वैशाली में रफ्तार का कहर: कार-डंपर की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत, तीन गंभीर
वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र में कच्ची दरगाह-सिक्स लेन पुल पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार और डंपर की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चकसिकंदर के पास हुआ।
विस्तार
बिदुपुर थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह-सिक्स लेन पुल पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। चकसिकंदर के पास तेज रफ्तार कार और डंपर की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज रफ्तार कार डंपर से टकराई
पुलिस अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब एक चारपहिया वाहन कल्याणपुर सिक्स लेन पर तेज रफ्तार से जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। इसके बाद तेज गति से आ रही कार आगे चल रहे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
दो युवकों की मौके पर मौत, तीन गंभीर
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में ज्ञान रंजन (25) बिदुपुर थाना क्षेत्र की अमेर पंचायत के रहने वाले उमेश राय के पुत्र थे। वहीं, दूसरे मृतक प्रिंस कुमार बिदुपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर दिलावरपुर गोवर्धन निवासी इंद्रजीत कुमार के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थाना की पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की हालत गंभीर, बड़े अस्पताल रेफर
हादसे में घायल तीनों लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की हालत बेहद नाजुक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सदर अस्पताल, हाजीपुर में शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिए गए।
क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन, यातायात सामान्य
हादसे के कारण सिक्स लेन पुल पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करा दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें चालक की क्या भूमिका रही, इसे लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।