महोबा मर्डर: त्रिशूल से गोदकर की पत्नी की हत्या, खाने में जहर मिलाने का था शक, आरोपी पैरोल पर आया था बाहर
Mahoba Murder News: कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र में 10 माह की मासूम नातिन की हत्या के जुर्म में सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे सजायाफ्ता पति ने पैरोल पर बाहर आते ही पत्नी की त्रिशूल से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी कल्लन रैकवार को शक था कि उसकी पत्नी खाने में जहरीला पदार्थ मिला रही है।
विस्तार
महोबा जिले में कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में पैरोल पर घर आए उम्रकैद के सजायाफ्ता ने पत्नी की त्रिशूल से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि पत्नी उसके खाने में जहरीला पदार्थ मिला रही है। वारदात के बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। रंगौलिया बुजुर्ग गांव निवासी कल्लन रैकवार 10 माह की नातिन की हत्या के जुर्म में सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह पैरोल पर घर आया था। सोमवार को किसी बात को लेकर उसका पत्नी चंपा (48) से विवाद हो गया।
त्रिशूल से पत्नी पर हमला कर दिया
आरोप है कि खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने के शक में कल्लन ने त्रिशूल से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंपा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर एएसपी वंदना सिंह और कुलपहाड़ पुलिस मौके पर पहुंची।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी वंदना सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। जहर मिलाने के शक में पति ने पत्नी की हत्या की है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।