शब्दावली का अभ्यास कराया। समारोह में प्रो. आरएन शर्मा ने उद्बोधन दिया। डॉ. किशोर एच. माने ने स्वागत किया। गौरव उपाध्याय और सहेली ने सांकेतिक भाषा में प्रस्तुति दी। डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिवपुर में रेमंड के नए शोरूम का शुभारंभ
शिवपुर बाईपास स्थित सुद्धिपुर में शुक्रवार को रेमंड के नए शोरूम का शुभारंभ किया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक श्रीकांत मिश्रा मुख्य अतिथि रहे। भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री शैलेश पांडेय और राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल के बेटे आयुष जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि रेमंड सिर्फ एक ब्रांड नहीं, बल्कि दशकों से भारतीय परिधान में विश्वास और गुणवत्ता का प्रतीक है।
शैलेश पांडेय ने बताया कि वाराणसी विकास की ओर बढ़ रहा है और शिवपुर बाईपास नया बिजनेस हब बन रहा है। आयुष जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था को देखते हुए आज दूसरे प्रदेशों के लोग भी काशी में आकर अपने प्रतिष्ठान खोल रहे हैं। इस अवसर पर रेमंड कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप मिश्रा और मनोज तिवारी भी उपस्थित थे।
रेमंड शोरूम के डायरेक्टर विपुल टिबड़ेवाल और मधु टिबड़ेवाल ने बताया कि नए शोरूम में रेमंड का संपूर्ण कलेक्शन उपलब्ध है। इसमें प्रीमियम सूटिंग, शर्टिंग, ट्राउजर्स, एथनिक वियर और विंटर वियर की पूरी रेंज शामिल है। इस मौके पर दिल्ली से अजय गोयल, गाजीपुर से सुशील टिबड़ेवाल, अतुल टिबड़ेवाल, अनुज अग्रवाल, सचिदानंद अग्रवाल, मऊ से बालकृष्ण थरेड, पार्षद रोहित मिश्रा और अमित प्रकाश चौबे उपस्थित रहे।
अविमुक्तेश्वरानंद ने अष्ट भैरव ग्रंथ का किया विमोचन
ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शुक्रवार को केदारघाट स्थित श्रीविद्या मठ में अष्ट भैरव नामक ग्रंथ का विमोचन किया। यह ग्रंथ छत्तीसगढ़ के सलधा में शंकराचार्य द्वारा दिए गए प्रवचनों का संकलन है। यह भगवान शिव के विभिन्न अवतारों पर आधारित है।
शंकराचार्य की शिष्या साध्वी पूर्णांबा ने इन प्रवचनों के मुख्य अंशों को संकलित किया है। डॉ. रंजन शर्मा इस ग्रंथ के उप-संपादक हैं। इस रचना का प्रकाशन ज्योतिर्मठ प्रकाशन सेवालय द्वारा किया गया है। ग्रंथ विमोचन के बाद शंकराचार्य के शिष्य रमेश उपाध्याय ने अष्ट भैरव दर्शन यात्रा शुरू की। उन्होंने आठ समर्पित भक्तों के दल के साथ यह यात्रा प्रारंभ की। संवाद
84 कोस यात्रा आज से, 4 जिलों के 24 देवालयों में करेंगे दर्शन
काशी की वृहद चौरासी कोस परिक्रमा दर्शन-पूजन यात्रा 31 अक्तूबर व एक नवंबर को निकलेगी। दो सौ से अधिक श्रद्धालु काशी के 24 देवालयों में दर्शन-पूजन करेंगे। काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति के संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि 31 को सुबह सात बजे सत्यनारायण मंदिर (आदिविशेश्वर मंदिर) बांसफाटक से निकाली जाएगी। यात्रा वाराणसी के अलावा मिर्जापुर, चंदौली और जौनपुर जिलों के मंदिरों में जाएगी।
दोनों दिन में यात्रा आदिविशेश्वर महादेव सत्यनारायण मंदिर के अलावा वेदव्याशेश्वर महादेव मंदिर पड़ाव, मां दुर्गा देवी, मां छिन्नमाता देवी दुर्गा मंदिर, मां बालत्रिपुर सुंदरी देवी रामनगर, वैकुंठ विनायक (गणेश) हमीदपुर पटनवा गांव चंदौली, बैकुंठेश्वर महादेव नारायणपुर, शिवशंकरी धाम पुरुषोत्तमपुर परसोधा, महाप्रभुजी बैठक चरणाट धाम चुनार मिर्जापुर, कुकुटेश्वर महादेव, शूलटंकेश्वर महादेव चुनार घाट, हनुमान मंदिर कछवा बाजार, मां महाचंडी कालिका मां कालिका धाम कपसेठी, मां भद्रकाली-अनेई से कठिगांव पहुंचेगी।
इसके बाद नकटेश्वरी धाम, पिपलेश्वर महादेव नटकेश्वरी, त्रिलोचन महादेव पिंडरा जौनपुर, संकटमोचन मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव पंचवाटिका सिंधोरा बाजार, हरिहरेश्वर महादेव हरिहरपुर, मां काली मंदिर धरहरा, मार्कंडेय महादेव कैथी, गौरी शंकर महादेव ढकवा कैथी, महेश्वर महादेव, कालेश्वर महादेव सकलडीहा, मां बालात्रिपुरसुंदरी देवी रतनबाग, सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर समापन होगा।
गोवा के राज्यपाल ने बाबा के दर्शन किए, देखी गंगा आरती
गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू ने शुक्रवार को परिवार के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह परिवार संग दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल हुए। उन्होंने मां गंगा की पूजा कर आरती उतारी। वे गंगा आरती देख अभिभूत हुए। गंगा सेवा निधि ने राज्यपाल को अंगवस्त्रम् और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने मनाया दीपावली उत्सव
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की विदिशा शाखा ने शुक्रवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में दीपावली उत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम का संचालन मनीषा खेमका और स्मिता लोहिया ने किया। कार्यक्रम में रैंप वॉक विशेष आकर्षण का केेंद्र रहा। इसमें सदस्यों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। संस्थापक अध्यक्ष मधु तुलस्यान, अध्यक्ष सरोज तुलस्यान, कोषाध्यक्ष चंदन खेमका, सचिव प्रीति बाजोरिया आदि उपस्थित रहीं।
छठ पूजा समिति रामनगर के अध्यक्ष बने संतोष द्विवेदी
छठ पूजा समिति, रामनगर की नई कार्यकारिणी का शुक्रवार को गठन हुआ। इसमें सर्वसम्मति से एडवोकेट संतोष द्विवेदी को दोबारा अध्यक्ष चुना गया। द्विवार्षिक पुनर्गठन प्रक्रिया के बाद नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। नई कार्यकारिणी में महेश पटेल, डॉ. आरके सिंह, रंजय सिंह, जशवंत सिंह और उदय बिहारी श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष बनाया गया। मणिशंकर शर्मा को महामंत्री, सृजन श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं, कुलदीप सेठ, जय चौहान, जितेंद्र सिंह, गोविंद मौर्य और रोहित साहनी को मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। ऋषभ सिन्हा और शिशिर चौरसिया मीडिया संयोजक बनाए गए। इसके अलावा समिति के संचालन और आगामी आयोजनों के लिए 10 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बाल विद्वानों ने किया सस्वर व शुद्ध वेद दंडक्रम पारायण
हनुमान घाट स्थित कांची कामकोटीश्वर मंदिर में श्री शुक्ल यजुर्वेद माध्यन्दिन शाखा के कण्ठस्थ दंडक्रम पारायण के चौथे दिन शुक्रवार को भी वेद विद्वान पहुंचे। वेदमूर्ति महादेव घनपाठी, वेदमूर्ति केदार घनपाठी और वेदमूर्ति अनंत घोडेकर ने वैदिक परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला। पारायणकर्ता अद्वैत शैलेंद्र काकड़े और समर्थ शैलेंद्र काकड़े ने सस्वर और शुद्ध वैदिक प्रस्तुति से विद्वानों को प्रभावित किया। कांची मठ के प्रबंधक वी. एस. सुब्रमण्यम का विशेष मार्गदर्शन, आयोजन महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान पुणे और समर्थाद्वैत वेदपाठशाला त्र्यम्बकेश्वर की ओर से 50 दिवसीय पारायण में संयोजक वेदमूर्ति शैलेंद्र काकड़े और वेदमूर्ति डॉ. गजानन ज्योतकर, आयोजक समिति में वेदमूर्ति के वेंकटरमण घनपाठी ने भी दोनों बाल विद्वानों के पारायण को श्रेष्ठ बताया।
कल मनेगा छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एक नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि 31 अक्तूर से 15 नवंबर तक देश के 17 राज्यों के स्थापना दिवस मनाए जाने हैं। छत्तीसगढ़ की स्थापना से लेकर लघु डॉक्यूमेंट्री तैयार कर उसका प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा रंगोली प्रतियोगिता होगी। साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य, गीत, वादन एवं लघु नाट्य प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए छात्र कल्याण संकाय प्रमुख आचार्य प्रो. शैलेश कुमार मिश्र को नोडल अधिकारी और डॉ. रविशंकर पांडेय को सह-नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
श्रद्धालुओं ने किया योगासन और प्राणायाम
राजातालाब के टोडरपुर में शुक्रवार को तीन दिवसीय वार्षिक योग शिविर का शुभारंभ हुआ। पहले दिन सुबह मंगला आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। श्रद्धालुओं को विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए गए। डॉ. दास लाल महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। कहा कि गीता का ज्ञान मनुष्य के जीवन का विज्ञान है। आशुतोष सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम एक नवंबर तक चंद्र मोहनदास के सिद्ध योग आश्रम में आयोजित होगा। प्रतिदिन सुबह पांच बजे कार्यक्रम शुरू होगा।