लखनऊ: सिर कूंचकर श्रमिक की हत्या, बाग में मिला लहूलुहान शव; पत्नी बोली- तीन लोगों ने मिलकर मार डाला
लखनऊ के माल इलाके में गोपरामऊ स्थित बाग में 58 वर्षीय श्रमिक बलउ रावत उर्फ नन्हके का शव मिला। उनका सिर कुचलकर हत्या की गई थी। पत्नी ने तीन लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
विस्तार
लखनऊ में घर से शाम चार बजे निकले बीघापुर निवासी श्रमिक बलउ रावत उर्फ नन्हके (58) की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। उनका शव गोपरामऊ स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक बाग में पड़ा मिला। पत्नी मीना ने तीन लोगों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है।
मीना के मुताबिक, शनिवार को वह गोपरामऊ गांव के एक बाग में बकरियां चरा रही थीं। उनके पति भी उसी बाग में कुछ लोगों के साथ जुआ खेल रहे थे। शाम करीब चार बजे वह बकरियां लेकर घर चली गईं। शाम सात बजे तक पति घर नहीं पहुंचे तो वह उन्हें तलाशते हुए उसी बाग में पहुंचें।
टॉर्च की रोशनी में तलाशने पर पति का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उनका सिर कुचला हुआ था और आसपास खून बिखरा था। हत्या की सूचना पर माल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से कुछ नमूने जांच के लिए एकत्र किए। नन्हके के परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटे अमित, विजय, रंजीत, सूरज और सुमित तथा विवाहित बेटी माधुरी हैं।
संदिग्धों को भागते देखा
मीना का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनको बताया कि बीघापुर निवासी एक व्यक्ति हाथ में दो ईंट लेकर भागता दिखाई दिया था। उसके साथ दो अन्य लोग भी थे। तीनों दोपहर 12 बजे से बाग में शराब पीकर जुआ खेल रहे थे। नन्हके के बेटे सूरज के मुताबिक, 15 दिन पहले इन्हीं लोगों से उनके पिता का विवाद हुआ था।
इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि किसी वजनी वस्तु से सिर कुचलकर हत्या की गई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक, एक संदिग्ध वर्ष 2014 में बीघापुर निवासी कैलाश कनौजिया की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।