Navratri Vrat Healthy Diet: नवरात्रि का व्रत हमारी रोज की दिनचर्या और खाने-पीने की आदतों में बदलाव लाता है। कुछ लोग व्रत को वजन कम करने का अच्छा तरीका मानते हैं, लेकिन ऐसा हर किसी के साथ हो, यह जरूरी नहीं है। व्रत के दौरान अगर ज्यादा तली-भुनी, मीठी और कैलोरी वाली चीजें खाई जाएं, तो वजन कम होने के बजाय बढ़ भी सकता है। इसलिए व्रत में सिर्फ खाना कम करना जरूरी नहीं है, बल्कि यह भी ध्यान रखना भी आवश्यक है कि आप क्या और कितनी मात्रा में खा रहे हैं। संतुलित और पौष्टिक आहार लेने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और दिन भर ऊर्जा बनी रह सकती है।
नवरात्रि व्रत डाइट: उपवास में क्या खाएं और किन चीजों से बचें? जानिए हेल्दी डाइट के आसान तरीके
Navratri Fasting Foods: नवरात्रि के व्रत में तली-भुनी चीजों की जगह पौष्टिक और कम तेल वाले विकल्प चुनकर आप व्रत के दौरान खुद को फिट और एक्टिव रख सकते हैं।
व्रत में क्या खाएं?
व्रत के दौरान शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ, दूध और बिना चीनी वाली हर्बल या ग्रीन टी भी ले सकते हैं। ताजे फल भी व्रत की डाइट का अच्छा हिस्सा हो सकते हैं। सेब, अमरूद, पपीता, संतरा और मौसमी जैसे फलों को अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार शामिल किया जा सकता है। हालांकि, अगर आपको ब्लड शुगर की समस्या है तो फलों की मात्रा और चुनाव को लेकर डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना बेहतर होता है।
रोज एक जैसा खाना छोड़ें, ट्राई करें ये हेल्दी ऑप्शन
व्रत में रोज एक जैसा खाना खाने की जरूरत नहीं है। थोड़ी समझदारी से आप अपने खाने में कई तरह के पौष्टिक विकल्प शामिल कर सकते हैं। कुट्टू के आटे से पूरी बनाने के बजाय चीला या रोटी बनाई जा सकती है। इसी तरह सावां के चावल को भिगोकर पीस लें और उससे इडली बनाई जा सकती है। आप इसमें आलू, गाजर जैसी व्रत में खाई जाने वाली सब्जियां मिला सकते हैं। इनके साथ ज्यादा तेल या मसाले वाली चटनी की जगह हल्की नारियल की चटनी ली जा सकती है। इससे खाने का स्वाद भी बना रहेगा और अनावश्यक तेल का सेवन भी कम होगा।
तली चीजों की जगह चुनें बेक्ड विकल्प
व्रत में कुट्टू की पकौड़ी, साबूदाना वड़ा, आलू की फ्राइड टिक्की और पूरी जैसी चीजें आम हैं। लेकिन इनका ज्यादा सेवन शरीर में अतिरिक्त कैलोरी पहुंचा सकता है। ऐसे में तली हुई चीजों की जगह बेक्ड या कम तेल में तैयार विकल्प चुनना बेहतर हो सकता है। कुट्टू की बेक्ड टिक्की, बेक्ड पकौड़ी या कम तेल में बनी टिक्की जैसे विकल्प आजमाए जा सकते हैं। इसके अलावा मखाना, साबूदाना, आलू के चिप्स, मूंगफली को कम तेल में एयर फ्राई करके इसकी नमकीन बनाकर खा सकते हैं।
व्रत में वजन कम करने के लिए क्या करें?
अगर आपका लक्ष्य वजन कम करना है, तो व्रत के दौरान भी पोर्शन यानी खाने की मात्रा का ध्यान रखें। सिर्फ दिन भर भूखे रहकर शाम को ज्यादा तला-भुना खाना वजन कम करने में मदद नहीं करेगा। आलू की फ्राइड चाट की जगह उबले आलू की चाट और मीठी खीर की जगह दही में कटे हुए फल लिए जा सकते हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पीना और अपनी क्षमता के अनुसार हल्की शारीरिक गतिविधि करना भी मददगार साबित हो सकता है। हल्का योगासन या सांस संबंधित आसन कर सकते हैं।