यूपी के श्रावस्ती में अजय कुमार शुक्ला उर्फ मुरखैली ने गांव निवासी कुछ लोगों पर जबरन खेत में लगी उनकी धान की फसल काटने व विरोध पर उनके भाई व भतीजे पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। हमले में भाई मदन शुक्ला का हाथ टूट गया और उन्हें सीएचसी में भर्ती करवाया गया। अजय ने नकदी व आभूषण लूटने और फायरिंग का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। इकौना थाना क्षेत्र के पूर्विहवापुरवा गांव निवासी अजय कुमार शुक्ला उर्फ मुरखैली ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मंगलवार को नकाबपोश 20 से 25 लोग उनके खेत में जबरन घुसकर धान की फसल काट रहे थे। जानकारी होने पर उनके भाई मदन मोहन शुक्ल और भतीजा संजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने फसल काटने का विरोध करते हुए इसका कारण पूछा। आरोप है कि इसी बात को लेकर विपक्षियों ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में उनके भाई का हाथ टूट गया और भतीजे को भी गंभीर चोट आई। अजय ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उनके भतीजे के 50 हजार रुपये व सोने की चेन छीन ली। इस दौरान अंधरपुरवा निवासी मनीष पाठक ने फायरिंग भी की। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी परमानंद तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि फायरिंग और रुपये छीनने की जानकारी प्रकाश में नहीं आई है। जांच की जा रही है। सीओ भरत पासवान ने बताया कि फसल काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।