वाराणसी में सरदार पटेल जयंती: एकता की शपथ संग 'रन फॉर यूनिटी', डीआईजी वैभव कृष्ण ने जवानों को दिलाई शपथ
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर डीआईजी वैभव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विस्तार
वाराणसी में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर वाराणसी में कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। डीआईजी वैभव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने सभी शाखा प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता व सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्हें आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा से कर्तव्य निर्वहन का संदेश दिया गया। सरदार पटेल के राष्ट्र एकीकरण में योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया गया।
बरेका में 'रन फॉर यूनिटी'
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन हुआ। इसमें बरेका इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों, खेल अकादमियों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने बरेका इंटर कॉलेज चौराहे पर दौड़ को हरी झंडी दिखाई। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम के नारे लगाए। यह दौड़ बरेका इंटर कॉलेज से शुरू होकर बास्केटबॉल ग्राउंड पर समाप्त हुई।
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने भी वाराणसी में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जनता दल (यू0) कार्यालय में पटेल के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मंत्री ने तेलियाबाग स्थित सरदार पटेल धर्मशाला और मलदहिया चौराहे पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान, साहस और दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया।