हिमांशु की इनसाइड स्टोरी: 2020 से सिरदर्द बना था भाऊ, रोहतक पुलिस छू भी न सकी; यूपी के इस पते से भागा था विदेश
अमेरिका में हिमांशु उर्फ भाऊ गिरफ्तार हो गया है। ढाई लाख के ईनामी बदमाश को रोहतक पुलिस छू तक नहीं सकी। टिटौली गैंगवार थमने की उम्मीद जग गई है। विरोधी गैंगस्टर अंकित उर्फ बाबा पहले से जेल में बंद है। छह साल में पांच हत्याएं हो चुकी है। फरवरी 2026 में बाबा गैंग के गोगा की हत्या हुई थी।
विस्तार
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हिमांशु उर्फ भाऊ रोहतक जिले के गांव रिटौली का रहने वाला है। वह 2020 से ही फरार चल रहा है। उसके खिलाफ रोहतक में हत्या, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, अवैध हथियार, लूट, धोखाधड़ी व रंगदारी मांगने के 10 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह झज्जर में सात व दिल्ली में एक अन्य आपराधिक केस में वांछित है। भाऊ नीरज बवाना व नवीन बाली गैंग से जुड़ा हुआ है। उसने फर्जी नाम, पता, जाली कागजात का प्रयोग कर धोखाधड़ी से पासपोर्ट बनवाया।
पुलिस ने 13 अप्रैल 2023 को एक साथ भाऊ से जुड़े ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी। दबिश में 79 मोबाइल फोन, 50 सिम कार्ड, 7 लाख रुपये नकद, 2 मोटरसाइकिल, 16 कारतूस, 9 आधार कार्ड, 13 पेटी शराब देसी, विदेशी मुद्रा, डेबिट कार्ड, पासपोर्ट, बैंक दस्तावेज, डायरी व नोटबुक व अन्य सामान बरामद किया गया था। नवंबर 2023 में एनआईए की टीम ने भी भाऊ के ठिकानों पर दबिश दी थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जिले के रिटौली गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही है। इसमें कई लोगों की हत्या हो चुकी हैं। मार्च 2022 में गांव के अंदर तीन हत्या हुईं थी। इसमें दो हत्या के बाद गांव के बस चालक की हत्या हुई, जिसके पीछे भाऊ गैंग का नाम सामने आया।
बेरी थाने में सितंबर 2021 में एक केस दर्ज हुआ था, जिसकी जांच एसटीएफ रोहतक कर रही है। एसटीएफ को जांच में पता चला कि भाऊ गाजियाबाद के गलत पते पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश चला गया है। पासपोर्ट अगस्त में जारी किया गया है, जिसकी वैधता 2032 तक है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने भाऊ के खिलाफ एसटीएफ की शिकायत पर आईपीसी की धारा 420, 468, 471, 120बी व पासपोर्ट एक्ट 12, 3 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गैंगवार के चलते रिटौली गांव में छह साल से पांच हत्याएं हो चुकी हैं। गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ तीन साल पहले विदेश भाग गया था। दूसरी तरफ गैंगस्टर अंकित उर्फ बाबा सोनीपत जेल में बंद है। उसका भाई सन्नी जरूर बाहर है। पहले बताया गया कि भाऊ पुर्तगाल में हैं। बाद में पता चला कि पुर्तगाल से अमेरिका चला गया है। वहां बैठकर भाऊ गैंग चला रहा था।
गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ व अंकित उर्फ बाबा एक ही गांव रिटौली के रहने वाले हैं। दोनों कभी दोस्त होते थे। बाद में दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। जेल में बंद अंकित पर 2016 में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मारपीट, धमकी देने व एससी-एसटी एक्ट का केस दर्ज किया था। जमानत पर आने के बाद 2018 में उस पर मारपीट व धमकी का केस दर्ज हुआ।
अमेरिका में बैठकर गैंग चला रहा गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग की हत्या का बदला लेना चाहता था। जमानत के बाद जेल से बाहर आए रिटौली निवासी अनिल की एक साल पहले पहले और फरवरी 2026 में रिटौली गांव के भानजे सोनीपत के गांव निजामपुर निवासी दिनेश उर्फ गोगा की हत्या करवा दी।
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को भारत लाने की तैयारी तेज
सूत्रों का दावा, एनआईए व हरियाणा एसटीएफ की इनपुट पर अमेरिकी लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसी ने की कार्रवाई की। लास वेगास में लोकेशन ट्रेस होने के बाद अमेरिकी एजेंसियों ने की कार्रवाई। हिमांशु भाऊ के साथ फरार गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया भी पकड़ा गया। विदेश में रहकर भारत के दिल्ली, हरियाणा, यूपी और पंजाब में गैंग चलाने का आरोप है। इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद से भारतीय एजेंसियां तलाश में जुटी थीं। भारतीय एजेंसियां अमेरिका से प्रत्यर्पण या निर्वासन की प्रक्रिया तेज करने में जुटी।