आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: 25-25 हजार के दो इनामी चोर गिरफ्तार, पांच जिलों की वारदातों का किया खुलासा
पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी चोर गिरफ्तार किए गए। आरोपी एसयूवी से रेकी कर घरों में चोरी करते थे। पुलिस ने पांच जिलों की वारदातों का खुलासा किया।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस की अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो 25-25 हजार रुपये के इनामी सदस्यों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सीएचसी तहबरपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखा, तीन जिंदा कारतूस और 15,250 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ अलीगढ़, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला
सीओ विजय सिंह गौर ने बताया कि सोमवार की रात तहबरपुर पुलिस चेकिंग और वांछितों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में वांछित आरोपी करियाबर गांव के पास सर्विस लेन पर मौजूद हैं और किसी नई घटना की रेकी कर रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सूर्य पाल, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी और पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
टीम को देखते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। करीब 3:15 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों की पहचान दिलशाद पुत्र नसरुद्दीन निवासी नगरिया कला, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली और सोनू अली उर्फ असगर पुत्र शमशेर निवासी बजेड़ा भगवानपुर, थाना जैतीपुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई।
इसे भी पढ़ें; यूपी: दो साल में बुजुर्गों से 12 करोड़ की ठगी, रिटायर्ड नौसेना के अफसर, प्रोफेसर और डॉक्टर बने निशाना
पहले करते थे रेकी, फिर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सदस्य हाईवे और एक्सप्रेस-वे के आसपास एसयूवी खड़ी कर नजदीकी गांवों में ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां आसानी से चोरी की जा सके। इसके बाद रात में छत या पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश कर मशीन से दरवाजे, बक्से और अलमारी के ताले काटकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करते थे। वारदात के बाद सभी सदस्य तय स्थान पर पहुंचते थे, जहां एसयूवी चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था। चोरी का सामान बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे।
आरोपियों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और अंबेडकरनगर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो और अंबेडकरनगर के जैतपुर क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।
सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि 20 अगस्त को अहरौला और तहबरपुर पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ में गिरोह के चार सदस्य दिलकस, साहिल, वाजिद और फैजान गिरफ्तार किए गए थे। इनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये, एक्सयूवी-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद हुए थे। अब दिलशाद और सोनू की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के छह सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्य आफताब निवासी चौबारी, बरेली और नेसार निवासी नगरिया कला, बरेली फरार हैं।
पुलिस के अनुसार दिलशाद के खिलाफ अलीगढ़, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में 13 मामले दर्ज हैं। इनमें अलीगढ़ के इगलास थाने के छह, अहरौला के दो, बिलरियागंज के दो, तहबरपुर के दो और अंबेडकरनगर के जैतपुर थाने का एक प्राथमिकी शामिल है। वहीं सोनू अली उर्फ असगर के खिलाफ अहरौला के दो, बिलरियागंज के दो, तहबरपुर के दो और जैतपुर का एक प्राथमिकी दर्ज है।