ऋषिकेश: दिल्ली से घूमने आए दो दोस्तों में से एक नहाते समय नदी में डूबा, नीम बीच के पास हुआ हादसा, तलाश जारी
मुनिकीरेती के नीम बीच के पास नदी में नहाते समय 20 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना के बाद एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण युवक का अभी पता नहीं चल सका है।
विस्तार
थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में नीम बीच के पास एक युवक के नदी में डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, आपदा राहत दल, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सौरभ शर्मा (20) अपने दोस्त के साथ नीम बीच से आगे घूमने गया था। इसी दौरान दोनों नदी में नहाने लगे। नहाते समय सौरभ गहरे पानी में चला गया और नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। इसके बाद वह लापता हो गया।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: अब राजाजी टाइगर रिजर्व में फुल डे सफारी की तैयारी, हर गेट से दो वाहनों को मिल सकेगी अनुमति
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। टीम ने डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से नदी में संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की। हालांकि, नदी का बहाव तेज होने के कारण सौरभ का अभी तक पता नहीं चल सका है। सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं।