रोमानिया के कॉन्स्टांटा में रूसी ड्रोन हमले के बाद बचाए गए तीन भारतीय नागरिकों की हालत स्थिर है। ये तीनों तुर्किये के मालिकाना हक वाले कार्गो जहाज एमवी रॉयद ममादोव के चालक दल का हिस्सा थे। भारतीय दूतावास ने कहा है कि तीनों को हर जरूरी मदद दी जा रही है और उनकी रोमानिया से जल्द और सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित की जाएगी।
दूतावास के अधिकारी ने अस्पताल और होटल में जाकर जाना हाल
भारतीय दूतावास के एक प्रतिनिधि ने मंगलवार को उन तीनों भारतीयों से मुलाकात की। इनमें से दो एक होटल में ठहरे हुए हैं, जबकि तीसरे भारतीय का कॉन्स्टांटा के काउंटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि तीनों की हालत स्थिर है।
जरूरत का हर सामान पहुंचाया गया, भारतीय खाना भी मिला
दूतावास ने कहा कि तीनों भारतीयों को हर जरूरी सहायता और सहयोग का भरोसा दिया गया है। उनका रोमानिया से जल्द और सुरक्षित निकलना सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। शिपिंग कंपनी के स्थानीय एजेंट की मदद से उनके लिए मोबाइल फोन समेत जरूरी सामान की व्यवस्था की गई। साथ ही, उनके लिए एक स्थानीय भारतीय रेस्तरां से भारतीय खाना भी मंगवाया गया।
पुलिस, शिपिंग एजेंट और डॉक्टरों से भी संपर्क
भारतीय दूतावास के प्रतिनिधि ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों, शिपिंग कंपनी के एजेंट और घायल भारतीय का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी मुलाकात की। इस बातचीत का मकसद आगे की मदद और इलाज से जुड़ी जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल बनाना था।
काला सागर में जहाज पर हुआ ड्रोन हमला
एमवी रॉयद ममादोव पर इसी हफ्ते काला सागर में हमला हुआ था। रूसी ड्रोन के इस हमले में कम से कम दो विदेशी नाविकों की मौत हो गई, जबकि चालक दल के कई अन्य सदस्य घायल हुए हैं। हालांकि, मारे गए नाविकों की राष्ट्रीयता की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी थी। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के दौरान काला सागर लगातार तनाव का बड़ा केंद्र बना हुआ है। यहां सैन्य हमलों का असर अब समुद्री व्यापार और बंदरगाहों से जुड़ी गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। व्यावसायिक जहाजों और समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बढ़ी है।
भारत ने हमले पर जताई गंभीर चिंता
भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस हमले पर गंभीर चिंता जताई। मंत्रालय ने कहा कि वह व्यावसायिक जहाजों और समुद्री कर्मचारियों पर हो रहे ऐसे हमलों को गंभीर चिंता की नजर से देखता है। मंत्रालय के मुताबिक, घायलों को रोमानियाई अधिकारियों ने बचाया और उन्हें चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
ये भी पढ़ें:
रूसी तट के पास तेल टैंकर पर यूक्रेनी ड्रोन से हमला: 23 भारतीय नाविक बाल-बाल बचे; ब्लैक सी में बवाल क्यों?
विदेश मंत्रालय ने रोमानिया की तुरंत कार्रवाई को सराहा
विदेश मंत्रालय ने कहा कि जहाज के चालक दल में शामिल तीन भारतीय सुरक्षित हैं। मंत्रालय ने इस घटना में रोमानियाई अधिकारियों की तेज कार्रवाई के लिए उनका आभार भी जताया। भारत ने एक बार फिर कहा कि जारी संघर्षों को खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।