द ग्रेट इंडियन कपिल शो: कपिल ने किसे कहा 'लड़कों का तमन्ना भाटिया'? अगले एपिसोड में ये कलाकार सजाएंगे महफिल
The Great Indian Kapil Show: सैफ अली खान और करीना कपूर के साथ मस्ती भरे एपिसोड के बाद अब 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में संगीत का तड़का लगने वाला है। जानिए अगले एपिसोड में कौनसे सितारे होंगे शामिल।
विस्तार
कपिल ने किसे बताया लड़कों का तमन्ना भाटिया?
शो के प्रोमो में कपिल शर्मा सभी मेहमानों का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। कपिल ऋषभ रिखीराम शर्मा को क्लासिकल म्यूजिक, सतिंदर सरताज को सूफी संगीत, जैस्मिन सैंडलस को पॉप म्यूजिक और शाश्वत सचदेव को हर तरह के संगीत में माहिर बताते नजर आ रहे हैं।
इसके बाद कपिल शाश्वत सचदेव के नेशनल अवॉर्ड जीतने और फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद शो में आने पर भी मजाक करते हैं। वहीं, ऋषभ के लुक को देखकर कपिल उनकी तुलना अभिनेत्री तमन्ना भाटिया से कर देते हैं। वह ऋषभ को 'लड़कों का तमन्ना भाटिया' कहते हैं। इतना ही नहीं, कपिल ये भी कहते हैं कि ऋषभ जब भी कहीं परफॉर्म करते हैं, तो बिलकुल दूल्हे की तरह तैयार होकर जाते हैं।
इस एपिसोड में म्यूजिक लवर्स को शानदार परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी। प्रोमो में ऋषभ रिखीराम शर्मा सितार बजाते नजर आ रहे हैं। उनकी परफॉर्मेंस के बाद शो में मौजूद सभी लोग खड़े होकर तालियां बजाते हैं। वहीं, जैस्मिन सैंडलस अपनी परफॉर्मेंस से माहौल को एक लाइव कॉन्सर्ट जैसा बना देती हैं।
कॉमेडी का तड़का लगाने के लिए सुनील ग्रोवर भी नजर आएंगे। प्रोमो में वह ऋषभ के साथ फ्लर्ट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा फिल्म 'धुरंधर' के किरदारों के अंदाज में मेहमानों के साथ मस्ती करते नजर आएंगे।
- नेटफ्लिक्स ने इस एपिसोड का प्रोमो शेयर करते हुए लिखा कि जब संगीत के धुरंधर एक साथ आएंगे, तो महफिल का सुपरहिट होना तय है।
- इस खास एपिसोड में सतिंदर सरताज, जैस्मिन सैंडलस, ऋषभ रिखीराम शर्मा और शाश्वत सचदेव नजर आएंगे।
- यह एपिसोड 24 अक्टूबर को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
ये भी पढ़ें- सोनाक्षी सिन्हा: 16 साल में 31 फिल्में, मात्र 6 हिट; क्या अगली फिल्म से उबरेगा करियर? सिनेमाई सफर पर डालें नजर