महाराष्ट्र: मुंबई की कोहिनूर स्क्वायर इमारत में लगी आग, पैसे के लिए बेटे ने की पिता की हत्या
मुंबई के दादर इलाके में स्थित 50 मंजिला कोहिनूर स्क्वायर इमारत में सोमवार सुबह एक होटल की रसोई में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह इमारत दादर में शिवसेना भवन के सामने स्थित है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी के अनुसार आग इमारत की पहली मंजिल पर स्थित एक होटल की रसोई तक ही सीमित थी। दमकल विभाग को सुबह 9 बजकर 18 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद चार दमकल गाड़ियों और आग बुझाने वाले अन्य वाहनों को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम के कर्मचारियों, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस और वार्ड कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया।
बारामती एयरपोर्ट के पास राणा सूर्यवंशी पर हमला
पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास एक कारोबारी राणा सूर्यवंशी पर हमला हुआ। पुलिस ने बताया कि इस हमले में कारोबारी घायल हो गए। यह घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब सूर्यवंशी निजी काम से बारामती आए थे। उनके साथ उनका निजी अंगरक्षक भी था। दो लोग स्कूटर पर आए और खुद को सूर्यवंशी का प्रशंसक बताया। उप-विभागीय पुलिस अधिकारी चैतन्य कदम के अनुसार, उन्होंने गुलदस्ता देने के बहाने उन पर हमला किया। सूर्यवंशी को चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक ले जाया गया। पुलिस ने अभी तक गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है, जांच जारी है।
लातूर में युवक को निर्वस्त्र कर पेट्रोल डालने की वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जांच
महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस ने एक वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू की है। इस वीडियो में कुछ लोग एक युवक को निर्वस्त्र कर बेल्ट से पीटते दिख रहे हैं। आरोपियों ने उसके निजी अंगों पर पेट्रोल भी डाला। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना MIDC पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में दो महीने पहले हुई थी। पीड़ित हमले के बाद वहां से चला गया था। पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है और उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। आरोपियों ने घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज होने के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी।
संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता की ग्राइंडर से गला काटकर की हत्या
महाराष्ट्र के पालघर शहर में संपत्ति की बिक्री से मिले पैसों और कर्ज चुकाने को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक मुकेश परमार पर अपने 55 वर्षीय पिता मोहनलाल परमार की इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से गला काटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मोहनलाल मुंबई के दादर इलाके में बर्तनों की दुकान चलाते थे। पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच मुंबई में बेची गई संपत्ति से मिले पैसों, कर्ज चुकाने और कार खरीदने के लिए रकम मांगने को लेकर अक्सर विवाद होता था। रविवार दोपहर पिता से तीखी बहस के बाद मुकेश घर से निकला और हार्डवेयर की दुकान से टाइल व पत्थर काटने वाली नई इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदकर वापस लौटा। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने इसी औजार से अपने पिता का गला काट दिया और मौके से फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब मोहनलाल के छोटे बेटे ने कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने एक परिचित को घर भेजा। वहां मोहनलाल खून से लथपथ मृत मिले। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और एक घंटे के भीतर मुकेश को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की आगे जांच जारी है।