गुलजार सिंह सुसाइड केस: पंजाब में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, मंत्री चीमा का जलाया पुतला; केस दर्ज करने की मांग
पंजाब में गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को लेकर कांग्रेस आज सड़कों पर उतरी। कांग्रेस ने एसपी कार्यालय के बाहर वित्त मंत्री हरपाल चीम का पुतला जलाया।
विस्तार
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत किया, जिसके बाद कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से वहीं बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नेताओं ने नारेबाजी करते हुए इंसाफ की गुहार लगाई और आरोप लगाया कि जनता की जायज मांगों को अनसुना किया जा रहा है।
काफी समय तक चले इस उग्र प्रदर्शन और हंगामे के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद विधायक सुखविंदर कोटली, लाडी शेरोवालिया और राजिंदर बेरी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र सौंपने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया।
बठिंडा में भी हुआ प्रदर्शन
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के निर्देश पर एसएसपी कार्यालय के समीप कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए वित्त मंत्री हरपाल चीमा का पुतला जलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी के नाम एसएसपी को मांगपत्र भी सौंपा गया। प्रदर्शन की अगुवाई जिला कांग्रेस शहरी अध्यक्ष राजन गर्ग ने की।कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गुलजार सिंह मामले में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। यदि जांच में मंत्री हरपाल सिंह चीमा की कोई भूमिका सामने आती है तो उन्हें भी कानून के अनुसार मामले में नामजद किया जाए।
पठानकोट में भी कांग्रेसी नेताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का पुतला जलाया और बाद में एसएसपी पठानकोट मनप्रीत सिंह को वित्त मंत्री के खिलाफ केस दर्ज करने संबंधी एक मांग पत्र सौंपा।