X पर लाइक करते ही भेज सकेंगे एक डॉलर: मस्क ने नए फीचर का किया एलान, एक्स मनी से क्रिएटर्स को कैसे भेजेंगे टिप?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sun, 25 Oct 2026 03:46 PM IST
सार

एलन मस्क ने एक्स मनी के नए फीचर का एलान किया है, जिसमें यूजर लाइक बटन को लॉन्ग प्रेस करके आसानी से एक डॉलर भेज सकेंगे। इससे क्रिएटर्स को टिप देना और पोस्ट को सपोर्ट करना आसान हो जाएगा। क्या इसका इस्तेमाल भारतीय यूजर्स भी कर सकेंगे? आइए जानते हैं इस फीचर के बारे में...

Send 1 doller With Just Long-Press Like Button,  Musk Unveils New X Money Feature
पोस्ट पसंद आई तो सीधे भेजें एक डॉलर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    अगर आप एक्स (X) का इस्तेमाल करते हैं, तो आपका अनुभव बदल सकता है। दरअसल, एलन मस्क ने एक्स मनी के एक प्रस्तावित फीचर का एलान किया है, जिसमें यूजर सिर्फ लाइक बटन को कुछ देर दबाकर पोस्ट के ऑथर को एक डॉलर भेज सकेंगे। मस्क का कहना है कि इससे कंटेंट क्रिएटर्स को टिप देना और पसंदीदा पोस्ट को सपोर्ट करना आसान हो सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस फीचर के लॉन्च की तारीख और इस्तेमाल की शर्तों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

    लाइक बटन दबाकर कैसे भेज सकेंगे पैसे?

    • एलन मस्क ने रविवार को एक्स पर इस फीचर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूजर लाइक बटन को लॉन्ग प्रेस करके एक्स मनी के जरिए किसी दूसरे यूजर को एक डॉलर भेज सकेंगे।
    • आमतौर पर जब यूजर को कोई पोस्ट पसंद आती है, तो यूजर लाइक बटन पर टैप करता है, लेकिन एलन मस्क का कहना है कि प्रस्तावित फीचर में इसी बटन को कुछ देर दबाकर रखने से भुगतान का विकल्प काम करेगा। इसके जरिए पोस्ट के लेखक को सीधे एक डॉलर भेजा जा सकेगा।
    • मस्क ने एक्स पर लिखा कि हम 'लाइक' बटन को लॉन्ग प्रेस करके, किसी को एक्स मनी के जरिए एक डॉलर भेजने की सुविधा जोड़ रहे हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस फीचर में भुगतान की पुष्टि कैसे होगी और इसे इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को किन शर्तों को पूरा करना होगा।

    कंटेंट क्रिएटर्स को क्या फायदा होगा?

    • इस फीचर का एक बड़ा मकसद कंटेंट क्रिएटर्स को सपोर्ट करना भी है। अगर किसी यूजर को कोई पोस्ट पसंद आती है, तो वह उसके पोस्ट को सीधे एक डॉलर टिप भेज सकेगा।
    • इसके लिए उसे एप से बाहर जाकर किसी दूसरे पेमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होगी। इस तरह एक्स पर पोस्ट देखने, पसंद करने और क्रिएटर को आर्थिक मदद देने की प्रक्रिया एक ही जगह पूरी हो सकेगी।
    • हालांकि, यह फीचर अभी प्रस्तावित है। इसे कब से लागू किया जाएगा और क्या इसके साथ कोई अतिरिक्त नियम या शर्तें होंगी, इस बारें में अभी तक कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है।
    • एक्स मनी का यह प्रस्ताव एलन मस्क की उस योजना का हिस्सा है, जिसके तहत वह एक्स को 'एवरीथिंग एप' यानी एक ऐसा एप बनाना चाहते हैं, जहां यूजर कई तरह की डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल एक ही जगह कर सकें।
    • इस योजना में सोशल नेटवर्किंग, मैसेजिंग, पेमेंट और दूसरी डिजिटल सेवाओं को एक ही इकोसिस्टम में शामिल करने की कोशिश की जा रही है। लाइक बटन से पैसे भेजने की सुविधा इसी दिशा में एक और कदम हो सकती है।

    कहां लॉन्च हुआ यह फीचर?

    • फिलहाल एक्स मनी फीचर को अमेरिका में लॉन्च किया गया है। यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजने यानी पीयर-टू-पीयर पेमेंट की सुविधा देता है। इसके साथ एक्स विसा डेबिट कार्ड भी मिलता है, जिसका इस्तेमाल फिजिकल और डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए किया जा सकता है।
    • इस डेबिट कार्ड को एपल पे से भी जोड़ा जा सकता है। इसके बाद उन जगहों पर कॉन्टैक्टलेस पेमेंट किया जा सकता है, जहां यह सुविधा उपलब्ध है। प्लेटफॉर्म ऐसे फीचर्स को भी बढ़ावा दे रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय लेनदेन को आसान बनाते हैं। हालांकि, इन सुविधाओं के सटीक फायदे और शर्तें यूजर की पात्रता और लागू नियमों के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं।
    • भारत में यह फीचर कब तक आएगा, इसे लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी ने अभी यह भी नहीं बताया है कि एक्स मनी या लाइक बटन के जरिए भुगतान करने वाला नया फीचर भारत समेत दूसरे देशों में कब उपलब्ध होगा।
    • भारत दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट बाजारों में से एक है, लेकिन भारतीय यूजर्स को इस सुविधा के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल न तो भारत में लॉन्च की तारीख सामने आई है और न ही इस फीचर की उपलब्धता से जुड़ी कोई जानकारी दी गई है।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें