{"_id":"6ae14c7f7219c10e2905f62d","slug":"lucknow-tanveer-burst-into-tears-when-he-met-shraddha-after-four-days-aamir-remains-missing-account-investi-2026-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ: चार दिन बाद श्रद्धा से मिला तो फफक कर रो पड़ा तनवीर, आमिर अभी भी लापता; खातों की जांच जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ: चार दिन बाद श्रद्धा से मिला तो फफक कर रो पड़ा तनवीर, आमिर अभी भी लापता; खातों की जांच जारी
Wed, 28 Oct 2026 06:44 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Wed, 28 Oct 2026 06:44 AM IST
सार
Shraddha Dubey in jail: जेल सूत्रों के मुताबिक सोमवार को श्रद्धा से मिलने पहुंचे तीन वकीलों ने तनवीर से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उसे रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला जरूरी सामान दिलाया।
विज्ञापन
श्रद्धा दुबे जेल में बंद है।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में जेल में बंद श्रद्धा दुबे का चालक तनवीर उर्फ दानिश चार दिन बाद उससे मिला तो भावुक हो गया। सोमवार को वकीलों से मुलाकात के दौरान तनवीर की श्रद्धा से भी मुलाकात हुई। बता दें कि बृहस्पतिवार शाम को जेल आने के बाद यह पहला मौका था, जब दोनों आमने-सामने आए।
विज्ञापन
जेल सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को श्रद्धा से मिलने पहुंचे तीन वकीलों ने तनवीर से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उसे रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला जरूरी सामान दिलाया और मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा की। इसके बाद तनवीर वापस अपनी बैरक में चला गया।
विज्ञापन
वहीं, तनवीर ने भी जेल में परिजनों से मुलाकात के लिए अपने परिवार के सदस्यों के नामों की सूची जेल प्रशासन को सौंप दी है। इसमें आलमबाग निवासी उसके माता-पिता के अलावा दो भाइयों और दो बहनों के नाम शामिल हैं। जेल प्रशासन ने सूची पुलिस सत्यापन के लिए भेज दी है। जेल सूत्रों के मुताबिक, तनवीर ने भी श्रद्धा की तरह अपने परिजनों के नाम ही सूची में दिए हैं। परिवार के अलावा किसी अन्य करीबी का नाम इसमें शामिल नहीं है।
विज्ञापन
बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जांच
मॉडल श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि के वित्तीय लेनदेन की पुलिस ने गोपनीय स्तर पर जांच शुरू कर दी है। दोनों के बैंक खातों का ब्योरा खंगाला जा रहा है। फरारी के दौरान उन्होंने ऑनलाइन किन लोगों को रुपये भेजे और उनके खातों में कहां से रकम आई, इसकी भी जांच की जा रही है।
आमिर की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
शिवा शर्मा हत्याकांड में नामजद श्रद्धा के करीबी और आरोपी दुबग्गा निवासी आमिर अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा, रश्मि और दानिश को नेपाल तक पहुंचाने के बाद आमिर लखनऊ लौटा और फिर दिल्ली चला गया। पुलिस से बचने के लिए वह फिलहाल मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है। डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आमिर की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं।
यह है पूरा मामला
नौ अक्तूबर को हजरतगंज के प्रयागनारायण रोड स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा (27) की मौत हो गई थी। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक दानिश समेत अन्य के खिलाफ हजरतगंज थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस श्रद्धा, रश्मि और दानिश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।